Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    लखीमपुर में महिला को घर से खींच ले गया तेंदुआ:खेत में ले जाकर आधी गर्दन खाई, आधे घंटे बाद 50 मीटर दूर मिला शव; शोर मचाने पर लाश छोड़कर भागा

    2 hours ago

    2

    0

    लखीमपुर खीरी में शनिवार-रविवार देर रात तेंदुए ने एक महिला को मार डाला। महिला घर के बाहर मच्छरदानी लगाकर चारपाई पर सो रही थी। तभी घात लगाकर बैठे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया और महिला को उठाकर ले गया। पति व ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए पीछा किया, लेकिन तेंदुआ महिला को लेकर भाग निकला। करीब आधे घंटे बाद महिला का शव घर से 50 मीटर दूर खेत में मिला। तेंदुआ महिला की गर्दन बुरी तरह नोच चुका था। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर सिंगाही पुलिस मौके पर पहुंची। देखिए तस्वीरें… अब जानिए पूरा मामला चारपाई पर सोते वक्त किया हमला सिंगाही थाना क्षेत्र के साहिंजना गांव निवासी माता प्रसाद (35) खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में पत्नी संध्या देवी (32) और तीन वर्षीय बेटा गोलू है। शनिवार रात माता प्रसाद घर के पास बने बंगले में मिट्टी पटाई का काम कर रहे थे। वहीं उनकी पत्नी बच्चे को खाना खिलाकर घर के बाहर चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सोने चली गईं। देर रात अचानक झाड़ियों से तेंदुआ निकला और महिला पर हमला कर दिया। पति कुछ समझ पाते, उससे पहले ही तेंदुआ महिला को जबड़ों में दबाकर घसीटते हुए ले गया। आधे घंटे बाद झाड़ियों में मिला शव घटना के बाद पति और ग्रामीण शोर मचाते हुए पीछे दौड़े। उन्होंने महिला को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेंदुआ नहीं रुका। वह महिला को जबड़े में दबाकर घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। कुछ ही पलों में वह अंधेरे में आंखों से ओझल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के साथ मिलकर तलाश शुरू की गई। काफी देर तक खेतों, मेड़ों और आसपास की झाड़ियों में सर्च ऑपरेशन चला। करीब आधे घंटे बाद महिला का शव झाड़ियों में पड़ा मिला। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत था और तेंदुआ गर्दन नोच चुका था। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शव रखकर किया प्रदर्शन घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने महिला का शव मौके पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप था कि इलाके में पहले से तेंदुए की हलचल की जानकारी देने के बावजूद समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने नहीं दिया और मौके पर ही धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि जब तक तेंदुए को पकड़ा नहीं जाएगा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाएंगे, तब तक शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जाएगा। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे। रेंजर को दौड़ाया, पुलिस ने बचाया उत्तर निघासन वन रेंज के रेंजर भूपेंद्र सिंह जब घटनास्थल पर पहुंचे तो आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को दौड़ा लिया। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षा घेरा बनाकर रेंजर को सुरक्षित बाहर निकाला। वन विभाग के एसडीओ मनोज तिवारी ने बताया- "तेंदुए के हमले में महिला की मौत हुई है। रेंज स्टाफ मौके पर तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द पिंजरा लगाया जाएगा।" पति ने सुनाई हमले की कहानी पति माता प्रसाद ने बताया कि उनकी पत्नी घर के बरामदे में मच्छरदानी लगाकर चारपाई पर सो रही थीं। रात का समय था और परिवार के लोग घर के अंदर मौजूद थे। तभी अचानक तेंदुआ आया और उनकी पत्नी को चारपाई से घसीटकर ले गया। जब तक वह कुछ समझ पाते, तेंदुआ उन्हें दूर तक खींच ले गया। पड़ोसी ने बताया कैसे उठा ले गया तेंदुआ पड़ोसी भानू मौर्य ने बताया कि महिला मच्छरदानी लगाकर चारपाई पर सो रही थी। तभी अचानक तेंदुआ वहां पहुंचा और महिला को चारपाई से खींच ले गया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक तेंदुआ महिला को काफी दूर ले जा चुका था। गांव में दहशत का माहौल घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। लोग रात में घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं और कई परिवारों ने खुले में सोना बंद कर दिया है। महिलाएं और बच्चे ज्यादा सहमे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पहले भी तेंदुए की हलचल देखी गई थी, लेकिन समय रहते वन विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। लोगों का आरोप है कि अगर पहले कदम उठाए जाते तो यह घटना टाली जा सकती थी। गांव छावनी में तब्दील हंगामे के बाद गांव छावनी में तब्दील हो गया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एहतियातन निघासन, सिंगाही, तिकुनिया, पढ़ुआ समेत पांच थानों की पुलिस गांव में लगाई गई है। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। सिंगाही थाना प्रभारी दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त फोर्स बुलाकर तैनात की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। एसडीएम राजीव निगम मौके पर पहुंचे स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राजीव निगम और सीओ शिवम कुमार भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की। अधिकारियों ने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया, साथ ही पुलिस और वन विभाग को जरूरी निर्देश भी दिए। एक महीने में तीन की जान ले चुका तेंदुआ ग्रामीणों के अनुसार, इलाके में पिछले एक महीने से तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गांवों और खेतों के आसपास तेंदुए की लगातार हलचल देखी जा रही है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। अब तक तेंदुए के हमलों में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीण रात में घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। लोग खेतों में काम करने और बच्चों को अकेले बाहर भेजने से भी घबराने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार सूचना देने के बावजूद वन विभाग ने समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण तेंदुए के हमले लगातार बढ़ते गए। 25 मार्च की घटना सिंगाही थाना क्षेत्र के फुटहा फार्म में शाम करीब 7 बजे किसान जोगा सिंह की सात वर्षीय बेटी सिमरन घर में रोटी खा रही थी। तभी तेंदुआ घर में घुस आया और बच्ची की गर्दन दबोचकर करीब 200 मीटर दूर खेत में ले गया। परिजनों के शोर मचाने पर तेंदुआ बच्ची को छोड़कर भाग गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। 18 अप्रैल की घटना निबौरिया गांव के पास नया पुरवा निवासी उम्मेद अली अपनी पत्नी के साथ खेत में गेहूं काट रहे थे। इसी दौरान पास में खेल रहे उनके चार वर्षीय बेटे दिलशाद को तेंदुआ आंखों के सामने उठाकर ले गया। देर रात करीब 1 बजे बच्चे का अधखाया शव मिला। अब महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है और लोग तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग कर रहे हैं। --------------------------------------- ये खबर भी पढ़ें... बेटी की शादी कराके लौट रहे मां-बाप-भाई की मौत:दो ड्राइवर, पालतू कुत्ते की भी जान गई; मऊ में ट्रेलर से टकराई स्कॉर्पियो यूपी के मऊ में शनिवार तड़के भीषण सड़क हादसे में मां-बाप-भाई समेत 5 लोगों की मौत हो गई। परिवार रांची में बेटी की शादी कराके स्कॉपियो से गोरखपुर लौट रहा था। तड़के 3 बजे हाईवे पर अचानक स्कॉर्पियो बेकाबू हो गई। डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में चली गई। सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। पढ़ें पूरी खबर
    Click here to Read more
    Prev Article
    चीन के चौथे एयरक्राफ्ट कैरियर ने बढ़ाई दुनिया की टेंशन, नौसेना ने जारी किया वीडियो
    Next Article
    लखनऊ विकास प्राधिकरण का अवैध निर्माण पर कार्रवाई:गोसाईंगंज में 2 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, अलग अलग क्षेत्र में 4 अवैध व्यावसायिक निर्माण सील

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment