Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    Indonesia के Java Sea में जहाज पलटा, 6 शव बरामद और 129 लापता यात्रियों की तलाश जारी

    5 hours ago

    1

    0

    इंडोनेशिया के जावा सागर में खराब मौसम के कारण एक जहाज पलटने के बाद लापता हुए कम से कम 129 लोगों की तलाश जारी है। कम से कम 108 लोगों को बचा लिया गया है, जबकि छह यात्रियों के शव बरामद किए गए हैं। नौका के आखिरी ज्ञात स्थान के आसपास तलाशी अभियान का दायरा बढ़ा दिया गया है।अधिकारियों ने बताया कि जहाज पर 240 से अधिक लोग सवार थे और यह जहाज पूर्वी जावा के सुरबाया से बोर्नियो द्वीप स्थित दक्षिण कालीमंतन प्रांत के बंजारमसिन जा रहा था। बंजारमसिन खोज एवं बचाव कार्यालय के प्रमुख आई पुतु सुदायना ने बताया कि पोत के कप्तान ने पहले 10 फुट तक ऊंची लहरों के साथ समुद्र में खराब स्थिति की सूचना दी थी। इसके बाद उन्होंने आपात संदेश जारी करते हुए बताया कि पोत एक ओर झुक रहा है।अधिकारियों को बाद में सूचना मिली कि पोत पलट गया है। बंजारमसिन की बचाव एजेंसी ने बताया कि शनिवार देर रात करीब दो बजे ‘विर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ से संपर्क टूटने के दो घंटे बाद उसे घटना की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि एक बचाव पोत जहाज के आखिरी ज्ञात स्थान की ओर रवाना हो गया था और रविवार दोपहर तक अधिकारी एक दर्जन पोतों की मदद से बचाव दलों को तैनात कर रहे थे।उन्होंने बताया कि इनमें नौसेना के चार पोत शामिल हैं और अभियान में दो हेलीकॉप्टर भी लगाए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नौका का आखिरी ज्ञात स्थान जावा सागर में बंजारमसिन से करीब 148 किलोमीटर दूर था। पोत की यात्री सूची के अनुसार, उस पर 213 यात्रियों और चालक दल के 30 सदस्यों समेत 243 लोग सवार थे।हालांकि, इंडोनेशिया में पोत पर सवार यात्रियों की वास्तविक संख्या का आधिकारिक सूची में दर्ज संख्या से अलग होना आम बात है। जहाज पर 89 वाहनों का परिवहन भी किया जा रहा था। तलाश अभियान का समन्वय कर रहे सुदायाना ने बताया कि आसपास मौजूद ‘टगबोट’ और अन्य पोतों की मदद से तलाश दलों ने रविवार दोपहर तक 107 लोगों को बचा लिया और छह शव बरामद किये।‘टगबोट’ ऐसा छोटा लेकिन शक्तिशाली पोत होता है, जो बड़े जहाजों को खींचने, धकेलने या उनकी दिशा नियंत्रित करने में मदद करता है। ‘विर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ जहाज का निर्माण 1987 में जापान में किया गया था और यह 119 मीटर (390 फुट) लंबा था। परिवहन मंत्री डुडी पुरवागंधी ने कहा कि हवाई तलाशी में पता चला है कि नौका उलटी होकर पानी में तैर रही थी, पर डूबी नहीं थी।उन्होंने रविवार को संवाददाताओं से कहा कि बचावकर्मी पलटी हुई नौका के आसपास तलाशी अभियान पर ध्यान केंद्रित कर रहे थे। राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी द्वारा रविवार को जारी किए गए वीडियो में हेलीकॉप्टर से तलाश अभियान के दौरान उथल-पुथल भरे समुद्र में एक पलटी हुई नौका तैरती हुई दिखाई दी। एक अन्य वीडियो में बचाये गए लोग बंजारमासिन बंदरगाह पर एक बचाव पोत से उतरते हुए दिखे, जबकि घायल लोगों को स्ट्रेचर पर ले जाया गया और बाद में एंबुलेंस से पास के अस्पतालों में पहुंचाया गया।रविवार को बंजारमसिन के त्रिशक्ति बंदरगाह स्थित नियंत्रण केंद्र पर सैकड़ों परिजन जमा हुए और परिवार के उन सदस्यों के बारे में जानकारी मिलने का इंतजार करते रहे, जिनके नौका पर सवार होने की जानकारी है। अधिकारियों के जीवित बचे लोगों की तलाश जारी रखने के बीच कई परिजन बेचैनी से यात्रियों की सूची और बचाव सूची की जांच करते रहे। बुंगा नाम की एक महिला ने कहा, ‘‘जब मैंने यात्री सूची में अपने रिश्तेदार का नाम देखा तो मैं स्तब्ध रह गई, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि उन्हें बचा लिया गया है, तब मुझे राहत मिली।’’ इंडोनेशिया 17,000 से अधिक द्वीपों वाला एक द्वीपसमूह देश है, जहां यात्रा का एक आम साधन नौका ही है।यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं और इसके लिए सुरक्षा नियमों के कमजोर क्रियान्वयन को जिम्मेदार ठहराया जाता है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    Yemen में तेज हुआ संघर्ष, हूतियों ने Saudi Arabia पर मिसाइल और ड्रोन दागे
    Next Article
    Donald Trump ने जेलेंस्की से की रूस के डीजल ठिकानों पर हमले रोकने की अपील

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment