Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    नौकरी जॉइन करने से 2 दिन पहले पति की हत्या:5 साल का अफेयर, 4 महीने पहले शादी; पत्नी बोली- भाई मुझे भी मारना चाहता था

    1 day ago

    1

    0

    'शादी के बाद हम दोनों काफी खुश थे, लेकिन घर वाले नाराज थे। भाई और मामा हमें जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इसलिए हमने घर छोड़ दिया। मुजफ्फरनगर में एक रिश्तेदार के घर रहने लगे। पति कहते थे- सब सही हो जाएगा। उसकी SSF में नौकरी लग गई थी। आज (11 जून) ज्वाइनिंग थी, लेकिन उन लोगों ने पहले ही उसकी जिंदगी छीन ली।' ये बातें पुलिस भर्ती परीक्षा देने सहारनपुर आई आकांक्षा ने रोते हुए कहीं। जिनके पति शिवकुमार की मंगलवार को परीक्षा केंद्र से 500 मीटर दूर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आकांक्षा ने अपने भाई, पिता, मामा और रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने बुधवार को आकांक्षा की मां विमला और मामा कर्मवीर को गिरफ्तार कर लिया है। आकांक्षा ने दैनिक भास्कर से फोन पर बातचीत में बताया कि भाई और मामा हमें मारना चाहते थे। कई बार धमकियां दी थीं। जब मैं परीक्षा देकर घर जा रही थी, तभी रास्ते में उन्होंने हमारी स्कॉर्पियो कार को घेर लिया। इसके बाद भाई मंजीत ने पति शिवकुमार की कनपटी में गोली मार दी। वह मुझे भी मारना चाहता था, लेकिन लोगों के आने से भाग गया। गांव के लोग बताते हैं कि शिवकुमार शांत स्वभाव का था। नौकरी लगने के बाद वह गांव में सम्मान के साथ लौटना चाहता था, लेकिन खेड़ी बैरागी गांव स्थित घर उसकी डेडबॉडी आई है। शव को देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आज दोपहर उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझिए… पत्नी को परीक्षा दिलाने आया था, रास्ते में घेरकर मारा शामली के खेड़ी बैरागी में रहने वाले शिवकुमार पुत्र सलेक चंद ने 4 महीने पहले अपने ही गांव की लड़की आकांक्षा से लव मैरिज की थी। मंगलवार को आकांक्षा की यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा रामपुर मनिहारान स्थित गोचर इंटर कॉलेज में थी। शिवकुमार किराए की स्कॉर्पियो से परीक्षा दिलाने आया था। परीक्षा खत्म होने के बाद स्कॉर्पियो जैसे ही केंद्र से 500 मीटर दूर हाईवे पर पहुंची, तो आकांक्षा का भाई और मामा बाइक से उनका पीछा करने लगे। करीब 300 मीटर आगे कई गाड़ियों के होने से स्कॉर्पियो की रफ्तार धीमी हुई, तो दोनों ने स्कॉर्पियो को घेर लिया। मंजीत ने शीशे के पास आकर गोली मार दी। गोली शिवकुमार के सिर में लगी। खून से लथपथ शिवकुमार को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मायके वाले शादी से नाराज थे, जान से मारने की धमकी देते थे हॉस्पिटल में रोते-बिलखते आकांक्षा ने बताया- शिवकुमार और मैं एक ही गांव के रहने वाले हैं। इसलिए हम दोनों का मिलना-जुलना रहता था। धीरे-धीरे प्यार हो गया। इसके बाद शिवकुमार ने मेरे परिवार से शादी की बात की, लेकिन वे लोग राजी नहीं थे। फिर हम दोनों ने लव मैरिज करने का फैसला लिया। 27 फरवरी 2026 को प्रयागराज में एक आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। इसके बाद जब हम दोनों घर पहुंचे, तो मेरे मायके वालों ने जान से मारने की धमकी दी। शिवकुमार और मैंने गांव छोड़ दिया और मुजफ्फरनगर में एक रिश्तेदार के घर रहने लगे। नौकरी लगी तो लगा अब सब ठीक हो जाएगा आकांक्षा ने बताया- शिवकुमार ने तमाम मुश्किलों के बावजूद पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी। हाल ही में उसका चयन गृह मंत्रालय के अधीन SSF में हुआ था। 3 मई को उसका जॉइनिंग लेटर आ गया था। 11 जून को ज्वाइन करना था। इससे वह काफी खुश था। शिवकुमार को विश्वास था कि अब परिवार का विरोध भी धीरे-धीरे खत्म हो जाएगा। हम लोग वापस जाकर गांव रहने लगेंगे। रिश्तेदार बधाई देने आ रहे थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि जॉइनिंग से पहले ही उसकी अर्थी उठ जाएगी। मृतक शिवकुमार के पिता सलेक चंद (50) प्राइवेट काम करते हैं। वह अपने पिता का काम में हाथ बटाता था। शिवकुमार का छोटा भाई अरविंद 10वीं में पढ़ता है। बहन नीतू 12वीं की छात्रा है। कुछ दिन पहले ही शिवकुमार की नौकरी SSF में लगी थी। 11 जून को उसकी ज्वाइनिंग होने वाली थी। अब देखिए वारदात की 2 तस्वीरें.. भाई मुझे भी मारना चाहता था आकांक्षा ने बताया- मेरे परिवार वाले और रिश्तेदार कई बार शिवकुमार को जान से मारने की धमकी दे चुके थे। शिवकुमार को गोली मारने के बाद मेरा भाई मंजीत मुझे भी मारने के लिए झपटा, तो मैं कार की सीट के नीचे छिप गई। इसी बीच आसपास के लोग आ गए, तो वे लोग मुझे छोड़कर भाग गए। शादी के बाद से भाभी के घर वाले भाई का पीछा करते थे शिवकुमार की बहन नीतू ने बताया- शादी के बाद से ही आकांक्षा के परिवार वाले घर आकर बदतमीजी करते थे। शिवकुमार का पीछा करते थे। भाभी को परीक्षा दिलाने के लिए वह सहारनपुर गया था। उसे पता चल गया था कि भाभी के घर वाले पीछा करते हुए आ गए हैं। इस पर भाई ने पिता और छोटे भाई को बुलाया था, लेकिन उससे पहले ही भाई को मार डाला। आरोपियों की तलाश में पांच टीमें डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया- आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमें लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर छापे मारे जा रहे हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि हमलावरों को परीक्षा केंद्र, यात्रा कार्यक्रम और वाहन की जानकारी कैसे मिली। कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान खंगाले जा रहे हैं। -------------------------- यह खबर भी पढ़िए:- वृंदावन- बांके बिहारी मंदिर के पास मकान का छज्जा गिरा:9 घायल, 4 की हालत गंभीर; पड़ोसी बोला- बंदर के कूदने से टूटा वृंदावन में मंगलवार शाम बांके बिहारी मंदिर के पास गली नंबर-5 में एक मकान का जर्जर छज्जा अचानक गिर गया। हादसे के समय वहां श्रद्धालुओं की भीड़ थी। छज्जा गिरने से 9 लोग घायल हो गए, जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा सुधीर गोस्वामी के मकान में हुआ। पड़ोसी शिवकुमार का कहना है कि छज्जे पर पहले से दरार थी। बंदर के कूदने से गिर गया। पढ़ें पूरी खबर…
    Click here to Read more
    Prev Article
    यूपी के 36 PCS अफसर IAS बनेंगे:पेपर लीक की आरोपी रहीं अंजू कटारिया का भी प्रमोशन पक्का, जल्द जारी होंगे आदेश
    Next Article
    गोंडा एसपी ने 22 उपनिरीक्षकों का किया तबादला:सिविल लाइन सहित कई चौकी प्रभारी हटाए गए, सोनू कुमार बने चौकी प्रभारी रोडवेज

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment