Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    हरियाणवी सिंगर हत्याकांड के 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर:20 से ज्यादा गोलियां चलीं; अंकित बालियान के पिता बोले- आधा इंसाफ मिला, आधा बाकी

    6 hours ago

    1

    0

    हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस ने एनकाउंटर में दो शूटर मार गिराए। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाशों की पहचान सोनीपत के सुमित और मोहित के रूप में हुई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित था और उन्हें गोगी गैंग से जुड़े शूटर बताया जा रहा है। शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया- दोनों शूटर बाइक से सोनीपत की तरफ भाग रहे थे। मुखबिर की सूचना पर सोमवार तड़के 4 बजे पुलिस ने उन्हें घेर लिया। पकड़े जाने के डर से उन्होंने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी। दोनों तरफ से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। इसमें बदमाश सुमित और मोहित को गोली लग गई। पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी प्रदीप और हरविंदर भी घायल हुए हैं। मुठभेड़ शामली के औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के मुताबिक, पांच दिन पहले दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ जिम के बाहर अंकित की गोली मारकर हत्या की थी। बाकी दोनों साथी सत्यम और आर्यन अभी फरार हैं। उधर, एनकाउंटर के बाद सिंगर के पिता सत्यवीर ने दैनिक भास्कर से कहा- अभी आधा इंसाफ मिला। अब हमें पूरी उम्मीद है कि पूरा इंसाफ मिल जाएगा। पहले भी थी, लेकिन धीरे-धीरे वो डगमगा रही थी। बाकियों को और मारो, तभी हमें तसल्ली होगी। अब पुलिस और योगीजी पर हमारा विश्वास बढ़ गया है। आज कार्रवाई नहीं होती तो विश्वास टूट जाता। आधा इंसाफ अभी बाकी है। एनकाउंटर से जुड़ी तस्वीरें देखें… पढ़िए कैसे हुआ एनकाउंटर… अंकित बालियान हत्याकांड के बाद रातभर नाकाबंदी शामली के SP नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इलाके के चर्चित हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद केस के खुलासे के लिए SWAT टीम, सर्विलांस यूनिट, सभी SHO, ASP और CO सिटी व कैराना को लगाया गया। आरोपियों की तलाश में आधी रात से सुबह 6 बजे तक जिले में विशेष नाकाबंदी और वाहनों की चेकिंग के आदेश दिए गए। सुबह 4 बजे दिखे संदिग्ध, रोकने पर पुलिस पर फायरिंग SP के मुताबिक सुबह करीब 4 बजे करनाल की तरफ से बाइक पर संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीमों को तुरंत अलर्ट किया गया। मद्रा पुल पर चेकिंग कर रहे SHO धर्मेंद्र गौतम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिससे वाहन का शीशा टूट गया। वायरलेस अलर्ट के बाद कई पुलिस टीमें पहुंचीं फायरिंग के बाद पुलिस ने वायरलेस पर तत्काल अलर्ट जारी किया। इसके बाद SWAT टीम, सर्विलांस प्रभारी, SHO समेत ASP, CO सिटी और CO कैराना मौके पर पहुंच गए। पुलिस की घेराबंदी के दौरान संदिग्धों ने बाइक का रास्ता बदलकर भागने की कोशिश की। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश घायल पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सुमित और मोहित गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाशों को 20 से ज्यादा गोलियां लगी हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मौके से हथियार और अन्य सामान बरामद एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए दोनों बदमाश अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल थे। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस अब बरामद सामान और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बना रही है। सिलसिलेवार तरीके से अब पूरा मामला जानिए… शामली में 32 साल के यूट्यूबर और हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान पर हमलावरों ने 18 राउंड फायरिंग की। सिर-पेट में 5 गोली लगने से वह सड़क पर गिर गया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से गुस्साए लोगों ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए सड़क जाम कर दी। मां अंकित की लाश गोद में लेकर सड़क पर बैठ गईं। मेरठ जोन के ADG भानु भास्कर और सहारनपुर रेंज के DIG अभिषेक सिंह शामली पहुंचे। अफसरों ने अंकित के पिता को समझाकर जाम खुलवाया। अंकित ने हत्या से ठीक एक घंटे पहले अपने इंस्टाग्राम पर एक गाना पोस्ट किया था। जिसमें वह गाड़ी में बैठकर 'मर्डर मार दे सड़क के ऊपर' गाते हुए नजर आया। अंकित अक्सर गन कल्चर को लेकर गाने बनाता था। उसका 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे' गाना 15 फरवरी, 2023 को रिलीज हुआ था। इस गाने पर बैन लगा दिया गया था। इसके बाद वह हरियाणवी संगीत की दुनिया में चर्चित हुआ था। इस बीच, गुरुवार को हरियाणा के ‘गोगी ग्रुप’ नाम के गिरोह ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। इंस्टाग्राम पर गैंग से जुड़े सोनीपत निवासी भोलू शाहपुरिया नाम के शख्स ने एक पोस्ट शेयर कर लिखा- अंकित हमारे दुश्मनों का साथ देता था। हमारे गोगी भाई के साथ हुई घटना पर इसने गाना बनाया था। इसका अंजाम इसको मिल गया। वहीं, शाम को सिंगर-एक्टर भूपेंद्र ढींगरा ने अपने इंस्टा हैंडल पर वीडियो पोस्ट कर दावा किया कि जिम में अंकित से मेरा झगड़ा हुआ था। फिर मैंने शूटर बुलवाकर उसे मरवा दिया। हत्या के बाद बागपत के रास्ते लोनी भागे थे शूटर पुलिस जांच के मुताबिक, अंकित बालियान की हत्या के बाद आरोपी शूटर बागपत के रास्ते लोनी की ओर भागे थे। इसके बाद उन्होंने सोनीपत की तरफ निकलने की कोशिश की। पुलिस ने संभावित रास्तों और ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी थी। इसी दौरान पुलिस को सोमवार सुबह दोनों शूटरों के औद्योगिक क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। CCTV फुटेज से मिली थी शूटरों की लोकेशन अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा दूसरे साक्ष्यों के आधार पर भी आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया गया। जांच के दौरान पुलिस को शूटरों के बागपत और लोनी की तरफ जाने की जानकारी मिली। इसके बाद संभावित रास्तों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई। हत्या में चार शूटर शामिल होने का खुलासा पुलिस की जांच में सामने आया है कि अंकित बालियान की हत्या को चार शूटरों ने अंजाम दिया था। इनमें से सुमित और मोहित को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। अब हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दो अन्य शूटर सत्यम और आर्यन पुलिस के निशाने पर हैं। सुमित और मोहित के मारे जाने के बाद अब पुलिस सत्यम और आर्यन की तलाश में जुट गई है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या के बाद दोनों आरोपी किस रास्ते से फरार हुए और फिलहाल कहां छिपे हुए हैं।
    Click here to Read more
    Prev Article
    कनाडा में भागवत बोले- मदद करना भारत की परंपरा:विविधता ही हमारे देश की खूबसूरती, 'ये मेरा, वह तुम्हारा' की सोच से ऊपर उठना होगा
    Next Article
    सिंगर अंकित हत्याकांड के 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर:यूपी पुलिस की कार्रवाई, हरियाणा भाग रहे थे; 20 राउंड गोलीबारी, 2 आरोपी फरार

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment