Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:चाय पीते ही मौत; चीनी के कातिलों का एनकाउंटर; गैस एजेंसी में मंत्री की रेड; ₹3 करोड़ लॉटरी का विनर मिला

    3 hours ago

    1

    0

    नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर चंडीगढ़ में प्रॉपर्टी डीलर के हत्या के आरोपी शूटरों के एनकाउंटर से जुड़ी रही है। पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने इन्हें हरियाणा के कैथल में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। प्रॉपर्टी डीलर के परिजन इनकी गिरफ्तारी पर अड़े हुए थे। उन्होंने पोस्टमॉर्टम से भी इनकार कर दिया था। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. प्रॉपर्टी डीलर के हत्यारोपियों का एनकाउंटर, AGTF ने गोली मारी चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत नागरा उर्फ चीनी की हत्या करने वाले दोनों आरोपियों को हरियाणा में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ कैथल में हुई। यह कार्रवाई पंजाब एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने की। AGTF के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में टीम ने भी कार्रवाई की। इस दौरान दोनों आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक और हथियार बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजन उर्फ पीयूष पहलवान निवासी फिरोजपुर और प्रीतम शाह निवासी नवांशहर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, राजन कुछ समय पहले मलेशिया से नेपाल के रास्ते अवैध तरीके से भारत लौटा था। दोनों के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। चमनप्रीत का परिवार इनकी गिरफ्तारी तक पोस्टमॉर्टम न कराने पर अड़ा था। (पढ़ें पूरी खबर) 2. तीन करोड़ रुपए की लॉटरी का विनर मिला पंजाब में 3 करोड़ रुपए की लॉटरी जीतने वाला व्यक्ति मिल गया है। यह लॉटरी जालंधर में फिल्लौर के रहने वाले ईंट भट्ठा मालिक मक्खन सिंह ने जीती है। अब उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है। मक्खन सिंह का कहना है कि वे 3 करोड़ रुपए की लॉटरी लगने की खबरें पढ़ रहे थे और टीवी पर सुन रहे थे। हालांकि, उन्हें लगा नहीं था कि यह लॉटरी उनकी है, इसलिए उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। मक्खन सिंह की पत्नी कमलेश कौर बताती हैं- अगले दिन जब हम लॉटरी की दुकान के आगे से निकल रहे थे, तब लॉटरी विक्रेता भाई ने कहा कि आपकी लॉटरी निकली है। दो दिन से आप आए नहीं। यह सुनकर हमारी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। जब हमने अपनी टिकट का नंबर मिलाया तो वह वही था। उन्होंने कहा- भगवान का शुक्र है। अब हम इस पैसे को जरूरत के हिसाब खर्च करेंगे। इसका कुछ हिस्सा सोशल काम में लगाएंगे। बता दें कि 14 मार्च को पंजाब स्टेट लॉटरी विभाग की ओर से घोषित नतीजों में पहला इनाम 3 करोड़ रुपए का लगा, जिसका टिकट नंबर 791016 है। वहीं, दूसरा इनाम 50 लाख रुपए का लगा, जिसका टिकट नंबर B 862817 है। इसके बाद एजेंसी को विनर की तलाश की थी। (पढ़ें पूरी खबर) 3. AAP मंत्री की एजेंसी में रेड, शादी में 6 सिलेंडर देगी सरकार पंजाब में गैस संकट पर AAP सरकार अलर्ट हो गई है। गुरुवार को फूड एवं सिविल सप्लाई मंत्री लालचंद कटारूचक्क ने गैस एजेंसी पर रेड कर दी। मंत्री पठानकोट में तारागढ़ के कस्बा तंगोशाह स्थित दीनानगर गैस एजेंसी पहुंचे। वहां लोग सुबह 4-5 बजे से लाइन में लगे हुए थे। लेकिन 9 बजे तक एजेंसी नहीं खोली गई थी। करीब 400 लोगों को लाइन में खड़े देखकर मंत्री का पारा चढ़ गया। इनमें से कई लोगों को 3 दिन से सिलेंडर नहीं मिला था। मंत्री ने तुरंत पठानकोट के DFSC राज ऋषि मेहरा को फोन लगा दिया। मंत्री ने कहा कि लोग परेशान हैं और एजेंसी का कोई कर्मचारी यहां नहीं है। केवल एक स्टोर कीपर ही मौजूद है। वह भी गोदाम नहीं खोल रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में लोगों की मुश्किलों का मजाक बना रखा है। इनके खिलाफ कार्रवाई करो। मंत्री ने एजेंसी वालों पर कार्रवाई के आदेश दिए। वहीं AAP सरकार ने फैसला किया है कि अब शादी के लिए 5 किलो वाले 6 कमर्शियल सिलेंडर मिलेंगे। शादी से 4 दिन पहले इसकी बुकिंग करानी होगी। वेरिफिकेशन के बाद सिलेंडर जारी किए जाएंगे। बेटियों की शादी को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा कमर्शियल एलपीजी की किल्लत से निपटने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कमेटियों का गठन कर दिया है (पढ़ें पूरी खबर) 4. सिंगर को धमकी, कहा- जितने चाहे गनमैन ले ले, नंबर लगना है पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख को हत्या की धमकी मिली है। बंबीहा गैंग के गैंगस्टर लक्की पटियाल की ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई है। जिसमें कहा गया कि चंडीगढ़ के सेक्टर 9 में जो हत्या की गई है, उसकी वजह से कई लोगों को मिर्ची लगी है। कई लोग कह रहे हैं कि चमनप्रीत सिंह को नाजायज मारा है। यह वही लोग हैं जो इसके साथ क्राइम में पार्टनर हैं और नाजायज तरीके से जमीन पर कब्जा करते हैं। उसने आगे कहा कि अब मनकीरत औलख की बारी है। वह चाहे जितने भी गनमैन ले ले। लेकिन उसका अब नंबर लगना है। बंबीहा गैंग जिस वीडियो से नाराज हुआ, वह भी सामने आया है। यह वीडियो न्यू ईयर पर मोहाली में मनकीरत की परफॉर्मेंस का है। जिसमें प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह भी पहुंचा था। उसके साथ एक यूट्यूबर नरेश खरड़वाला भी था। उसने यह वीडियो शेयर की थी। इस वीडियो में चमनप्रीत मनप्रीत औलख के गानों पर नाच रहा था। इसी से बंबीहा गैंग ने माना कि चमनप्रीत मनकीरत औलख का करीबी है। गैंगस्टर पटियाल ने कहा कि अब मनकीरत औलख के गनमैनों के पीछे छिप रहा है। ये होता मोहाली है। लेकिन स्टोरी दुबई की डालता है। यह न सोचना स्टोरी कही और की डालोगे। 4 गनमैन साथ लेकर बच ही जाओगे। दोनों को इकट्ठे ही मारूंगा। समझ गए (पढ़ें पूरी खबर) 5. 4Kg हेरोइन के साथ सरपंच अरेस्ट, VIP नंबर स्कॉर्पियो में अवैध हथियार भी मिले अमृतसर में पुलिस ने 4 किलो हेरोइन के साथ सरपंच को गिरफ्तार किया है। सरपंच के साथ 2 और साथियों को पकड़ा गया है। इनसे अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं। ये तीनों VIP नंबर की स्कॉर्पियो में हेरोइन लेकर जा रहे थे। सरपंच की गिरफ्तारी का खुलासा होते ही उसके AAP नेताओं के साथ फोटो वायरल होने शुरू हो गए। इनमें अमृतसर के एक हलका इंचार्ज से लेकर स्टेट व नेशनल लेवल के नेता शामिल हैं। हालांकि, अभी तक पार्टी की तरफ से इसे लेकर कुछ नहीं कहा गया है। ASI पलविंदर सिंह के मुताबिक इसके बाद पुलिस की टीम ने OAT सेंटर के पास नाकाबंदी कर ली। इसके बाद वहां स्कॉर्पियो को रोका गया। पुलिस ने जांच की तो स्कॉर्पियो से 4 किलो 300 ग्राम हेरोइन, 30 बोर का पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने हेरोइन, हथियार और स्कॉर्पियो को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फोटो वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि सरपंच AAP के हलका इंचार्ज का करीबी है, जो कुछ समय पहले ही अकाली दल छोड़कर AAP में शामिल हुए हैं। पुलिस की तरफ से भी इस मामले में अभी खुलकर कुछ नहीं कहा जा रहा है। इस वजह से AAP नेताओं के चेहरे नहीं दिखाए जा रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 6. संपत्ति विवाद में बेटे ने पिता को मार डाला, कमरे में मिली लाश लुधियाना में जगराओं के थाना सिधवां बेट के अंतर्गत गांव जंडी में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए घरेलू विवाद में बेटे ने अपने पिता का मर्डर कर दिया। इसके बाद वह भाग गया। दोपहर तक जब घर का दरवाजा नहीं ​खुला तो भाई ने पहुंचकर देखा तो अंदर खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। सूचना पर पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतक हरजिंदर सिंह का काफी समय से उसके बेटे जसकरन और पत्नी से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। मृतक के भतीजे कुलजिंदर सिंह ने बताया कि हरजिंदर सिंह मंगलवार को गांव में चल रहे टूर्नामेंट को देखकर घर लौटे थे। उन्होंने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। बुधवार दोपहर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो लोगों को शक हुआ। कुलजिंदर सिंह सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और दीवार फांदकर अंदर गए, जहां उनके चाचा खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। (पढ़ें पूरी खबर) 7. लुधियाना में बच्चे के हत्यारा दिखा, इस पर 20 हजार रुपए इनाम लुधियाना पुलिस ने 9 साल के बच्चे को किडनैप करने के बाद गला रेतकर हत्या करने वाले आरोपी का वीडियो जारी किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप पर 20 हजार रुपए का इनाम रखा है। हत्यारे के पोस्टर शहर में लगाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी की CCTV फुटेज भी जारी की है। जिसमें वह नीले रंग की टोपी पहनकर इलाके में घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी न तो मोबाइल यूज करता है और न ही किसी के टच में है। इस वजह से उसे पकड़ने में परेशानी आ रही है। आरोपी अजय सिंह लुधियाना के ही कासाबाद का रहने वाला है। बच्चे के मामा ने पुलिस पर आरोप भी लगाए हैं कि वह सही ढंग से कातिल को पकड़ने के लिए कोशिश नहीं कर रही। मृतक बच्चे की मां अनीषा ने बताया था कि उनका बेटा 5 फरवरी को घर के बाहर पतंग उड़ा रहा था और अचानक लापता हो गया। उन्होंने कहा कि बच्चा घर से महज 50 मीटर की दूरी पर खेल रहा था। परिवार का आरोप है कि बच्चे के लापता होने के बाद वे तीन थानों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की। बाद में बच्चे का शव भी घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर ही बरामद हुआ (पढ़ें पूरी खबर) 8. युवक और PCR कर्मचारी भिड़े, बोला- पुलिसवाले ने तू इधर आ कहकर बुलाया चंडीगढ़ में युवक और PCR टीम के बीच झगड़ा हो गया। युवक ने कहा कि वह दवाई लेने आया था। PCR कर्मचारियों ने रॉन्ग पार्किंग का चालान काट दिया। इस दौरान PCR कर्मचारियों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। उसकी कार की चाबी तक निकाल दी गई। इस संबंध में युवक ने चंडीगढ़ के एसएसपी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच करने की मांग की है। युवक अभिषेक भसीन के बताया कि रात करीब 11:30 बजे वह सेक्टर-44 डी मार्केट में दवाई लेने गया था। अपनी कार को मार्केट एरिया में सही तरीके से पार्क किया था। इसी दौरान PCR में मौजूद एक पुलिसकर्मी ने उसे तू इधर आ कहकर बुलाया। जब उसने सम्मानपूर्वक बात की तो पुलिसकर्मी ने सनशेड को लेकर पूछताछ शुरू कर दी और अवैध गतिविधि का आरोप लगाया। उसने तुरंत निर्देश मानते हुए सनशेड हटाना शुरू कर दिए। लेकिन इसके बावजूद पुलिसकर्मी अभद्र व्यवहार करते रहे। इस बीच एक अन्य पुलिसकर्मी ने भी आकर उसे धमकाया और कहा ज्यादा बदमाश न बन, इसे जल्दी उतार। पुलिसकर्मियों ने उससे आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस मांगा। जब उसने बताया कि दस्तावेज डिजिलॉकर एप में उपलब्ध हैं तो उन्होंने इसे मानने से इनकार कर दिया और कहा कि फोन में वैलिड नहीं है। साथ ही उसे क्रिमिनल कहकर अपमानित किया गया। पुलिसकर्मियों ने बिना किसी वैध कारण के उसकी कार की चाबी जबरन ले ली (पढ़ें पूरी खबर) विदेश से… 9. कनाडा ने पंजाबी मूल के दो गैंगस्टर डिपोर्ट किए, रंगदारी मांगते थे कनाडा में रंगदारी और आपराधिक मामलों में शामिल पंजाबी मूल के दो गैंगस्टरों अर्शदीप सिंह व सुखनाज को कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (CBSA) ने डिपोर्ट कर दिया है। CBSA ने साफ कर दिया कि कनाडा में आपराधिक गतिविधियां करने वाले दूसरे देशों के नागरिकों को रहने नहीं दिया जाएगा। CBSA ने 18 मार्च को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस संबंध में जानकारी दी। एजेंसी ने रंगदारी व आपराधिक गतिविधियों में शामिल विदेशी नागरिकों की सूची तैयार की है और अब उन्हें कानून प्रक्रिया अपनाकर डिपोर्ट करना शुरू कर दिया। अब तक 35 अपराधियों को डिपोर्ट किया जा चुका है। एजेंसी ने कहा है कि हाल ही में रंगदारी में शामिल भारतीय मूल के दो युवकों अर्शदीप सिंह व सुखनाज सिंह संधू को कनाडा से डिपोर्ट कर दिया गया है। दोनों पर कनाडा में रंगदारी मांगने व संगठित अपराध में शामिल होने के आरोप थे। (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके… 10. ठंड से बचने के लिए ढाबे पर चाय पीते ही व्यक्ति की मौत जालंधर में ठंड से बचने के लिए सड़क किनारे ढाबे से चाय पीते ही एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक का नाम राजा था। ढाबा संचालक तिलक राज ने बताया कि एक व्यक्ति सुबह उसके पास आया था। उसने चाय मांगी। मैंने चाय बनाकर दे दी। चाय पीते ही वह कहने लगा कि उसे घबराहट हो रही है। यह देखकर उसने तुरंत उसे पानी पिलाया और वहीं बैंच पर लिटा दिया।10 मिनट के करीब वह घबराहट में रहा और इसके बाद उसने दम तोड़ दिया। उसके पास से एक पर्ची मिली है जिस पर राजा नाम लिखा है। ढाबा मालिक ने कहा कि वह उसे नहीं जानता, पहले भी वह कभी ढाबे पर नहीं आया था। इसके बाद पुलिस पहुंची। पुलिस ने कहा कि मरने वाले की उम्र 50 साल से ज्यादा है। उसकी डेडबॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस के मुताबिक उसकी मौत चाय में किसी गड़बड़ी से हुई या फिर हार्ट अटैक या कोई दूसरी वजह रही, इसकी जांच की जा रही है। लाश के पोस्टमॉर्टम के बाद इसके बारे में पुख्ता तौर पर कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों के बयान ले लिए हैं। फिलहाल उसका नाम राजा पता चला है। आसपास के इलाकों में उसके बारे में पता किया जा रहा है। शिनाख्त के लिए उसकी लाश को 72 घंटे सुरक्षित रखा जाएगा। अगर कोई नहीं आया तो पुलिस अपने स्तर पर अंतिम संस्कार करवा देगी (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
    Click here to Read more
    Prev Article
    कारोबारी का बेटा बोला-EV से नहीं लगी आग:इंदौर में इलेक्ट्रिक पोल से निकली चिंगारी, बिजली बंद किए बिना पानी डाला; यही मौतों की वजह
    Next Article
    ₹3 करोड़ का लॉटरी विनर 5वें दिन मिला:पंजाब होली बंपर के विजेता बने; बोले- खबरें पढ़ी, TV पर देखा लेकिन यकीन ही नहीं हो रहा था

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment