Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    जन भवन में 5.17 करोड़ का आदर्श स्कूल शुरू:राज्यपाल-सीएम ने किया उद्घाटन, AI-रोबोटिक्स लैब से लैस बना मॉडल सेंटर

    3 hours ago

    1

    0

    राजधानी लखनऊ स्थित जन भवन में सोमवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 5.17 करोड़ रुपए की लागत से बने आदर्श माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर ‘हमारा जन भवन’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया, वहीं छात्रों की सुविधा के लिए नई स्कूल बस की चाबी प्रधानाचार्य और चालक को सौंपी गई। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब रानी और बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने विद्यालय का भ्रमण कर आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया। AI-रोबोटिक्स लैब से लेकर स्पेस लैब तक, हर सुविधा मौजूद जन भवन का यह आदर्श विद्यालय आधुनिक तकनीक और पर्यावरण-अनुकूल निर्माण का उदाहरण है। यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोटिक्स लैब, वाई-फाई युक्त कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, आंगनबाड़ी कक्ष और ‘सुनीता विलियम्स स्पेस लैब’ जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। भवन में ऊर्जा दक्ष तकनीकों का भी उपयोग किया गया है, जिसमें छत पर मिट्टी के घड़ों से ताप नियंत्रण, खोखली ईंटों की दीवारें और ईंट फसाड सिस्टम शामिल हैं। इसके साथ ही सोलर प्लांट, वर्षा जल संचयन और एलईडी लाइटिंग जैसी व्यवस्थाएं भी लागू की गई हैं। बच्चों के मॉडल और प्रस्तुति ने जीता दिल कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें सरस्वती वंदना, “मनुष्य तू बड़ा महान है” गीत और ‘भारत दर्शन’ के तहत लोकगीत-नृत्य शामिल रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पेस लैब का निरीक्षण कर बच्चों से बातचीत की और उनके बनाए मॉडल देखे। उन्होंने बच्चों की जिज्ञासा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि “इन्हीं विद्यालयों से भविष्य के वैज्ञानिक और नवप्रवर्तक निकलेंगे।” ‘नामांकन 1000 तक बढ़ाने का लक्ष्य’ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विद्यालय में नामांकन बढ़ाने और अधिक से अधिक बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर दो शिफ्ट में पढ़ाई शुरू कर नामांकन 1000 तक ले जाया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में करीब 450 छात्र यहां पढ़ रहे हैं और जनजागरूकता से इसमें और वृद्धि की जा सकती है। आंगनबाड़ी सशक्तीकरण पर खास जोर राज्यपाल ने कहा कि आंगनबाड़ियों को मजबूत करना सामाजिक परिवर्तन की आधारशिला है। यहां वंचित वर्ग के बच्चों का भविष्य बनता है, इसलिए इनके विकास पर विशेष ध्यान जरूरी है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालयों और CSR के सहयोग से प्रदेश की आंगनबाड़ियों को सशक्त बनाने का काम जारी है। ‘जन भवन बना शिक्षा और गतिविधियों का केंद्र’ राज्यपाल ने कहा कि जन भवन अब केवल प्रशासनिक परिसर नहीं, बल्कि शिक्षा, खेल और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बन चुका है। यहां खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित होती हैं, जिससे बच्चों में टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली विकसित हो रही है। CM बोले- हर बच्चे में क्षमता, जरूरत सही मार्गदर्शन की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “ऐसा कोई व्यक्ति नहीं जिसमें योग्यता न हो, जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शक की होती है।” उन्होंने राज्यपाल की भूमिका को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि जन भवन का यह विद्यालय बेसिक और माध्यमिक शिक्षा का मॉडल बन सकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूल अब कॉन्वेंट और पब्लिक स्कूलों की तरह विकसित हो रहे हैं और उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना जरूरी है। मंत्रियों ने भी सराहा मॉडल उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राजभवन से जन भवन बना यह परिसर अब नई पहचान बना चुका है और यह दिन ऐतिहासिक है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने इसे कम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने वाला संस्थान बताया। माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब रानी ने अभिभावकों से बच्चों के मार्गदर्शन और मोबाइल के सीमित उपयोग पर ध्यान देने की अपील की, जबकि बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने इसे आधुनिक शिक्षा का मजबूत आधार बताया। 12 महीने में तैयार, हर सुविधा से लैस विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने बताया कि यह विद्यालय मात्र 12 महीने में तैयार किया गया है। इसमें सीसीटीवी, फायर सेफ्टी, शुद्ध पेयजल, ध्वनि प्रणाली और खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं।
    Click here to Read more
    Prev Article
    नोएडा में कर्मचारियों का बवाल, 15 तस्वीरों में देखिए:फैक्ट्रियों पर पत्थर बरसाए, 50 से ज्यादा गाड़ियां फूंकीं
    Next Article
    मैनपुरी में जमीनी विवाद, युवक ने तमंचा लहराया, VIDEO:चार लोगों पर मुकदमा दर्ज, जमीन की खरीद-फरोख्त को लेकर हुआ था झगड़ा

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment