Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    बालेन का पहला भारत दौरा, आज PM मोदी से मुलाकात:अयोध्या से जनकपुर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, 19 घंटे में सफर पूरा होगा

    8 hours ago

    2

    0

    नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने और पुराने रिश्तों को मजबूत करने पर चर्चा होगी। इसके अलावा दोनों नेता मिलकर भगवान राम के जन्मस्थान अयोध्या और नेपाल में देवी सीता के जन्मस्थान जनकपुरधाम के बीच चलने वाली नई ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। इस ट्रेन के जरिए दोनों तीर्थ स्थलों के बीच सफर करीब 19 घंटे में पूरा होगा। बालेन शाह रविवार को दो दिन के दौरे पर भारत पहुंचे थे। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला आधिकारिक भारत दौरा है। इस दौरान वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। नेपाल को बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए 2 अरब डॉलर चाहिए नेपाल इस समय आर्थिक मदद चाहता है। अगस्त 2026 में वहां आई बाढ़ और भूस्खलन से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ था। इस आपदा में करीब 1,500 लोगों की मौत हुई और 5,200 से ज्यादा लोग लापता हो गए। कई सड़कें, पुल, घर और बिजली परियोजनाएं भी तबाह हो गईं। प्रभावित इलाकों को दोबारा बसाने और जरूरी सुविधाएं शुरू करने के लिए नेपाल को बड़ी रकम की जरूरत है। इसी वजह से उसने भारत से करीब 2 अरब डॉलर यानी लगभग 18 हजार करोड़ रुपए की मदद मांगी है। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल चाहता है कि उसे आसान शर्तों पर कर्ज और आर्थिक मदद मिले। इस पैसे का इस्तेमाल बाढ़ प्रभावित इलाकों को फिर से बसाने और विकास परियोजनाओं को पूरा करने में किया जाएगा। भारत नेपाल में अपनी कंपनियों का निवेश बढ़ाना चाहता है इस दौरे से भारत को भी आर्थिक फायदा हो सकता है। भारत चाहता है कि उसकी कंपनियां नेपाल में बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और डिजिटल सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं में ज्यादा निवेश करें। इसके लिए दोनों देश एक साझा योजना पर काम कर रहे हैं। इसके तहत कारोबार, ऊर्जा, निवेश और दोनों देशों के बीच संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया जा सकता है। नेपाल में नदियों के जरिए बड़ी मात्रा में बिजली बनाने की क्षमता है। भारतीय कंपनियां पहले से वहां बिजली परियोजनाओं पर काम कर रही हैं। भारत चाहता है कि इन परियोजनाओं में और निवेश हो। इससे भारतीय कंपनियों को कारोबार के नए मौके मिलेंगे और भारत नेपाल से ज्यादा बिजली खरीद सकेगा। सीमा विवाद और गोरखा भर्ती जैसे मुद्दे भी हैं भारत और नेपाल के बीच कुछ पुराने विवाद भी हैं। इनमें कालापानी, लिपुलेख और लिंपियाधुरा का सीमा विवाद प्रमुख है। नेपाल इन इलाकों को अपना हिस्सा बताता है, जबकि भारत इन्हें उत्तराखंड का हिस्सा मानता है। भारतीय सेना में नेपाली गोरखाओं की भर्ती का मुद्दा भी दोनों देशों के बीच लंबे समय से चर्चा में है। भारत में अग्निपथ योजना लागू होने के बाद 2020 से नेपाली नागरिकों की नई भर्ती रुकी हुई है। नेपाल चाहता है कि इस मामले का समाधान निकाला जाए। इसके अलावा नेपाल भारत के साथ व्यापार घाटे को लेकर भी चिंतित है। नेपाल भारत से जितना सामान खरीदता है, उसके मुकाबले भारत को कम सामान बेच पाता है। वह चाहता है कि भारतीय बाजार में उसके सामान को ज्यादा जगह मिले। काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, इस दौरे में इन पुराने विवादों पर किसी बड़े फैसले की उम्मीद कम है। फिलहाल दोनों देश आर्थिक मदद, निवेश और विकास से जुड़े मुद्दों पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। रैपर से पीएम बने बालेन शाह बालेन शाह राजनीति में आने से पहले काठमांडू के मशहूर रैपर थे। उनके गानों में भ्रष्टाचार, नेताओं की मनमानी, राजनीतिक व्यवस्था की खामियों और आम लोगों की परेशानियों का जिक्र होता था। बालेन ने 2022 में राजनीति में कदम रखा। उन्होंने काठमांडू मेयर का चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ा और जीत हासिल की। 2025 में नेपाल में हुए जेन-जी आंदोलन के दौरान उन्होंने प्रदर्शनकारी युवाओं का समर्थन किया। इसके बाद दिसंबर 2025 में वे राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) में शामिल हो गए। पार्टी ने उन्हें प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाया। 2026 के आम चुनाव में जीत के बाद वे नेपाल के प्रधानमंत्री बने। इस तरह एक रैपर के तौर पर भ्रष्टाचार और व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने वाले बालेन शाह ने संगीत से राजनीति तक का सफर तय किया और देश के सर्वोच्च कार्यकारी पद तक पहुंचे। ----------------------
    Click here to Read more
    Prev Article
    पाकिस्तान-अफगानिस्तान बॉर्डर पर भूकंप से कांपी धरती, शिमला में भी लगे झटके, हिली जमीन
    Next Article
    कनाडाई PM के सामने ट्रम्प का मजाक उड़ा:रोस्ट डिनर में अमेरिकी राष्ट्रपति बनकर आया कॉमेडियन, ट्रम्प के स्टाइल में डांस-हैेंडशेक भी किया

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment