Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    वर्ल्ड अपडेट्स:तुर्किये में गोलीबारी का समर्थन करने वाले 162 लोग गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर हत्या की खुशी मनाई थी

    8 hours ago

    2

    0

    तुर्किये में इस हफ्ते दो स्कूलों में हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 162 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों पर आरोप है कि इन्होंने सोशल मीडिया पर गोलीबारी का समर्थन किया और ऐसे पोस्ट किए, जिनसे अपराध और अपराधियों को बढ़ावा मिला। मंगलवार और बुधवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में दो स्कूलों में फायरिंग की घटनाएं हुईं। बुधवार को कहरामनमाराश के आयसेर चालिक सेकेंडरी स्कूल में हुए हमले में 8 छात्रों और एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हुए। घायलों में 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। 14 साल का हमलावर भी इस घटना में मारा गया। इससे एक दिन पहले दे एक हाई स्कूल में भी गोलीबारी हुई थी, जिसमें कम से कम 16 लोग घायल हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… नेपाल में भ्रष्टाचार पर सख्ती, पीएम बालेंद्र शाह ने नेताओं की संपत्ति जांच के लिए पैनल बनाया नेपाल के नए प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए बड़ा कदम उठाया है। उनकी सरकार ने पूर्व और मौजूदा नेताओं व अधिकारियों की संपत्ति की जांच के लिए एक पैनल गठित किया है। इस पांच सदस्यीय पैनल की अगुआई सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज राजेंद्र कुमार भंडारी करेंगे। पैनल का काम नेताओं और अधिकारियों की संपत्ति और परिसंपत्तियों की जांच करना होगा। कैबिनेट प्रवक्ता सस्मित पोखरेल ने बताया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और कानूनी मानकों व सबूतों के आधार पर की जाएगी। पैनल की रिपोर्ट और सिफारिशों को सरकार की संबंधित एजेंसियां लागू करेंगी। हालांकि, अभी तक यह नहीं बताया गया है कि पैनल को जांच पूरी करने के लिए कितनी समयसीमा दी गई है। ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन में 4 लोगों को फांसी की सजा, एक महिला भी शामिल ईरान में जनवरी 2026 के विरोध प्रदर्शनों से जुड़े चार और लोगों को मौत की सजा सुनाई गई है। इनमें बीता हेम्मती नाम की महिला भी शामिल हैं, जिन्हें इस तरह के मामलों में मौत की सजा पाने वाली पहली महिला बताया जा रहा है। मानवाधिकार संगठनों के मुताबिक, तेहरान की रिवोल्यूशनरी कोर्ट ने चारों को दोषी ठहराया। कोर्ट का कहना है कि आरोपियों ने अमेरिका के इशारे पर काम किया और सुरक्षा बलों पर हमला किया। चारों पर आरोप है कि उन्होंने तेहरान में एक रिहायशी इमारत से सुरक्षा बलों पर कंक्रीट ब्लॉक फेंके थे, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। मौत की सजा पाने वालों में मोहम्मदरेजा मजीदी-असल, उनकी पत्नी बीता हेम्मती, बेहरोज जमानिनेजाद और कूरोश जमानिनेजाद शामिल हैं। जनवरी के प्रदर्शनों के बाद अब तक 7 लोगों को फांसी दी जा चुकी है। मानवाधिकार समूहों का दावा है कि इस दौरान हजारों लोग मारे गए और हजारों को गिरफ्तार किया गया। रूस के यूक्रेन पर मिसाइल हमले में 16 की मौत, 100 घायल रूस ने बुधवार रात यूक्रेन के कई शहरों पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमला किया। इस हमले में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 100 लोग घायल हुए हैं। यह हमला हाल ही में हुए ईस्टर सीजफायर के बाद हुआ है। हमले में ओडेसा, कीव, ड्निप्रो और खारकीव जैसे बड़े शहरों को निशाना बनाया गया। ओडेसा में 8 लोगों की मौत हुई। राजधानी कीव में एक 16 मंजिला इमारत गिर गई, जहां मलबे से एक महिला और एक बच्चे को जिंदा निकाला गया। ड्निप्रो में 3 लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए। खारकीव में ड्रोन हमले में बुजुर्ग लोग घायल हुए। मायकोलाइव और खेरसोन में बिजली सप्लाई भी ठप हो गई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के मुताबिक, रूस ने करीब 700 ड्रोन, 19 बैलिस्टिक मिसाइल और कई क्रूज मिसाइलें दागीं। यूक्रेन का दावा है कि उसने इनमें से 636 ड्रोन मार गिराए। अवैध हथियार केस में दक्षिण अफ्रीका के नेता जूलियस मालेमा को 5 साल की सजा दक्षिण अफ्रीका के विपक्षी नेता और ईएफएफ के प्रमुख जूलियस मालेमा को कोर्ट ने 5 साल की सजा सुनाई है। यह मामला अवैध हथियार रखने और सार्वजनिक जगह पर फायरिंग करने से जुड़ा है। हालांकि, कोर्ट ने उन्हें इस फैसले के खिलाफ अपील करने की अनुमति दे दी है। यह मामला साल 2018 का है। उस समय एक वीडियो सामने आया था, जिसमें मालेमा अपनी पार्टी के कार्यक्रम के दौरान सेमी-ऑटोमैटिक राइफल से हवा में फायरिंग करते दिखे थे। अदालत ने उन्हें अवैध हथियार रखने, सार्वजनिक जगह पर फायरिंग करने और लापरवाही से खतरा पैदा करने समेत कई आरोपों में दोषी पाया। मालेमा ने सफाई दी कि बंदूक उनकी नहीं थी और उन्होंने भीड़ को उत्साहित करने के लिए फायरिंग की थी, लेकिन कोर्ट ने इस दलील को नहीं माना और इसे जानबूझकर किया गया काम बताया। TIME 100 लिस्ट 2026 में 20 साल की एलिसा लियू सबसे युवा, 96 साल की डोलोरेस हुएर्ता सबसे वरिष्ठ TIME मैगजीन ने 2026 की दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची जारी कर दी है। इस बार सूची में उम्र का बड़ा अंतर देखने को मिला है। 20 साल की फिगर स्केटर एलिसा लियू सबसे युवा सदस्य हैं, जबकि 96 साल की सामाजिक कार्यकर्ता डोलोरेस हुएर्ता सबसे वरिष्ठ हैं। एलिसा लियू ने कम उम्र में ही फिगर स्केटिंग में अपनी अलग पहचान बनाई है। वे अमेरिका की सबसे युवा चैंपियंस में शामिल रही हैं और अपनी तकनीक व आत्मविश्वास के लिए जानी जाती हैं। वहीं, डोलोरेस हुएर्ता ने कई दशकों तक अमेरिका में मजदूर अधिकार, जेंडर समानता और सामाजिक न्याय के लिए काम किया है। BBC 2000 नौकरियां खत्म करेगा, 5300 करोड़ रुपए बचाने के लिए 2 साल में कटौती ब्रिटेन की पब्लिक ब्रॉडकास्टिंग संस्था BBC ने बड़े पैमाने पर छंटनी करने का फैसला लिया है। अगले दो साल में करीब 2000 नौकरियां खत्म की जाएंगी, जिससे उसकी कुल वर्कफोर्स का लगभग 10% प्रभावित होगा। यह कदम 500 मिलियन पाउंड (करीब 5300 करोड़ रुपए) की बचत के लिए उठाया जा रहा है। BBC के अंतरिम डायरेक्टर-जनरल रोड्री टैलफन डेविस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह 2011 के बाद की सबसे बड़ी छंटनी होगी। अभी BBC में करीब 21,500 कर्मचारी काम कर रहे हैं। डेविस ने माना कि यह फैसला कर्मचारियों के लिए अनिश्चितता और चिंता पैदा करेगा, लेकिन मौजूदा आर्थिक हालात में यह जरूरी हो गया है। उन्होंने बताया कि महंगाई बढ़ने, लाइसेंस फीस से कम होती आमदनी, कमर्शियल रेवेन्यू में गिरावट और वैश्विक आर्थिक अस्थिरता के कारण खर्च घटाना पड़ रहा है। BBC खर्च कम करने के लिए कई सख्त कदम उठाएगा। इसमें नई भर्तियों पर रोक या नियंत्रण, यात्रा खर्च में कटौती, मैनेजमेंट कंसल्टेंसी पर कम खर्च और कॉन्फ्रेंस व इवेंट्स पर खर्च घटाना शामिल है। BBC अब टेक्नोलॉजी का ज्यादा इस्तेमाल करके लागत कम करने की दिशा में भी काम कर रहा है। BBC की फंडिंग मुख्य रूप से ब्रिटेन के घरों से मिलने वाली सालाना लाइसेंस फीस से होती है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    पाकिस्तान ने अपनी नई स्वदेशी एंटी-शिप मिसाइल की टेस्टिंग की, देखिए Video
    Next Article
    लखनऊ में 2 बेटियां जिंदा जलीं, 250 परिवार बेघर:डेढ़ लाख जली नोटें लिए प्रेग्नेंट महिला बोली- सब राख हो गया, अधिकारी बना रहे लिस्ट

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment