Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    विराट और अनुष्का संत प्रेमानंद से मिलने पहुंचे:अक्षय तृतीया पर्व पर सत्संग में शामिल हुए; दोनों की उनसे यह छठी मुलाकात

    11 hours ago

    2

    0

    क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने अक्षय तृतीया पर सोमवार को वृंदावन पहुंचकर संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। दोनों ने प्रेमानंद महाराज का सत्संग भी सुना। संत से उनकी यह छठी मुलाकात थी। IPL के बिजी शेड्यूल के बीच विराट और अनुष्का रविवार देर शाम वृंदावन पहुंचे थे। दोनों होटल रेडिसन में ठहरे थे। सोमवार सुबह करीब 6 बजे वे संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम केलीकुंज पहुंचे। आश्रम में करीब ढाई घंटे रुकने के बाद दोनों होटल गए, जहां से सुबह करीब 10 बजे संत प्रेमानंद महाराज के गुरु संत हित गौरांगी शरण महाराज के वराह घाट स्थित आश्रम पहुंचे। यहां दर्शन कर फिर होटल लौटे और करीब 11 बजे रवाना हो गए। विराट-अनुष्का ने जमीन पर बैठकर सत्संग सुना आश्रम में विराट और अनुष्का बेहद साधारण वेशभूषा और सादगी भरे अंदाज में नजर आए। बिना किसी वीआईपी तामझाम के दोनों ने आम श्रद्धालुओं की तरह जमीन पर बैठकर काफी देर तक सत्संग सुना। दोनों शांत रहे और कोई सवाल नहीं पूछा। सत्संग में आए बाकी लोगों ने संत प्रेमानंद से सवाल पूछे, जिनके जवाब विराट-अनुष्का ने सुने। प्रेमानंद जी महाराज ने निर्मल मन और भक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया- शुद्ध अंतःकरण ही ईश्वर प्राप्ति का एकमात्र मार्ग है। सत्संग के 3 सवाल और संत प्रेमानंद के जवाब सवाल-1: गुरुदेव भगवान ने मांग की है, ‘निर्मल मन जन सो मोहि पावा, मोहि कपट छल छिद्र न भावा’। गुरुदेव क्या केवल निर्मल मन हो जाने से भगवान की प्राप्ति हो जाएगी और निर्मल मन कैसे होता है? जवाब: निर्मल मन होने पर भगवान की प्राप्ति नहीं, निर्मल मन ही भगवान हो जाएगा। इन्द्रियाणां मनश्चास्मि, इंद्रियों में मैं मन हूं। भगवान श्री कृष्ण कहते हैं, जब दर्पण मलीन होता है तो हमें उसमें कुछ दिखाई नहीं देता। लेकिन जैसे ही दर्पण साफ हुआ तो अपना प्रतिबिंब दिखाई देने लगता है। ऐसे जहां निर्मल मन हुआ तो उसी निर्मल मन में भगवान विराजमान हैं। योग, कर्म योग, भक्ति योग, अष्टांग योग ये सब मन को निर्मल करने का साधन है। ऋषि मुनियों से, साधु महात्माओं से मिलो। उनकी शरण में जाओ। उनके बताए हुए साधन को करो। आपका मन धीरे-धीरे निर्मल होने लगेगा। सवाल-2: महराज जी, ‘हूं तो नीच सवन नीचनि में, अब तुम ही आन ढरो री, कब हूं तो श्री लाडली ऐसी कृपा करो री’ यह पंक्ति हमें भीतर तक विचलित कर देती है। जवाब: जब भक्ति का रंग चढ़ता है, तो अहंकार नष्ट हो जाता है। हर जीव में महानता दिखाई देने लगती है, जबकि अपने अंदर केवल नीचता दिखाई देती है। सूरदास जी महाराज जैसे महान संतों का उदाहरण भी यही दर्शाता है कि जब वे भगवान के समक्ष पद गाते हैं। स्वयं भगवान भी भावविभोर होकर “वाह-वाह, और सुनाओ” कहते हैं। उनकी रचनाओं में भक्ति का ऐसा रस है कि भगवान भी उसकी अनुभूति करते हैं। भक्त की विशेषता यही है कि वह स्वयं को सबसे तुच्छ मानता है और हर जीव में भगवान का स्वरूप देखता है। यह भक्ति का वास्तविक रंग है। यदि किसी में अपने गुणों का अहंकार और दूसरों में दोष देखने की प्रवृत्ति हो, तो वह सांसारिक व्यक्ति है, भक्त नहीं। सवाल-3: हमारा मन निर्मल हो रहा है। महाराज जी, इसकी कोई पहचान है? जवाब: हां, जब विषयों के प्रति प्रियता धीरे-धीरे समाप्त होने लगे, तो समझ लेना चाहिए कि यह मन के निर्मल होने का संकेत हैं। जब सब विषय-विलास से वैराग्य उत्पन्न हो जाए, तभी जीव वास्तव में जागृत होता है। जब हम पर सत्संग का प्रभाव पड़ने लगे और विषयों की प्रियता अच्छी न लगे, मान-सम्मान अच्छा न लगे, भीड़ और जय-जयकार आकर्षित न करें, तब यह समझना चाहिए कि मन में परिवर्तन हो रहा है। ऐसी अवस्था में व्यक्ति एकांत में रहना पसंद करने लगता है। उसे किसी के जानने या पहचानने की इच्छा नहीं रहती। वह केवल “राधा-राधा” का जप करना चाहता है और प्रभु के लिए भाव-विभोर होकर रोने लगता है। जब ऐसा जीवन जीने की इच्छा उत्पन्न होने लगे, तो समझना चाहिए कि यह भगवान और गुरु की विशेष कृपा है। यह आश्चर्य की बात है कि जिन भोग-विलासों के लिए लोग परेशान रहते हैं, उनके प्रति स्वयं ही त्याग का भाव उत्पन्न होने लगता है, और व्यक्ति यह निश्चय कर लेता है कि वह अब इन भोगों का सेवन नहीं करेगा। यह सब साधु-संगति का फल है और भगवान की असीम कृपा का परिणाम है। जब विषय-विलास से वैराग्य उत्पन्न होने लगे, तो समझ लेना चाहिए कि जीव सचेत हो गया है। ऐसे व्यक्ति के पास सभी भोग उपलब्ध होने के बावजूद भी वह उनमें रुचि नहीं लेता। उसका मन निरंतर एकांत की ओर आकर्षित होने लगता है। यही संतों की कृपा है, यही गुरु-कृपा है और यही अध्यात्म का वास्तविक रंग है, जो मनुष्य को संसारिक आसक्तियों से हटाकर भगवान की ओर प्रवृत्त करता है। IPL के बीच ब्रेक लेकर वृंदावन पहुंचे थे विराट-अनुष्का आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेल रहे विराट कोहली ने व्यस्त शेड्यूल के बीच वृंदावन पहुंचे थे। हाल ही में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 13 गेंदों में 19 रन बनाए थे। आगामी मैच गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने से पहले मिले ब्रेक का उन्होंने आध्यात्मिक यात्रा के लिए उपयोग किया। जैसे ही विराट कोहली के वृंदावन पहुंचने की खबर शहर में फैली, उनके प्रशंसकों की भारी भीड़ आश्रम के बाहर जमा हो गई। अपने पसंदीदा खिलाड़ी और अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए लोग घंटों सड़कों पर इंतजार करते दिखे। छठवीं बार प्रेमानंद से मिलने पहुंचे विराट और अनुष्का विराट और अनुष्का ने अब तक 6 बार संत प्रेमानंद से मुलाकात की है। पहली बार 4 जनवरी, 2023 को दोनों संत प्रेमानंद से मिले थे। बीते 16 महीने में दोनों की यह 5वीं मुलाकात है। 16 फरवरी को बेटे अकाय के जन्मदिन के बाद भी दोनों यहां आए थे। साल 2025 में भी यह कपल तीन बार आश्रम पहुंचा था, जनवरी में बच्चों के साथ, मई में और फिर दिसंबर में। 4 जनवरी, 2023 को पहली बार प्रेमानंदजी से मिलने पहुंचे थे विराट-अनुष्का 4 जनवरी, 2023 को पहली बार प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे। दोनों सत्संग में शामिल हुए और महाराज जी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान प्रेमानंदजी ने सीख दी कि जीवन में विपरीतता या कष्ट आना ईश्वर की कृपा का संकेत है। ऐसे समय में ईश्वर का नाम जपते रहना चाहिए। जीवन में यश और प्रसिद्धि की भावना को त्यागकर आंतरिक चिंतन में बदलाव लाना चाहिए। ------------------------------------------- विराट कोहली से जुड़ी हुई ये खबर भी पढ़ें- कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट 6 घंटे बंद रहा , सर्च करने पर लिखा आ रहा था- प्रोफाइल उपलब्ध नहीं विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट गुरुवार रात अचानक बंद हो गया था, जो करीब 6 घंटे बाद फिर से दिखाई देने लगा है। इस दौरान सर्च करने पर उनकी प्रोफाइल नहीं दिख रही थी और डायरेक्ट लिंक से भी अकाउंट नहीं खुल रहा था। पढ़ें पूरी खबर
    Click here to Read more
    Prev Article
    रिपोर्ट-अमेरिकी एयरक्राफ्ट गिरने पर भड़क गए थे ट्रम्प:घंटों चिल्लाते रहे, अधिकारियों ने वॉर रूम ब्रीफिंग्स से बाहर रखा; व्हाइट हाउस ने रिपोर्ट खारिज की
    Next Article
    सपा-कांग्रेस का झंडा फूंकने पर अपर्णा यादव से नाराज भाजपा:बिना भीड़ के प्रदर्शन करने पहुंची थीं; अखिलेश ने तंज कसा था

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment