Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    इलाहाबाद हाईकोर्ट ने APO प्री एग्जाम का रिजल्ट रद्द किया:नई मेरिट पर दोबारा मुख्य परीक्षा होगी; 50 हजार अभ्यर्थी हुए थे शामिल

    13 hours ago

    2

    0

    इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपी लोक सेवा आयोग (UPPSC) की सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) भर्ती-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट रद्द कर दिया है। बुधवार को कोर्ट ने आयोग से कहा कि वह दोबारा मेरिट लिस्ट बनाए और नए रिजल्ट के आधार पर मुख्य परीक्षा फिर से कराए। यह आदेश जस्टिस मनीष कुमार निगम की बेंच ने पंकज वर्मा और दो अन्य की याचिका पर दिया। कोर्ट ने कहा कि जनरल यानी ओपन कैटेगरी सिर्फ जनरल वर्ग के लिए नहीं होती। इसमें सभी वर्गों के उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं। अगर किसी OBC, SC या दूसरे आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार के नंबर जनरल कैटेगरी के आखिरी सफल उम्मीदवार से ज्यादा हैं, तो उसे ओपन कैटेगरी में जगह मिलनी चाहिए। इस परीक्षा के लिए 90 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जबकि 50 हजार से ज्यादा ने परीक्षा दी थी। 321 OBC और 43 SC अभ्यर्थियों के नंबर ज्यादा थे सुनवाई के दौरान आयोग ने हलफनामे में स्वीकार किया कि 321 OBC और 43 SC अभ्यर्थियों के नंबर सामान्य श्रेणी के आखिरी सफल अभ्यर्थी से ज्यादा थे। इसके बावजूद उन्हें ओपन कैटेगरी में शामिल नहीं किया गया और अपनी आरक्षित श्रेणी में ही रखा गया। कुछ OBC अभ्यर्थियों ने रिजल्ट में नाम नहीं आने पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि उन्होंने उम्र या दूसरी किसी तरह की छूट नहीं ली थी। इसके बावजूद अधिक नंबर होने पर भी उन्हें सामान्य श्रेणी में जगह नहीं दी गई। दरअसल, आयोग ने 9 जनवरी 2020 को एक कार्यालय आदेश जारी किया था। इसमें व्यवस्था थी कि बिना किसी छूट के परीक्षा देने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सामान्य श्रेणी में केवल अंतिम चयन के समय शामिल किया जाएगा। याचिकाकर्ताओं ने इसी नियम को चुनौती दी थी। दोनों पक्षों ने कोर्ट में क्या दलील दी? याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि सामान्य श्रेणी किसी एक वर्ग का कोटा नहीं है। इसमें सभी वर्गों के अभ्यर्थी मेरिट के आधार पर जगह बना सकते हैं। ज्यादा नंबर पाने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को परीक्षा के हर चरण में ओपन कैटेगरी में शामिल किया जाना चाहिए। वहीं, आयोग की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनूप त्रिवेदी और अधिवक्ता अवनीश त्रिपाठी पेश हुए। राज्य सरकार की ओर से अपर महाधिवक्ता मनीष गोयल और स्थायी अधिवक्ता गौरव सिंह ने पक्ष रखा। आयोग और सरकार ने दलील दी कि प्रारंभिक परीक्षा सिर्फ मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की छंटनी करने के लिए होती है। इसके नंबर अंतिम चयन में नहीं जुड़ते। इसलिए आरक्षित वर्ग के ज्यादा नंबर पाने वाले अभ्यर्थियों को सामान्य श्रेणी में अंतिम चयन के समय ही शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रारंभिक परीक्षा में आरक्षण लागू करने और श्रेणीवार सूची बनाने के आयोग के अधिकार का भी बचाव किया। यह दलील भी दी कि अभ्यर्थियों ने परीक्षा में शामिल होने के बाद चयन प्रक्रिया को चुनौती दी है। कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का दिया हवाला जस्टिस मनीष कुमार निगम ने इंद्रा साहनी, आरके सभरवाल, सौरव यादव और रजत यादव के फैसलों का हवाला दिया। कोर्ट ने कहा कि ओपन कैटेगरी सभी वर्गों के लिए खुली है। इसमें जगह पाने का आधार अभ्यर्थी के नंबर होने चाहिए, न कि उसकी जाति या आरक्षित-अनारक्षित श्रेणी। कोर्ट ने माना कि प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के चरण में ज्यादा नंबर पाने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को उनकी श्रेणी तक सीमित रखना मनमाना है। यह संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 का उल्लंघन है। कोर्ट ने यह भी कहा कि आयोग की व्यवस्था से चयन के शुरुआती चरणों में सामान्य श्रेणी के लिए प्रभावी रूप से 50 प्रतिशत स्थान तय हो रहे थे, जबकि कानून में न्यूनतम आरक्षण का प्रावधान है, अधिकतम का नहीं। हाईकोर्ट ने आयोग के 9 जनवरी 2020 के कार्यालय आदेश को भी रद्द कर दिया। कोर्ट ने कहा कि आयोग के पास इस तरह का नियम बनाने की विधायी क्षमता नहीं थी। भर्ती के हर चरण में पहले मेरिट के आधार पर ओपन कैटेगरी की सूची बनेगी। इसके बाद आरक्षित वर्गों की सूची तैयार होगी। 182 पदों के लिए हुई थी भर्ती यूपीपीएससी ने 16 सितंबर 2025 को एपीओ के 182 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। इनमें 27 पद सामान्य, 67 SC, 9 ST, 61 OBC और 18 EWS वर्ग के लिए थे। भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा 22 मार्च 2026 को हुई थी। इसका रिजल्ट 30 अप्रैल 2026 को घोषित किया गया था, जिसमें 2,856 अभ्यर्थी सफल हुए थे। इसके बाद 28 से 30 जून 2026 तक मुख्य परीक्षा कराई गई। फिर इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू हुई। 28 सितंबर 2026 को हाईकोर्ट ने इंटरव्यू जारी रखने की अनुमति देते हुए अंतिम रिजल्ट घोषित करने पर रोक लगा दी थी। अब कोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट और 9 जनवरी 2020 का कार्यालय आदेश दोनों रद्द कर दिए हैं। आयोग को नए सिरे से मेरिट लिस्ट तैयार करनी होगी। संशोधित रिजल्ट के आधार पर मुख्य परीक्षा दोबारा होगी। इसके बाद ही भर्ती की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
    Click here to Read more
    Prev Article
    वाराणसी स्टेशन पर बच्चों के लिए गेमिंग जोन शुरू:ट्रेन के इंतजार के समय यात्री झूले और ट्रैम्पोलिन का ले सकेंगे मजा
    Next Article
    किसान मसीहा की 125वीं जयंती पर आएंगे PM मोदी:रालोद ने की 7 सदस्यीय आयोजन समिति की घोषणा, 23 दिसंबर को हापुड़ में रैली

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment