Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:पेट्रोल-डीजल ₹5 महंगा; महिला बोली- SP ने रेप किया; सुखना लेक 2 दिन बंद; ट्रेन में बच्चा भूल गया परिवार

    3 hours ago

    1

    0

    नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ने से जुड़ी रही। एक कंपनी ने पेट्रोल के रेट 5 रुपए और डीजल के 2 से 3 रुपए प्रति लीटर रेट बढ़ा दिए। ये आदेश गुरुवार सुबह से ही लागू भी कर दिए गए। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. पंजाब में एक कंपनी ने पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ाए पंजाब में पेट्रोलियम कंपनी नायरा ने गुरुवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी। पेट्रोल की कीमत में 5 रुपए और डीजल की कीमत में 2 से 3 रुपए की बढ़ोतरी की है। हालांकि सरकारी कंपनियों के दाम अब भी स्थिर हैं। नायरा ने पंजाब भर में नए रेट सुबह से ही लागू कर दिए हैं। लुधियाना में नायरा के पंप पर पेट्रोल 103.31 और डीजल 90.96 प्रति लीटर मिल रहा है। पहले पेट्रोल 98.31 और डीजल 87.96 रुपए प्रति लीटर मिलता था। मोहाली में एयरपोर्ट पर स्थित नायरा फिलिंग स्टेशन पर पहले पेट्रोल का रेट 98.45 रुपए प्रति लीटर था, जो अब बढ़कर 103.45 रुपए प्रति लीटर हो गया है। डीजल का रेट पहले 89.12 रुपए प्रति लीटर था, जो अब 91.12 रुपए प्रति लीटर हो गया है। करीब 6 दिन पहले प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 2 रुपए बढ़ाई गई थी। नॉर्मल पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया था। पेट्रोल की कीमतों में यह बढ़ोतरी कच्चा तेल महंगा होने की वजह से की गई है। लुधियाना में पंप के मालिक राजन कपूर ने बताया कि जंग का असर पूरी दुनिया में है। महंगाई बढ़ रही है। कुछ दिन पहले गैस की प्रॉब्लम थी। पेट्रोल-डीजल को लेकर फिलहाल कोई समस्या नहीं है। पंपों पर पेट्रोल व डीजल पर्याप्त मात्रा में है (पढ़ें पूरी खबर) 2. महिला बोली- पंजाब पुलिस के SP ने मेरा रेप किया पंजाब पुलिस के SP रैंक के अफसर पर रेप के गंभीर आरोप लगे हैं। एक महिला ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा कि SP ने मदद के बहाने उसे जाल में फंसाया। फिर उसका रेप किया। उसने विरोध किया तो शादीशुदा होने के बावजूद SP ने उससे मंदिर में शादी का ड्रामा किया। जब वह रेप करने से SP के बच्चे की मां बनने लगी तो 2 बार उसका गर्भपात करा दिया। महिला ने कहा- SP करप्शन भी करता है। इसी से उसे घर दिलाया था। मगर, जब उसकी पहली पत्नी को पता लगा, तो उसने यह घर बेच दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। इस बारे में उसने मोगा के SSP को शिकायत दी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। याचिका पर हाईकोर्ट ने शिकायत दर्ज करने में देरी को लेकर नाराजगी जताई। हालांकि सरकार ने हाईकोर्ट को बताया कि मामले की जांच IG लेवल के अफसर को सौंपी गई है। जिस पर हाईकोर्ट ने कहा कि 3 हफ्ते में जांच पूरी कर रिपोर्ट दें। हाईकोर्ट ने कहा कि अगर आरोप सही हों तो कार्रवाई करें, अगर पुलिस की जांच रिपोर्ट कुछ और हो तो इसके बारे में याचिका दायर करने वाली महिला को भी सूचना दें। कोर्ट ने पुलिस जांच अफसर को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से जांच करने के लिए कहा। (पढ़ें पूरी खबर) 3. सुखना लेक आम लोगों के लिए बंद, 2 दिन का एयर शो चंडीगढ़ सुखना लेक को आज, 26 मार्च से आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। लोग यहां सैर नहीं कर पाएंगे। DC निशांत यादव ने बताया कि सुखना लेक पर अगले 2 दिन यानी 27-28 मार्च को एयर शो होना है। जिसके चलते यह फैसला लिया गया है। 28 मार्च की दोपहर डेढ़ बजे इसे फिर से खोल दिया जाएगा। एयर शो के लिए 100 रुपए की टिकट रखी गई है। डेली सिर्फ 10 हजार ही टिकटों की बुकिंग होगी। एंट्री इसी से मिलेगी। एंट्री के वक्त वैलिड फोटो ID और QR कोड वाला पास साथ लाना होगा। लोग शटल बस सर्विस के जरिए यहां तक पहुंच सकेंगे। QR कोड से ही बस में बैठा जा सकेगा। सुखना के पास प्राइवेट व्हीकल की नो एंट्री रहेगी। बैग और खाने-पीने का सामान भी नहीं ला सकेंगे। सिर्फ ट्रांसपेरेंट पानी की बोतल ले जा सकेंगे। इस एयर शो में एयरफोर्स की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम ही प्रदर्शन करेगी। यह टीम BAE Hawk Mk-132 जेट ट्रेनर विमान उड़ाती है। इसमें 9 लाल-सफेद रंग के विमान एक साथ आसमान में नजर आएंगे। यह एशिया की इकलौती 9 विमानों वाली एरोबैटिक टीम मानी जाती है। पूरा शो करीब 30 से 45 मिनट का होगा। कार्यक्रम में 6 साल से छोटे बच्चे लाने की मनाही है। (पढ़ें पूरी खबर) 4. FIR डाउनलोडिंग पर लगाई 80 रुपए फीस हटाई पंजाब पुलिस की वेबसाइट से किसी केस की FIR डाउनलोड करने पर लगाई 80 रुपए की फीस को सरकार ने वापस ले लिया है। सरकार ने पहले जारी किए नोटिफिकेशन को रद्द कर दिया था। सरकार के इस फैसले को लेकर विरोध हो रहा था। कुछ वकीलों ने इसको लेकर हाईकोर्ट में भी याचिका दायर कर दी थी। जिसके बाद बुधवार आधी रात के बाद ये आदेश जारी कर दिए गए। नोटिफिकेशन में आदेश तुरंत लागू होने की बात कही गई है। लेकिन गुरूवार दोपहर तक सांझ पोर्टल पर फीस वसूली की जा रही थी। इसके खिलाफ याचिका दायर करने वाले एडवोकेट अभिषेक मल्होत्रा और वासु रंजन शांडिल्य ने याचिका दायर की थी। उनका कहना था कि कानून कहता है कि FIR की कॉपी पीड़ित या शिकायत करने वाले को मुफ्त मिलनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट भी पहले कह चुका है कि FIR ऑनलाइन डालनी चाहिए, ताकि लोग उसे फ्री में देख और डाउनलोड कर सकें। पुराने पुलिस नियमों में भी लिखा है कि FIR की कॉपी के लिए कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी भी डीडीआर (DDR) की कॉपी के लिए ₹100 और लॉस्ट रिपोर्ट दर्ज कराने पर ₹20 वसूले जा रहे हैं, जो कि गैरकानूनी हैं। सरकार को 2 दिन में ली फीस भी रिफंड करनी चाहिए (पढ़ें पूरी खबर) 5. सिलेंडर फटा, मालिक VIDEO बनाते हुए बोला- देखो मेरा घर जल रहा चंडीगढ़ में देर रात घर में सिलेंडर फट गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से निकल भागे। हालांकि जब उन्होंने देखा कि पड़ोसी के घर से आग की लपटें निकल रही हैं तो उन्होंने फौरन परिवार की मदद शुरू की। सिलेंडर फटने से पूरे घर में आग लग गई और सारा सामान जल गया। जिस वक्त ये हादसा हुआ, पूरा परिवार सो रहा था। धमाके की आवाज सुनकर उनकी नींद टूटी। जिसके बाद घर के मालिक ने आग लगते समय अपने मोबाइल से वीडियो शूट किया। इसमें वह बोल रहा है- भाई यह मेरा घर जल रहा है, मेरी आंखों के सामने। हमारे घर में आग लगी है। मौलीजागरां के विकास नगर में रहने वाले विनोद कुमार ने कहा कि रात करीब साढ़े 12 बजे जोरदार धमाके की आवाज आई। पहले तो उन्हें समझ नहीं आया कि क्या हुआ। लोग घरों से निकलकर दौड़ने लगे। जब बाहर आकर देखा तो कुछ दूरी पर एक घर की दूसरी मंजिल में आग लगी हुई थी (पढ़ें पूरी खबर) 6. लव मैरिज पर गुस्साए युवती के परिजन, घर में तोड़फोड़, कबूतर मारे अमृतसर में लव मैरिज से गुस्साए युवती के परिजनों ने युवक के घर में तोड़फोड़ कर दी। युवक के पिता का आरोप है कि उन्होंने कीमती सामान ही नहीं तोड़ा बल्कि घर में रखे कबूतरों को भी मारकर फेंक दिया। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। अजनाला के रहने वाले सुलक्खन सिंह ने बताया कि उनका बेटा करन गांव की ही साक्षी से प्रेम करता था। लेकिन लड़की वाले इसका विरोध करते थे। सोमवार को करन और साक्षी ने घर से भागकर लव मैरिज कर ली। इसका पता चला तो वह खुद लड़की वालों के घर गए और रिश्ता कबूल करने के लिए उनके पैरों में अपनी पगड़ी रख दी। मगर वे नहीं माने। इसके बाद डर के मारे हम घर का ताला लगाकर बाहर चले गए थे। पीछे से आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ की। जब हम कल रात घर लौटे तो तोड़फोड़ का पता चला। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। वहीं, दूसरी तरफ लड़की के परिवार ने इन आरोपों को पूरी तरह से झूठा बताया है। लड़की के परिजन हीरा सिंह का कहना है कि हमारी लड़की की शादी थी, जिसे यह लड़का शादी से दो दिन पहले भगा ले गया (पढ़ें पूरी खबर) 7. आटा चक्की संचालक की 50 लाख की लॉटरी लगी फाजिल्का में आटा चक्की संचालक की किस्मत रातों-रात बदल गई। गांव सजराना के रहने वाले जरनैल सिंह ने फाजिल्का के रूपचंद लॉटरी के यहां से होली बंपर का टिकट खरीदा था। जिसमें उसकी 50 लाख रुपए की लॉटरी लगी है। रूपचंद लाटरी के संचालक बॉबी का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से वह विजेता की तलाश कर रहे थे. क्योंकि वह उनके यहां से होली बंपर का टिकट तो खरीद ले गए। लेकिन अपना नंबर पता नहीं बता कर गए। अब पता चला तो उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। जरनैल सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि एक छोटी सी टिकट उनकी जिंदगी इस तरह बदल देगी। वह लंबे समय से अपने परिवार का गुर्जर बसर करने के लिए आटा चक्की चला रहे हैं। इससे पहले जालंधर में फिल्लौर के रहने वाले ईंट भट्ठा मालिक की 3 करोड़ की लॉटरी निकली थी। इस लॉटरी के विनर का पता 5वें दिन लगा था। ईंट भट्ठा मालिक ने बताया था कि वे 3 करोड़ रुपए की लॉटरी लगने की खबरें पढ़ रहे थे और टीवी पर सुन रहे थे। हालांकि, उन्हें लगा नहीं था कि यह लॉटरी उनकी है, इसलिए उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। (पढ़ें पूरी खबर) 8. मोहाली में अयोध्या की तर्ज पर राम मंदिर बना मोहाली में अयोध्या की तर्ज पर राम मंदिर बनाया गया है। अज्ज सरोवर पर बना यह मंदिर राज्य में सबसे बड़ा राम मंदिर है, जिसे अयोध्या के राम मंदिर की शैली पर डिजाइन किया गया है। इसके अलावा लोग राम परिवार, महाराजा अज्ज, महाराज दशरथ की प्रतिमाओं के दर्शन कर पाएंगे। आज मंदिर को दर्शनों के लिए जनता के लिए खोल दिया गया। यहां स्थापित सारी प्रतिमाएं जयपुर में तैयार की गई हैं। वहां से उन प्रतिमाओं को यहां पर लाया गया है। जिसके बाद प्राण प्रतिष्ठा के लिए समागम चल रहा है। वहीं रोजाना ट्राइसिटी से लोग दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। यह राम मंदिर अज्ज सरोवर पर बना है, जिसका नाम भगवान श्रीराम के दादा के नाम पर रखा गया है। यह 152 साल पुराना (लगभग 1870 के आसपास का) बड़ा सरोवर है, जो लगभग 15 एकड़ में फैला हुआ है। मंदिर से जुड़े सुनील सेठी बताते हैं कि मंदिर का अपना इतिहास है। ब्रिटिश काल में भी इसकी पवित्रता का सम्मान करते हुए यहां नाव चलाना और मछली पकड़ना प्रतिबंधित था। 1979 में सरोवर की खुदाई के दौरान 10वीं शताब्दी के प्राचीन हिंदू मंदिर के अवशेष और विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियां मिली थीं। (पढ़ें पूरी खबर) 9. सिद्धू मूसेवाला का नया गाना जल्द रिलीज होगा पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का जल्द ही नया गाना रिलीज होगा। इसकी जानकारी मूसेवाला के इंस्टाग्राम पेज पर दी गई। 25 मार्च को इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाकर लिखा जल्दी ही नया गाना आने वाला है। इसके अलावा उसमें करीब 3 महीने पहले रिलीज हुए बरोटा गाने को पसंद करने के लिए भी फैंस का धन्यवाद किया गया। यूट्यूब पर जहां इस गीत को 10 करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं, वहीं इस पर 1 करोड़ से ज्यादा लोग कमेंट भी कर चुके हैं। कमेंट के मामले में यह गाना दुनिया में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। मूसेवाला की मौत को मई में चार साल पूरे हो जाएंगे। उनकी मौत 29 मई 2022 को हुई थी। तब उनकी उम्र महज 28 साल थी। मौत के बाद उनके 12 गीत रिलीज हो चुके हैं। इसके साथ सिद्धू मूसेवाला के होलोग्राम शो की तैयारियां जोरों पर हैं। सिंगर के पिता बलकौर सिंह ने बताया कि सिद्धू का 2026 वर्ल्ड टूर होगा। इसका नाम साइन टू गॉड रखा गया है। कुछ दिन पहले टूर का टीजर रिलीज किया गया था। मूसेवाला का ये शो 8 देशों में रिलीज होगा। (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके… 10. परिवार ट्रेन से उतरा, बच्चा डिब्बे में ही भूल गए पठानकोट में एक परिवार खुद ट्रेन से उतर गया और बच्चा ट्रेन में ही भूल गए। जब ट्रेन चल पड़ी तो उन्हें पता चला कि 10 साल का मासूम तो ट्रेन में ही रह गया। बिना परिवार के बच्चा भी ट्रेन के डिब्बे में रोने लगा। परिवार ने तुरंत इसकी शिकायत RPF को की। RPF ने रेल अधिकारियों को सूचना दी। जिसके बाद ट्रेन को रुकवाया गया। यह घटना हेमकुंड एक्सप्रेस में हुई। पठानकोट कैंट स्टेशन पर ट्रेन 5 मिनट के लिए रुकी। तब परिवार नीचे उतर गया। ट्रेन स्टॉपेज टाइम खत्म होने के बाद आगे रवाना हो गई। इसी दौरान एक महिला यात्री परेशान नजर आई। ड्यूटी पर तैनात ट्रेन मैनेजर बृजेश कुमार ने देखा कि महिला और उसके साथी पॉइंट्समैन और आरपीएफ कर्मचारी ट्रेन रोकने का इशारा कर रहे हैं। उन्होंने तुरंत ट्रेन रुकवाई और बच्चे को नीचे उतारा। परिवार हिमाचल का रहने वाला था। वह श्री माता वैष्णों देवी के दर्शन कर पठानकोट वापिस आए थे। वापसी में उनकी आंख लग गई। इस दौरान आखिरी वक्त में वह पठानकोट कैंट में उतरे, इसके चक्कर में बच्चे को वहीं भूल गए। बच्चे को उतारने के चक्कर में ट्रेन भी 5 मिनट लेट हो गई (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
    Click here to Read more
    Prev Article
    ADR रिपोर्ट- भाजपा को सबसे ज्यादा चंदा मिला:अन्य दलों को मिले चंदे का 10 गुना, पार्टियों को इस साल 161% अधिक पैसा मिला
    Next Article
    Aamrapali Dubey Romantic Movies On OTT: आम्रपाली दुबे की इन फिल्मों में मिलेगा प्यार और फैमिली ड्रामा, OTT पर ऐसे देखें

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment