Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    लखनऊ में घरों में नहीं जला चूल्हा, शादियां टली:रसोई गैस की किल्लत से होटल, कैटर्स-फूड कारोबार पर असर, एजेंसी मालिक से भिड़े

    9 hours ago

    1

    0

    लखनऊ में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। शहर की कई गैस एजेंसियों के बाहर गुरुवार सुबह से ही लोग सिलेंडर के लिए लाइन में खड़े दिखाई दिए। कपूरथला स्थित अशोक गैस सर्विस समेत कई एजेंसियों पर उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उनके मोबाइल पर आए OTP लेकर सिलेंडर किसी और को दे दिया जा रहा है। एलपीजी की कमी के चलते कई घरों में चूल्हे नहीं जले। शादी टालनी पड़ी और दुबई की फ्लाइट तक छूट गई। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, OTP समय पर नहीं पहुंच रहा है और एजेंसी कर्मचारी सहयोग करने के बजाय उन्हें इधर-उधर भटका रहे हैं। इधर, गुडंबा क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग की सूचना पर आपूर्ति विभाग और पुलिस टीम ने एक घर पर छापेमारी की। हालांकि, तलाशी के दौरान टीम को वहां से अवैध रिफिलिंग से संबंधित कोई सामग्री नहीं मिली। घर में गैस चूल्हा बनाने का काम किया जाता था। 3 तस्वीरें देखिए… OTP लेकर दूसरे को सिलेंडर देने का आरोप कपूरथला स्थित अशोक गैस सर्विस के बाहर खड़े उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी कर्मचारी OTP लेकर सिलेंडर किसी और ग्राहक को दे देते हैं। कई लोगों ने कहा कि जब वे बुकिंग कराते हैं तो उन्हें OTP लाने को कहा जाता है, लेकिन OTP दिखाने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलता। ग्राहकों का कहना है कि सिलेंडर की कमी के चलते ब्लैक मार्केटिंग की आशंका बढ़ गई है। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी संचालक सहयोग करने के बजाय उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने को मजबूर कर रहे हैं। गैस की किल्लत से शादियां टलीं सिलेंडर की कमी का असर शादी समारोहों पर भी पड़ने लगा है। जयपुर से लखनऊ में आयोजित होने वाली एक शादी को गैस की दिक्कत के कारण टालना पड़ा। महेंद्र मोहन ने बताया कि उनकी बेटी की शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन टेंट और कैटर्स ने गैस सिलेंडर की कमी का हवाला देते हुए व्यवस्था करने से हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद परिवार को मजबूर होकर शादी की तारीख आगे बढ़ानी पड़ी। अब नई तारीख तय होने के बाद ही कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दुबई में फंसा परिवार, शादी की तारीख आगे बढ़ी पुराने चौक के रहने वाले शमीम मुर्तजा ने बताया उनके बड़े बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं। गैस सिलेंडर की समस्या के साथ-साथ दुबई से भारत आने वाली फ्लाइट न मिलने के कारण उनका पूरा परिवार वहीं फंसा हुआ है। ऐसे में उन्होंने भी शादी की तारीख टालने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि जब परिवार के सदस्य दुबई से लौटेंगे तभी शादी की नई तारीख तय की जाएगी। होटल ने हाथ खड़े किए, गांव में होगी शादी सुल्तानपुर के इसौली निवासी वीर बहादुर सिंह ने बताया कि उनकी बेटी की शादी पहले लखनऊ में होनी थी। लेकिन पिछले पांच दिनों से गैस सिलेंडर की समस्या के कारण होटल प्रबंधन ने व्यवस्था करने से मना कर दिया। होटल संचालकों का कहना था कि पर्याप्त सिलेंडर नहीं होने के कारण 1500 लोगों के खाने की व्यवस्था करना मुश्किल है। इसके बाद परिवार ने फैसला किया कि शादी अब गांव में होगी, जहां लकड़ी और भट्ठियों पर खाना बनाया जाएगा। हॉस्टल में रहने वाले छात्र भी परेशान इंदिरानगर के एक हॉस्टल में रहने वाले छात्र विवेक कुमार ने बताया कि गैस न मिलने से खाना बनाने में बड़ी परेशानी हो रही है। मकान मालिक ने बिजली के एक्सटेंशन हीटर चलाने से भी मना कर दिया है, क्योंकि इससे बिजली का बिल और शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ सकता है। विवेक ने बताया कि वह बहराइच से लखनऊ पढ़ाई करने आए हैं। पिछले चार दिनों से होटल और ढाबों पर भी खाना मिलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में छात्रों के सामने रहने और पढ़ाई जारी रखने की समस्या खड़ी हो गई है। कमर्शियल सिलेंडर न मिलने से कारोबार प्रभावित कमर्शियल सिलेंडर की कमी का असर होटल, रेस्तरां और फास्ट फूड कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है। शहर के कई इलाकों गोमती नगर की चटोरी गली, हुसड़िया चौराहा, पालीटेक्निक चौराहा, नरही और निशातगंज में लगभग 70 प्रतिशत फास्ट फूड ठेले बंद हो चुके हैं। मिठाई कारोबारी अविनाश त्रिपाठी का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई कम होने से कारोबार प्रभावित हो गया है। शादी के सीजन में बड़ी संख्या में ऑर्डर लिए गए थे, लेकिन अब उन्हें पूरा करना मुश्किल हो रहा है। कंपनियों का दावा-सिलेंडर की कोई कमी नहीं हालांकि हिंदुस्तान पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम कंपनियों ने दावा किया है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। कंपनियों का कहना है कि अचानक बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा एक साथ बुकिंग कराने की वजह से तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। कंपनियों के मुताबिक होली के आसपास सिलेंडर की मांग बढ़ना सामान्य है। इसी कारण फोन लाइनें व्यस्त हो जाती हैं। कुछ समय बाद बुकिंग सामान्य हो जाती है। जमाखोरी की आशंका से बढ़ी परेशानी विशेषज्ञों का कहना है कि सिलेंडर की किल्लत की खबरों के बाद कई लोग एहतियातन अतिरिक्त सिलेंडर बुक कर रहे हैं। जिन घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन है, उन्होंने भी अपने पुराने एलपीजी कनेक्शन पर सिलेंडर बुक करा लिए हैं। इससे सामान्य उपभोक्ताओं के लिए समस्या और बढ़ गई है। कई लोग एक से अधिक गैस कंपनियों के कनेक्शन पर सिलेंडर बुक कर रहे हैं, जिससे वितरण व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    कन्नौज में ट्रैक्टर की टक्कर से बच्चे की मौत:2 साल का एजाज घर के बाहर खेल रहा था, आरोपी चालक फरार
    Next Article
    कन्नौज में भैंस से उपले टूटने पर पिता-पुत्री की पिटाई:पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment