Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    Amarnath Yatra 2026: Amit Shah ने की सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा, बनाया गया अभेद्य सुरक्षा घेरा, घाटी से लेकर पहाड़ों तक हाई अलर्ट

    17 hours ago

    1

    0

    अमरनाथ यात्रा को लेकर केंद्र सरकार इस बार पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। यात्रा के दौरान सुरक्षा, निगरानी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक हुई, जिसमें जम्मू-कश्मीर प्रशासन, केंद्रीय सुरक्षा बलों, खुफिया एजेंसियों और कई मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में साफ संदेश दिया गया कि यात्रा के दौरान सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर विभाग मिलकर समन्वय के साथ काम करेगा।गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने सभी सुरक्षा और नागरिक एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए कि विभागीय तालमेल में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। हम आपको बता दें कि इस बार यात्रा केवल पारंपरिक सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आधुनिक तकनीक, त्वरित खुफिया समन्वय और जमीनी निगरानी के संयुक्त ढांचे पर आधारित होगी।इसे भी पढ़ें: Prabhasakshi NewsRoom: अब Punjab फतह के मिशन में जुटे Amit Shah, दिल्ली में BJP की बड़ी रणनीतिक बैठक में बना प्लानबैठक में सबसे अधिक जोर बहुस्तरीय अभेद्य सुरक्षा घेरा तैयार करने पर दिया गया। जम्मू-कश्मीर पुलिस, केंद्रीय बलों, सेना और विशेष आतंकवाद विरोधी इकाइयों को एकीकृत अभियान प्रणाली के तहत काम करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा मार्गों, आधार शिविरों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बलों की तैनाती होगी। चौबीसों घंटे गश्त, कड़ी वाहन जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के लिए विशेष नियंत्रण प्रणाली विकसित की जा रही है। उद्देश्य साफ है कि किसी भी खतरे को जन्म लेने से पहले ही कुचल देना।तकनीकी निगरानी इस बार सुरक्षा रणनीति का सबसे मजबूत स्तंभ बनने जा रही है। यात्रा मार्गों और शिविरों पर व्यापक स्तर पर कैमरा नेटवर्क लगाया जाएगा। ड्रोन के जरिये ऊंचाई वाले कठिन इलाकों, संकरे मार्गों और संवेदनशील बिंदुओं पर लगातार नजर रखी जाएगी। नियंत्रण कक्षों को लाइव वीडियो फीड मिलेगी, जिससे किसी भी संदिग्ध हलचल या आपात स्थिति पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके। सुरक्षा एजेंसियों के बीच वास्तविक समय में सूचना साझा करने के लिए विशेष संचार प्रणाली भी स्थापित की जाएगी।जमीनी जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को सीधे यात्रा मार्गों और प्रमुख शिविरों पर तैनात रहने का फैसला लिया गया है। ये अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन अभ्यास और यात्री सहायता केंद्रों की निगरानी करेंगे। सरकार का मानना है कि शीर्ष नेतृत्व की सीधी मौजूदगी से निर्णय प्रक्रिया तेज होगी और किसी भी संकट की स्थिति में तत्काल कार्रवाई संभव हो सकेगी।हालांकि सरकार का फोकस केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य प्रबंधन पर भी विस्तृत चर्चा हुई। पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। स्वच्छ पेयजल, अस्थायी आवास, बिजली और साफ सफाई की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। ऊंचाई वाले कठिन मार्गों को देखते हुए विशेष चिकित्सकीय शिविर लगाए जाएंगे, जहां आक्सीजन सुविधा, गंभीर चिकित्सा सहायता, विशेषज्ञ चिकित्सक और आपातकालीन वाहन चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगे।हिमालयी क्षेत्र के अनिश्चित मौसम और भौगोलिक जोखिमों को देखते हुए आपदा प्रबंधन व्यवस्था को भी युद्धस्तर पर मजबूत किया जा रहा है। राष्ट्रीय और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बलों को हर समय उच्च सतर्कता पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। अचानक बाढ़, बादल फटने या भूस्खलन जैसी स्थितियों से निपटने के लिए राहत सामग्री, भारी मशीनें, संचार उपकरण और बचाव संसाधन पहले से संवेदनशील स्थानों पर तैनात किए जाएंगे ताकि आपात निकासी अभियान बिना बाधा जारी रह सके।साथ ही इस बार स्थानीय सेवा प्रदाताओं पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। घोड़ा संचालकों, कुलियों और अन्य श्रमिकों का अनिवार्य पंजीकरण होगा और उन्हें क्यूआर कोड आधारित पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। इससे सुरक्षा एजेंसियां जांच चौकियों पर तुरंत पहचान सत्यापित कर सकेंगी। साथ ही यात्रा में इस्तेमाल होने वाले घोड़ों और खच्चरों की स्वास्थ्य जांच के लिए विशेष पशु चिकित्सा केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे ताकि पशु कल्याण और यातायात प्रबंधन दोनों सुनिश्चित हो सकें।मौसम आधारित संचालन व्यवस्था को भी यात्रा प्रबंधन का अनिवार्य हिस्सा बनाया गया है। मौसम विभाग से मिलने वाले ताजा पूर्वानुमानों के आधार पर ही यात्रियों के जत्थों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी। यदि खराब मौसम के संकेत मिलते हैं तो किसी भी दल को ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर नहीं भेजा जाएगा। इससे मौसम जनित हादसों और भीड़ नियंत्रण की समस्याओं को काफी हद तक रोका जा सकेगा।सरकार ने सुरक्षा दायरे को केवल अमरनाथ मार्ग तक सीमित नहीं रखा है। घाटी के प्रमुख पर्यटन स्थलों, यातायात केंद्रों, होटल क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। हर साल हजारों श्रद्धालु यात्रा के साथ कश्मीर के अन्य पर्यटन स्थलों का भी रुख करते हैं। ऐसे में सरकार नहीं चाहती कि कहीं भी असुरक्षा की भावना पैदा हो।बहरहाल, स्पष्ट है कि अमरनाथ यात्रा को लेकर केंद्र सरकार इस बार केवल परंपरागत इंतजामों पर निर्भर नहीं है। सुरक्षा, तकनीक, आपदा प्रबंधन और यात्री सुविधा के समन्वित मॉडल के जरिये ऐसा ढांचा खड़ा किया जा रहा है, जिसका मकसद केवल यात्रा कराना नहीं बल्कि हर श्रद्धालु को भरोसे, सुरक्षा और व्यवस्था का मजबूत अनुभव देना है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    दिल्ली में बिजली बिल का बड़ा 'झटका': DERC ने दी मंज़ूरी, जुलाई से बढ़ेगी कीमतें
    Next Article
    अमेरिका की नाकेबंदी का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, भारत के विरोध के बाद रूबियो ने किया साफ

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment