Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    भाई की मौत, बहन ने खराब सड़क का वीडियो बनाया:लखीमपुर DM ने 24 घंटे में काम शुरू कराया; मां बोली- अब कोई नहीं मरेगा

    2 hours ago

    2

    0

    लखीमपुर खीरी में टूटी-फूटी सड़क में भरे पानी में गिरकर 3 साल पहले एक बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मां इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पा रही थी। उसे समझ नहीं आ रहा था कि सड़क कैसे ठीक हो, जिससे फिर किसी की जान न जाए। मां ने इसके लिए अपनी 6 साल की बेटी का सहारा लिया। मां ने बेटी से वीडियो बनवाया। इसमें बेटी ने कहा- हैलो डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं। हमारी भी सड़क बनवा दीजिए, हमें बहुत दिक्कत होती है। यह मैसेज लखीमपुर खीरी के डीएम को भेजा। इस पर डीएम मानवी से मिलने उसी रास्ते से उसके घर पहुंचे थे, जिसकी शिकायत उसने की थी। डीएम ने मानवी का हाथ पकड़कर पूरी सड़क देखी और तुरंत सड़क को सही करने के आदेश दिए। 24 घंटे में सड़क बनाने का काम भी शुरू हो गया है। दैनिक भास्कर की टीम मौके के हालात देखने और मानवी से मिलने उसके गांव पहुंची। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… लखीमपुर जिले से करीब 3 किलोमीटर की दूरी पर है सलेमपुर गांव। यहीं मानवी रहती है। शहर के पास होने की वजह से गांव में विकास का काम हुआ है। करीब 10 हजार की आबादी वाले इस गांव की 3 सड़कें इंटरलॉकिंग हैं। यहां के अधिकतर लोग नौकरी करते हैं। कुछ परिवार मजदूरी और जानवर पालने का काम करते हैं। गांववाले बोले- लंबे समय तक टिकने वाला नहीं यह काम हमारी टीम सबसे पहले उस सड़क के पास पहुंची, जिसकी शिकायत मानवी ने डीएम से की थी। यहां डीएम अंजनी कुमार सिंह के आदेश के 24 घंटे के अंदर सड़क पर काम शुरू हो गया है। गड्‌ढों में मिट्‌टी भरवाई जा रही है। ईंट लगाकर सड़क को ऊंचा किया जा रहा है। सड़क के पास भी ईंटें रखी हैं। 2-3 मजदूर काम कर रहे हैं। पूरी 1 किलोमीटर की सड़क को बराबर किया जा रहा है। यह सड़क जिस बस्ती को जाती है, वो दलित बस्ती है। जिसमें गरीब लोगों के करीब 150 घर हैं। बस्ती में अंबेडकर पार्क, आयुष्मान सेंटर और सामुदायिक शौचालय बने हैं। हालांकि, गांववालों का कहना है कि सड़क पर जो काम हो रहा है, वो लंबे समय तक टिकने वाला नहीं। बारिश आएगी, तो सड़क फिर से बैठ जाएगी। निर्माणाधीन सड़क से होते हुए हम मानवी के घर पहुंचे। घर पर हमें मानवी की मां किरण सिंह मिलीं। मानवी के पिता गुरु प्रताप सिंह बैंक में नौकरी करते हैं। मानवी के अलावा उनकी एक और डेढ़ साल की बेटी देविका भी है। जब हम लोग घर पहुंचे तो पिता ड्यूटी पर गए थे। मानवी स्कूल गई थी। मानवी की मां बोलीं- हमने सड़क की वजह से बेटे को खो दिया हमने किरण से बेटी से वीडियो बनवाने की वजह पूछी। उन्होंने इसके पीछे एक दर्दनाक कहानी बताई। किरण ने बताया- मेरी शादी 9 साल पहले हुई थी। सबसे बड़ी बेटी मानवी है। फिर मुझे एक बेटा हुआ, जिसका नाम समर्थ था। 3 साल पहले उसकी मौत इसी खराब सड़क की वजह से हुई थी। तब यह सड़क पूरी कच्ची थी। एक दिन पति बेटे को गोद में लिए थे। सड़क में पानी भरा था। वहीं पर बिजली का खंभा लगा था। रास्ता खराब होने की वजह से मेरे पति वहां से निकलते समय गिर गए। बेटा उनकी गोद से छिटककर पानी में गिर गया। बरसात की वजह से बिजली के खंभे से पानी में करंट उतर आया था। बेटा उसी की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। मैंने यह वीडियो अपनी बेटी से इसी वजह से बनवाया, जिससे अब कोई और मासूम इसकी चपेट में न आए। साल- 2024 में सड़क को पक्का किया गया था, लेकिन बरसात में फिर से सड़क खराब हो गई थी। यह सड़क बहुत खराब है। बारिश होती है, तो यहां पानी भर जाता है। बहुत ज्यादा कीचड़ हो जाता है। बच्चों को निकलने में बहुत दिक्कत होती है। गाड़ी तक फिसल जाती है। वीडियो इसीलिए वायरल किया, जिससे समस्या का हल निकल सके। छात्रा बोली- हम सड़क की वजह से स्कूल नहीं जाते टीम ने गांव के कुछ और बच्चों से भी बात की। 10 साल की पायल ने बताया- यहां बहुत ज्यादा पानी भरा रहता है। मुझे स्कूल जाने में बहुत दिक्कत होती है। वहीं, प्रिया ने बताया- मैं इस खराब सड़क की वजह से स्कूल नहीं जा पाती हूं। इस सड़क में पानी भर जाता है। गांववाले बोले- बड़े-बड़े लोग निकले, फिर भी रास्ता नहीं बना गांव के अभिषेक कुमार ने बताया- इस रास्ते से कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल भी निकल चुके हैं। उन्होंने भी रास्ता ठीक करने के लिए बोला था, लेकिन कोई काम नहीं हुआ। और भी बड़े-बड़े लोग यहां से निकल चुके हैं, लेकिन रास्ता कभी सही नहीं किया गया। अब बच्ची का वीडियो सामने आने के बाद यहां काम किया जा रहा है। क्लास टीचर बोलीं- मानवी बहुत एक्टिव रहती है इसके बाद हमारी टीम मानवी से मिलने सीबी सिंह गौड़ स्कूल पहुंची। मानवी ने हमें बताया- डीएम अंकल से मैंने शिकायत की थी। उन्होंने रोड ठीक करवाने के लिए बोला है। हम लोगों को रोड की वजह से बहुत परेशानी होती है। वहीं मानवी की क्लास टीचर ने बताया कि वह बहुत एक्टिव बच्ची है। स्कूल के हर प्रोग्राम में भाग लेती है। मानवी को वीडियो बनाने का बहुत शौक है। उसकी बात पर डीएम सर ने काम शुरू करवा दिया है। इसके लिए बहुत-बहुत थैंक्यू। वहीं, डीएम अंजनी कुमार सिंह का कहना है कि बच्ची की बात पर मैं मौके पर गया और जल्द से जल्द काम शुरू कराया। बारिश के पानी की निकासी के लिए कोई अच्छी व्यवस्था नहीं है। इस वजह से पानी जमा हो रहा है। जल्द ही सारी व्यवस्था कर दी जाएगी। ---------------------------- यह खबर भी पढ़ें- सपा नेता का 50 साल छोटी लड़की से चौथा निकाह, लड़की 20, खुद 70 साल के; दूसरी पत्नी ने गाजियाबाद कमिश्नर से शिकायत की गाजियाबाद में सपा नेता हाजी खलील ने 50 साल छोटी लड़की से चौथा निकाह कर लिया है। उनकी उम्र 70 साल है। लड़की की सिर्फ उम्र 20 साल है। तीन पत्नियों से उनके 11 बच्चे हैं। सपा नेता के इस निकाह से उनकी दूसरी पत्नी नाजरीन नाराज हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर
    Click here to Read more
    Prev Article
    भाजपा ने शिक्षामित्र-अनुदेशकों से 17 लाख वोटरों को साधा:43 विधानसभा सीटों पर बदल सकता है समीकरण; क्या 18 हजार मानदेय से बनेगी बात?
    Next Article
    मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:बंगाल- सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या, रिजल्ट के बाद 5वां मर्डर; तमिलनाडु CM पर संशय; आतंकी साजिश रच रहे 2 संदिग्ध यूपी से गिरफ्तार

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment