Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    भास्कर अपडेट्स:गुजरात के समुद्री मार्ग से 1,150 करोड़ की कोकीन जब्त

    9 hours ago

    1

    0

    गुजरात ATS और भारतीय तटरक्षक बल की टीम ने कच्छ के समुद्री मार्ग पर कार्रवाई करते हुए करीब 115 किलोग्राम कोकीन जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1,150 करोड़ रुपए आंकी गई है। जांच में सामने आया है कि कोकीन की यह खेप दक्षिण अमेरिकी देशों से पाकिस्तान के रास्ते भारत लाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल ATS और अन्य एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। दिल्ली के खजूरी खास में युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान राजा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने करीब पांच राउंड फायरिंग की, जिनमें तीन गोलियां राजा को लगीं। आरोपी मौके से फरार हो गए और पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है। वहीं दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक 17 साल के लड़के को गोली मार दी गई। पुलिस के मुताबिक लड़का एक रेस्टोरेंट में बैठा था, तभी कुछ युवकों से कुर्सी छूने को लेकर विवाद हो गया। कुछ देर बाद आरोपी वापस लौटे और एक युवक ने गोली चला दी। घायल लड़के को AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है। आज की अन्य बड़ी खबरें… केरलम के पूर्व सीएम पिनराई विजयन के घर ED ने छापेमारी की प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के आवास समेत 10 ठिकानों पर छापेमारी की। मामला कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (CMRL) मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है। ED ने यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत की है। जांच एजेंसी के मुताबिक, CMRL नाम की कंपनी ने 2018-19 के दौरान विजयन की बेटी टी. वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 1.72 करोड़ रुपए दिए। यह भुगतान बिना किसी काम या सेवा के बदले किया था। एक दिन पहले मंगलवार को केरल हाईकोर्ट ने CMRL की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें ED की कार्रवाई रद्द करने की मांग की गई थी। ED ने इस मामले में 2024 में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था। महाराष्ट्र में पिता ने 4 बच्चों को कुएं में फेंका, फिर खुदकुशी की महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में एक व्यक्ति ने पत्नी से झगड़े के बाद अपने चार बच्चों को कुएं में फेंक दिया और बाद में खुद फांसी लगा ली। घटना जलगांव-जामोद इलाके की है। पुलिस के मुताबिक चारों बच्चों की मौत हो गई। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना के पीछे की पूरी वजह पता लगाने में जुटी है। युगांडा से बेंगलुरु आई महिला में इबोला जैसे लक्षण, अस्पताल में भर्ती युगांडा से आई 28 साल की महिला में इबोला जैसे लक्षण मिलने के बाद उसे बेंगलुरु के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला को शरीर दर्द की शिकायत थी और उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। महिला के सैंपल जांच के लिए पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी भेजे गए हैं। कर्नाटक सरकार ने अफ्रीकी देशों से लौटे लोगों को 21 दिन तक स्वास्थ्य निगरानी में रहने की सलाह दी है। सिंगर जुबीन गर्ग की मौत मामले में सात आरोपियों पर आरोप तय असम के मशहूर सिंगर जुबीन गर्ग की मौत के मामले में कोर्ट ने सात आरोपियों पर आरोप तय कर दिए हैं। सभी आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताया है। कोर्ट ने कहा कि अब सीधे गवाहों की सुनवाई होगी, जो 8 जून से शुरू होगी। मामले की जांच के लिए SIT बनाई गई थी और आरोपियों पर हत्या समेत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। दिल्ली की कोर्ट ने 2020 दिल्ली दंगे के तीन आरोपियों को बरी किया दिल्ली की एक अदालत ने 2020 उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में तीन आरोपियों को बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि मुख्य गवाह की गवाही भरोसेमंद नहीं थी और उसमें कई विरोधाभास थे। मामला करावल नगर इलाके में एक युवक पर हमले और लूट से जुड़ा था। कोर्ट ने कहा कि आरोपीयों की पहचान पुख्ता तरीके से साबित नहीं हो सकी, इसलिए उन्हें संदेह का लाभ दिया गया। जम्मू-कश्मीर में निर्माणाधीन पुलिया गिरने से महिला मजदूर की मौत, 13 घायल जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में निर्माणाधीन पुलिया गिरने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। हादसा गंडोह इलाके में हुआ। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ मजदूरों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। दिल्ली में प्रेग्नेंट महिला की मौत, परिवार ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया मुस्तफाबाद इलाके में एक गर्भवती महिला की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। महिला के परिवार ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद ही सोना और नकदी की मांग शुरू हो गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। महाराष्ट्र में सावंतवाड़ी रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर लोकमान्य मधु दंडवते रेलवे टर्मिनस होगा महाराष्ट्र कैबिनेट ने सावंतवाड़ी रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर “लोकमान्य मधु दंडवते रेलवे टर्मिनस” करने को मंजूरी दे दी है। मधु दंडवते को कोंकण रेलवे का प्रमुख निर्माता माना जाता है। अब इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। कैबिनेट ने सरकारी कर्मचारियों के ट्रांसफर की समय सीमा बढ़ाने और ठाणे के एक मंदिर ट्रस्ट को जमीन देने का भी फैसला किया। वहीं नागपुर आउटर रिंग रोड परियोजना के लिए निजी जमीन खरीद पर स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन शुल्क माफ किया गया है। दिल्ली के कीर्ति नगर में बैंक बिल्डिंग में आग पश्चिमी दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में एक बैंक वाली बिल्डिंग में आग लग गई। आग ग्राउंड फ्लोर पर बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी बताई जा रही है। धुएं के कारण ऊपर रहने वाले लोग छत के रास्ते पड़ोस की बिल्डिंग में पहुंचे। दमकल की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
    Click here to Read more
    Prev Article
    चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई:2023 के कानून को चुनौती, चुनाव आयुक्तों के चयन वाले पैनल से CJI को हटाने पर सवाल
    Next Article
    खबर हटके- दवा समझकर खाए एयरपॉड्स, पेट से आई आवाज:शॉपिंग के लिए रेंट पर मिल रहे लड़के; दूल्हे ने 3500 लोगों का बीमा कराया

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment