Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    मेरठ में लगेगा बॉल बेवरेज का तीसरा प्लांट:कंपनी प्रेसिडेंट बोलीं- इससे उत्तर भारत के ग्राहकों तक पहुंचना होगा आसान

    5 hours ago

    1

    0

    मेरठ में बुधवार को 2,913 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली एल्युमीनियम बेवरेज कैन निर्माण इकाई का शिलान्यास हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से परियोजना की आधारशिला रखी। बॉल कॉर्पोरेशन गंगा एक्सप्रेसवे के पास आईएमएलसी (इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर) में यह फैक्ट्री लगाएगी। करीब 1.60 लाख वर्ग मीटर जमीन पर बनने वाले इस प्लांट में दो प्रोडक्शन लाइन होंगी। कंपनी की योजना 2029 तक यहां उत्पादन शुरू करने की है। भारत में यह कंपनी का तीसरा प्लांट होगा। इससे पहले महाराष्ट्र के तलोजा और आंध्र प्रदेश के श्री सिटी में कंपनी की इकाइयां चल रही हैं। कार्यक्रम में औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, सांसद अरुण गोविल सहित कंपनी के अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कंपनी के मुताबिक, इस प्लांट में अलग-अलग पेय पदार्थों के लिए एल्युमीनियम कैन तैयार किए जाएंगे। इससे उत्तर भारत के ग्राहकों तक कैन पहुंचाना आसान होगा। साथ ही ट्रांसपोर्ट, वेयरहाउसिंग, सप्लायर और दूसरे जुड़े कारोबारों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। प्रेसवार्ता में बोले अधिकारी- ग्राहकों के करीब पहुंचना मकसद कार्यक्रम के बाद हुई प्रेसवार्ता में बॉल की एशिया के रीजनल कमर्शियल डायरेक्टर मनीष जोशी ने कहा कि कंपनी का मुख्य उद्देश्य अपने ग्राहकों को बेहतर सेवा देना है। इसके लिए ग्राहकों तक उनके प्लांट के पास ही कैन उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने बताया कि कंपनी के उत्तर, पश्चिम और दक्षिण भारत में पहले से प्लांट हैं। मेरठ में नई यूनिट लगने से उत्तर भारत में कंपनी का नेटवर्क और मजबूत होगा। मनीष जोशी ने कहा कि भारत में एल्युमीनियम कैन का बाजार अभी शुरुआती दौर में है। पैक्ड ड्रिंक्स की कुल बिक्री में कैन की हिस्सेदारी फिलहाल करीब 3 प्रतिशत ही है। ऐसे में आने वाले समय में इस बाजार के बढ़ने की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि कैन का वजन हल्का होता है, लेकिन आकार ज्यादा जगह घेरता है। इस वजह से खाली कैन को दूर तक भेजने में ट्रांसपोर्ट का खर्च बढ़ जाता है। मेरठ में उत्पादन शुरू होने से ग्राहकों को उनके नजदीक कैन मिल सकेंगे। इससे ढुलाई का खर्च कम होगा और कंपनी ग्राहकों को बेहतर तरीके से सेवा दे पाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। मेरठ इस पूरे क्षेत्र के ग्राहकों तक पहुंचने के लिए सही जगह है। इस परियोजना को आगे बढ़ाने में यूपी इन्वेस्ट, यूपीईआईडीए और उत्तर प्रदेश सरकार का सहयोग मिला है। कंपनी बोली- 2030 तक दोगुना हो सकता है कैन का बाजार बॉल कॉर्पोरेशन की ईएमईए और एशिया की प्रेसिडेंट मैंडी ग्लू ने प्रेसवार्ता में कहा कि कंपनी भारत में पिछले 10 साल से काम कर रही है और आने वाले कई दशकों तक यहां अपनी मौजूदगी बनाए रखने की योजना है। मेरठ में 300 मिलियन अमेरिकी डॉलर के निवेश से दो लाइन वाला प्लांट लगाया जा रहा है। यह भारत में कंपनी की तीसरी इकाई होगी। उन्होंने कहा कि भारतीय बाजार में कंपनी का भरोसा मजबूत है। अभी देश में करीब 6 अरब कैन यूनिट का बाजार है, जिसके 2030 तक बढ़कर करीब 12 अरब यूनिट होने की उम्मीद है। मैंडी ग्लू ने कहा कि मेरठ में प्लांट शुरू होने के बाद उत्तर भारत में कंपनी का नेटवर्क और मजबूत होगा। देश में तीनों प्लांट के माध्यम से ग्राहकों को बेहतर सप्लाई दी जा सकेगी। कंपनी के दुनियाभर में 65 प्लांट हैं और मेरठ की नई इकाई भी इसी वैश्विक नेटवर्क का हिस्सा बनेगी। कई तरह के पेय पदार्थों के लिए बनेंगे कैन कंपनी के मुताबिक, इस प्लांट में सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस, एनर्जी ड्रिंक्स, बीयर, रेडी-टू-ड्रिंक कॉफी और फ्लेवर्ड मिल्क जैसे पेय पदार्थों के लिए कैन तैयार किए जाएंगे। कंपनी ऐसे उत्पादों के लिए विशेष हीट ट्रीटेड यानी रिटॉर्ट कैन भी उपलब्ध कराती है, जिनमें फ्लेवर्ड मिल्क, मिल्कशेक और कॉफी शामिल हैं। इससे इन उत्पादों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद मिलती है। बॉल ने वर्ष 2016 में भारत में कारोबार शुरू किया था। इसके बाद तलोजा और श्री सिटी में प्लांट लगाकर देश के अलग-अलग हिस्सों में ग्राहकों को सेवाएं देना शुरू किया। कंपनी नए ब्रांड के साथ उन कंपनियों को भी कैन उपलब्ध कराती है, जो पहली बार एल्युमीनियम पैकेजिंग अपना रही हैं। इसमें कैन के डिजाइन से लेकर फिलिंग लाइन तक की जरूरतें शामिल हैं। रीसाइक्लिंग में भी एल्युमीनियम के फायदे बताए कंपनी ने एल्युमीनियम कैन को पर्यावरण के लिहाज से भी उपयोगी बताया। इसके मुताबिक, एल्युमीनियम को गुणवत्ता में कमी आए बिना बार-बार रीसाइकिल किया जा सकता है। इसे दोबारा इस्तेमाल करने से नया एल्युमीनियम बनाने की तुलना में करीब 95 प्रतिशत ऊर्जा बचती है। वर्ष 2025 में कंपनी के वैश्विक स्तर पर इस्तेमाल किए गए बेवरेज एल्युमीनियम का 74 प्रतिशत हिस्सा रीसाइकिल धातु से आया था। वहीं, कंपनी की कुल बिजली खपत का 84 प्रतिशत हिस्सा नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से पूरा किया गया। कंपनी का कहना है कि मेरठ प्लांट में भी सुरक्षा, गुणवत्ता और कार्यक्षमता के वैश्विक मानकों का पालन किया जाएगा। निर्माण के दौरान स्थानीय साझेदारों को भी साथ लेकर काम किया जाएगा।
    Click here to Read more
    Prev Article
    बॉल-बेवरेज की फैक्ट्री से मेरठ में खुलेंगे उद्योग के रास्ते:ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में जनप्रतिनिधियों ने कहा- गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
    Next Article
    फीस कटने के बाद भी नहीं भरे परीक्षा फॉर्म:समर्थ पोर्टल में तकनीकी खराबी से छात्र परेशान, कई के खाते से 2-3 बार कटी फीस

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment