Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    15 October के इतिहास में APJ Abdul Kalam का जन्म और JRD Tata की पहली उड़ान दर्ज

    2 hours from now

    1

    0

    इतिहास में 15 अक्टूबर की तारीख भारत के मिसाइल और परमाणु हथियार कार्यक्रम को फौलादी और अभेद्य बनाने वाले पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के जन्मदिन के तौर पर दर्ज है। बेहद सहज और सरल व्यक्तित्व वाले मृदुभाषी कलाम की रहनुमाई में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने सबसे घातक और मारक हथियार प्रणालियों का देश में विकास किया। 15 अक्टूबर 1931 को जन्मे कलाम देश के युवाओं को देश की सच्ची पूंजी मानते थे और बच्चों को हमेशा बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करते थे। 15 अक्टूबर, 1932 की रोमांचक सुबह में सफेद पतलून और आधी बाजू की कमीज पहने जेआरडी टाटा ने हाथ में केवल धूप का रंगीन चश्मा और एक पैमाना (स्लाइड रूल) लेकर कराची से बॉम्बे जाने वाले सिंगल इंजन के ‘पस मोथ’ विमान में उड़ान भरी। विमान में 25 किलोग्राम हवाई डाक थी और साथ ही उसके पंखों पर एक नया इतिहास लिखा जा रहा था। भारत की पहली वाणिज्यिक उड़ान के 15 अक्टूबर 2026 को 94 साल पूरे हो गए। महज 28 वर्ष की उम्र में टाटा ने करीब 90 साल पहले जुहू में आज ही के दिन उतरकर अविभाजित भारत के विमानन क्षेत्र में इतिहास लिख दिया था। यह घटना बाद में वर्ष 1946 में प्रतिष्ठित एयर इंडिया की आधारशिला साबित होने वाली थी। टाटा समूह ने 1932 में टाटा विमानन सेवा शुरू करने के लिए दो लाख रुपये निवेश किए थे। 1953 में जब तत्कालीन जवाहरलाल नेहरू सरकार ने एयर इंडिया का राष्ट्रीयकरण किया तो जेआरडी ने इस कदम का पुरजोर विरोध किया था।देश-दुनिया के इतिहास में आज की तारीख में दर्ज प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1240 : दिल्ली सल्तनत पर 1236 ई० से 1240 ई० तक शासन करने वाली रज़िया सुल्तान का निधन। 1918 : शिरडी के साईं बाबा ने शरीर त्यागा। 1931 : पूर्व राष्ट्रपति एवं मिसाइलमैन एपीजे अब्दुल कलाम का जन्म। 1932 : टाटा समूह ने पहली एयरलाइन की शुरुआत की। इसका नाम ‘टाटा संस लिमिटेड’ रखा गया। 1951 : अमेरिकी टेलीविजन के हास्य धारावाहिक ‘आई लव लूसी’ का प्रसारण शुरू। इसमें लूसी बॉल और उनके पति डेसी एरनाज ने प्रमुख भूमिकाएं निभाईं। यह धारावाहिक दुनियाभर में खूब देखा और सराहा गया। 1969 : सोमालिया के राष्ट्रपति कैब्दीराशिद केली शेरमार्के की हत्या। 1987 : बुर्किना फासो में सैनिक विद्रोह में शासन प्रमुख थामस संकारा का तख्ता पलट करने के बाद उनकी और उनके कुछ समर्थकों की हत्या की गई। 1988 : उज्ज्वला पाटिल एक नौका में दुनिया की यात्रा करने वाली पहली एशियाई महिला बनीं। 1993 : दक्षिण अफ्रीका के नेता नेल्सन मंडेला और एफ डब्ल्यू क्लार्क को रंगभेद को शांतिपूर्ण ढंग से खत्म करने और नये लोकतांत्रिक दक्षिण अफ्रीका की नींव रखने पर शांति के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया। 2003 : अंतरिक्ष में मानवयुक्त यान भेजने वाला चीन तीसरा देश बना। 2009 : पाकिस्तान के लाहौर शहर में तीन अलग-अलग जगहों पर हुए समन्वित आतंकवादी हमलों में 38 लोग मारे गए थे और दर्जनों घायल हुए थे। 2013 : फिलीपीन में 7.2 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से भारी तबाही हुई, जिसमें 215 से अधिक लोगों की मौत हो गई और 1000 से अधिक घायल हो गए। 2016 : वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के राजघाट पुल पर एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ में 25 लोगों की मौत हुई थी और 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। 2020 : भारत की प्रथम ऑस्कर विजेता कॉस्ट्यूम डिजाइनर भानु अथैया का निधन। 2021 : अफगानिस्तान के कंधार प्रांत की शिया मस्जिद ‘फातिमिया’ में आत्मघाती हमला, 47 की मौत। 2022 : तुर्किये में काला सागर के तटीय प्रांत बार्टिन के अमासरा शहर में कोयला खदान में विस्फोट से 40 लोगों की मौत। 2023 : अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने काराबाख की राजधानी में अपने देश का झंडा फहराया। 2025 : इंडोनेशिया के बाटम द्वीप पर एक शिपयार्ड में कच्चे पाम तेल के टैंकर में आग लगने के बाद हुए तेज विस्फोट से 10 लोगों की मौत हो गई और 21 अन्य घायल हो गए।
    Click here to Read more
    Prev Article
    Caller ID Mandatory India | अब अनजान नंबरों से कॉल्स का झंझट खत्म! 1 नवंबर से फोन स्क्रीन पर दिखेगा कॉलर का असली नाम, सरकार का बड़ा फैसला
    Next Article
    यौन उत्पीड़न के आरोपी कांग्रेस सांसद Bimol Akoijam पर कार्रवाई के लिए Om Birla से मिलेंगी BJP सांसद

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment