Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    SpaceX का Starship बूस्टर समुद्र में गिरा, अंतरिक्ष यान ने पृथ्वी की कक्षा में पहुंचकर छोड़े 26 उपग्रह

    1 hour ago

    1

    0

    अमेरिका की निजी अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स की शुक्रवार को अपने स्टारशिप रॉकेट के दोनों हिस्सों को उड़ान के बाद वापस लाकर प्रक्षेपण स्थल पर पकड़ने की कोशिश नाकाम रही। रॉकेट के बूस्टर में मेक्सिको की खाड़ी में गिरने के बाद विस्फोट हो गया हालांकि अंतरिक्ष यान पृथ्वी की कक्षा में पहुंचने में सफल रहा। उड़ान भरने के बाद रॉकेट के पहले चरण के बूस्टर को टेक्सास स्थित प्रक्षेपण स्थल पर वापस लाने के बजाय समुद्र में एक निर्धारित स्थान की ओर मोड़ दिया गया।इस झटके के बावजूद अंतरिक्ष यान अपनी यात्रा पर आगे बढ़ता रहा। किसी अन्य बाधा के सामने न आने पर यह शनिवार को वापस प्रक्षेपण स्थल की ओर आएगा। इसकी पूरी उड़ान 22 घंटे तक चल सकती है।यह पहला मौका है जब स्टारशिप पृथ्वी की कक्षा से सीधे प्रक्षेपण स्थल पर लौटने की कोशिश करेगा। वहां प्रक्षेपण टावर पर लगे विशाल यांत्रिक हाथ इसे हवा में ही पकड़ेंगे। बूस्टर के नष्ट होने से एलन मस्क की कंपनी एक ही उड़ान में रॉकेट के दोनों हिस्सों को पकड़ने की उपलब्धि हासिल करने से चूक गई।इस परीक्षण का मूल उद्देश्य रॉकेट के हर हिस्से को वापस हासिल करना था, ताकि भविष्य में उनका दोबारा इस्तेमाल किया जा सके। दुनिया में अब तक कहीं भी इस तरह की पूरी तरह पुन: इस्तेमाल योग्य रॉकेट प्रणाली विकसित करने में सफलता नहीं मिली है। मस्क का मानना है कि इससे रॉकेट को तेजी और नियमितता के साथ बार-बार प्रक्षेपित करना संभव होगा।यह चंद्रमा पर आधार बनाने और लोगों को मंगल ग्रह पर भेजने जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए जरूरी है। पृथ्वी की कक्षा में पहुंचने के कुछ ही देर बाद स्टारशिप ने स्पेसएक्स के 26 सबसे उन्नत स्टारलिंक उपग्रहों को उनकी निर्धारित कक्षा में छोड़ दिया। योजना के मुताबिक, स्टारशिप करीब 275 किलोमीटर की ऊंचाई पर पृथ्वी के 15 चक्कर लगाएगा।इसके बाद शनिवार को उड़ान के अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण चरण के लिए प्रक्षेपण स्थल की ओर लौटेगा। स्पेसएक्स इससे पहले अमेरिका और मेक्सिको की सीमा के पास स्थित अपने विशाल स्टारबेस प्रक्षेपण केंद्र में तीन बार बूस्टर को सफलतापूर्वक पकड़ चुका है। ऐसे में शुक्रवार को हुई यह चूक और भी अप्रत्याशित थी।स्पेसएक्स की प्रक्षेपण संबंधी टिप्पणीकार केट टाइस ने कहा, ‘‘निश्चित रूप से यह वह खबर नहीं है, जिसे हम आज सुनना चाहते थे।’’ उन्होंने कहा कि प्रक्षेपण स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किए जाने वाले कड़े परीक्षणों और जांच प्रक्रियाओं के अनुरूप ही यह कदम उठाया गया। हालांकि, इस गड़बड़ी की वजह नहीं बताई गई। यह 236 फुट लंबे उन्नत बूस्टर का पहला परीक्षण था।कंपनी पहली बार 171 फुट लंबे अंतरिक्ष यान को भी पकड़ने की कोशिश करेगी। बूस्टर और अंतरिक्ष यान को मिलाकर बना यह रॉकेट 407 फुट ऊंचा है और दुनिया का सबसे बड़ा एवं सबसे शक्तिशाली रॉकेट है। इससे पहले स्टारशिप के 14 परीक्षणों में अंतरिक्ष यान वाला हिस्सा या तो योजना के मुताबिक उड़ान के अंत में समुद्र में गिरा या फिर दुर्घटनावश आग की लपटों और मलबे के साथ नष्ट हो गया।सितंबर में हुए पिछले परीक्षण में स्टारशिप पहली बार पृथ्वी की कक्षा तक पहुंचने में सफल रहा था। हालांकि, उस समय स्पेसएक्स ने रॉकेट के किसी भी हिस्से को वापस हासिल करने की कोशिश नहीं की थी। नासा चंद्रमा पर आर्टेमिस मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों को उतारने के लिए स्पेसएक्स को अरबों डॉलर का भुगतान कर रहा है।इस काम में जेफ बेजोस की कंपनी ब्लू ओरिजिन भी एक प्रमुख दावेदार है। नासा को आर्टेमिस-4 मिशन के तहत चंद्रमा पर अंतरिक्ष यात्रियों की लैंडिंग से एक साल पहले यह तय करना है कि आधी सदी से भी अधिक समय बाद चंद्रमा की सतह पर उतरने वाले अंतरिक्ष यात्रियों को वहां पहुंचाने के लिए मस्क के स्टारशिप का इस्तेमाल किया जाए या बेजोस के ब्लू मून यान का। स्टारशिप के पृथ्वी की कक्षा में पहुंचने के बाद नासा के प्रशासक जेरेड आइजैकमैन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हम आर्टेमिस-3 मिशन में स्टारलिंक की कुछ कक्षीय क्षमताओं का इस्तेमाल करने को लेकर उत्साहित हैं।’’
    Click here to Read more
    Prev Article
    US Flight Cancellations ATC Outage | 9/11 के बाद अमेरिका का सबसे बड़ा हवाई संकट, ATC सिस्टम में खराबी से थमा आसमान, 11,000 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित
    Next Article
    UK में US एयरबेस RAF Lakenheath पर दिखा संदिग्ध ड्रोन, सुरक्षा बलों ने संभाला मोर्चा

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment