Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    वर्ल्ड अपडेट्स:अमेरिका में वैज्ञानिकों के लापता होने पर ट्रम्प बोले- मामला गंभीर, जांच का आदेश दिया

    9 hours ago

    1

    0

    अमेरिका में संवेदनशील राष्ट्रीय सुरक्षा रिसर्च से जुड़े वैज्ञानिकों के लापता या मृत होने की रिपोर्ट को लेकर चिंता बढ़ गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने गुरुवार को इस मामले को ‘गंभीर’ बताया और जांच के आदेश दिए। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर बैठक की है और जल्द ही इसकी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ बेहद महत्वपूर्ण लोग इससे जुड़े हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2023 के बाद से कम से कम 10 वैज्ञानिक या सरकारी कर्मचारी, जो एडवांस डिफेंस और एयरोस्पेस रिसर्च में काम कर रहे थे, लापता हो गए हैं या उनकी मौत हो गई है। इन मामलों में लॉस एलामोस नेशनल लैबोरेटरी, नासा की जेट प्रोपल्शन लैब और MIT के प्लाज्मा साइंस एंड फ्यूजन सेंटर से जुड़े लोगों का जिक्र किया गया है। कुछ लोग बिना निजी सामान लिए घर से गायब हुए, जबकि कुछ की मौत संदिग्ध हालात में हुई है। सुरक्षा विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि संवेदनशील रिसर्च से जुड़े लोग निशाने पर हो सकते हैं, हालांकि अभी तक किसी ठोस कारण या पैटर्न की पुष्टि नहीं हुई है। पूरी खबर पढ़ें… अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… इंडोनेशिया के घने जंगल में हेलिकॉप्टर क्रैश, 8 लोगों की मौत इंडोनेशिया के कालीमंतन प्रांत में एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। यह हेलीकॉप्टर गुरुवार सुबह एक प्लांटेशन इलाके से उड़ान भरने के सिर्फ 5 मिनट बाद ही संपर्क से बाहर हो गया। राहत एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद स्याफी ने बताया कि जहां हेलीकॉप्टर का संपर्क टूटा, वह इलाका घने जंगल और पहाड़ियों से भरा हुआ है, जिससे बचाव कार्य में काफी दिक्कत आ रही है। रेस्क्यू टीम को हेलीकॉप्टर के मलबे का एक हिस्सा, जो पूंछ बताया जा रहा है, उस जगह से करीब 3 किलोमीटर पश्चिम में मिला है जहां आखिरी बार संपर्क हुआ था। हादसे की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। हेलीकॉप्टर में 6 यात्री और 2 क्रू मेंबर सवार थे और सभी की इस हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार को सेना और पुलिस की मदद से बचाव दल जमीन के रास्ते घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है। यह हेलिकॉप्टर एक पाम ऑयल कंपनी के प्लांटेशन इलाके से उड़ा था और एक निजी एविएशन कंपनी का था। BRICS समिट में शामिल होने भारत आएंगे पुतिन, एक साल से कम में दूसरी बार भारत दौरा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस साल भारत में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। रूस ने इसकी पुष्टि की है। यह एक साल से कम समय में उनका दूसरा भारत दौरा होगा। रूस के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव के मुताबिक, पुतिन समिट में ‘निश्चित रूप से’ शामिल होंगे। भारत सितंबर 2026 में 18वें BRICS समिट की मेजबानी करेगा, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। पुतिन इससे पहले दिसंबर 2025 में भारत आए थे, जहां भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने पर चर्चा हुई थी। यह दौरा रणनीतिक साझेदारी के 25 साल पूरे होने के मौके पर भी अहम रहा था। भारत की अध्यक्षता में इस बार समिट का फोकस वैश्विक शासन सुधार, आर्थिक मजबूती, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, हेल्थ सिक्योरिटी, आतंकवाद विरोधी सहयोग और जलवायु वित्त जैसे मुद्दों पर रहेगा। चीन का शेनझोउ-21 मिशन बढ़ा, 3 अंतरिक्ष यात्री एक महीना और स्पेस में रहेंगे चीन ने अपने शेनझोउ-21 मिशन के तहत अंतरिक्ष में मौजूद तीनों अंतरिक्ष यात्रियों का मिशन अवधि करीब एक महीने बढ़ा दी है। यह फैसला लंबी अवधि के स्पेस मिशन से जुड़ी तकनीकों के परीक्षण के लिए लिया गया है। शेनझोउ-21 मिशन को 31 अक्टूबर को जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से लॉन्ग मार्च-2F रॉकेट के जरिए लॉन्च किया गया था। आमतौर पर ऐसे मिशन में अंतरिक्ष यात्री करीब 6 महीने तक स्पेस स्टेशन में रहते हैं। इस मिशन में झांग होंगझांग, वू फेई और कमांडर झांग लू शामिल हैं। तीनों पिछले 5 महीने से ज्यादा समय से कक्षा (ऑर्बिट) में हैं और उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है। पहले उनकी वापसी अप्रैल के आसपास तय थी, लेकिन अब मिशन को बढ़ा दिया गया है। नई वापसी तारीख का अभी ऐलान नहीं किया गया है। चीन के अंतरिक्ष अधिकारियों के मुताबिक, इस विस्तार का मकसद लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहने से जुड़ी तकनीकों का परीक्षण करना है। इस दौरान अंतरिक्ष यात्री अपने वैज्ञानिक और तकनीकी प्रयोग जारी रखेंगे। अमेरिका में पूर्व गवर्नर ने तलाक विवाद में पत्नी की हत्या की, खुद को भी गोली मारी अमेरिका के वर्जीनिया में पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर जस्टिन फेयरफैक्स ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद भी सुसाइड कर लिया। यह घटना गुरुवार रात एनानडेल स्थित उनके घर में हुई। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय दंपती के दोनों बेटे घर में मौजूद थे, जिन्होंने कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जस्टिन फेयरफैक्स (47) और उनकी पत्नी सेरीना को मृत पाया। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच तलाक को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस घर में लगे कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। घटना को लेकर पुलिस प्रमुख ने कहा कि यह बेहद दुखद है, खासकर इसलिए क्योंकि बच्चे उसी समय घर में मौजूद थे। फिलहाल बच्चों को परिजनों की देखरेख में रखा गया है और उन्हें काउंसलिंग दी जा रही है। इससे पहले जनवरी में फेयरफैक्स ने पत्नी पर हमले का आरोप लगाया था, लेकिन जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई थी।
    Click here to Read more
    Prev Article
    अमेरिका-ईरान डील के बाद भी नहीं घटेंगे तेल-गैस के दाम, कारण कर देगा हैरान
    Next Article
    युवक करंट से जिंदा जला, सिर अलग होकर नीचे गिरा:धड़ तारों में फंसकर जलता रहा, बदायूं में पोल पर चढ़कर बिजली ठीक कर रहा था

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment