Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    Afghanistan में Pakistan Air Strike, 28 चरमपंथियों के मारे जाने का दावा

    4 minutes ago

    2

    0

    पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने सोमवार को पूर्वी अफगानिस्तान में कुछ ठिकानों पर हवाई हमले किए, जिन्हें पाक सुरक्षा अधिकारियों ने संदिग्ध चरमपंथियों का ठिकाना बताया। पाकिस्तान ने दावा किया कि इन हमलों में 28 चरमपंथी मारे गए। काबुल के अधिकारियों ने कहा कि हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है।दोनों देशों की सीमा के पास हुए इन हमलों से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव फिर से बढ़ गया है। इससे सीमा पार और टकराव की आशंका पैदा हो गई है और चीन समेत क्षेत्र के देशों की ओर से पाकिस्तान एवं अफगानिस्तान के बीच मध्यस्थता के प्रयासों पर भी असर पड़ सकता है। ये हमले पाकिस्तान की उस चेतावनी के बाद किए गए हैं जिसमें उसने सीमा के पास हाल में अपने सुरक्षा बलों पर हुए दो घातक हमलों के बाद अफगानिस्तान के भीतर चरमपंथियों को निशाना बनाने की बात कही थी।पाकिस्तान में पुलिस और सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर किए जाने वाले चरमपंथियों के हमलों में हाल के वर्षों में इजाफा हुआ है। हमलों में यह बढ़ोतरी कई महीनों से जारी सैन्य कार्रवाई के बाद है। फरवरी से सीमा पार संघर्ष में सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं।फरवरी में पाकिस्तान ने अफगान इलाके में हवाई हमले किए थे, जिसके जवाब में अफगानिस्तान ने जवाबी हमले किए थे। इस्लामाबाद में अधिकारियों ने हिंसा की अधिकतर घटनाओं के लिए पाकिस्तानी तालिबान और उससे संबद्ध चरमपंथी समूहों को जिम्मेदार ठहराया है। पाकिस्तानी तालिबान 2021 में सत्ता में लौटे अफगान तालिबान से अलग संगठन है, हालांकि दोनों एक दूसरे के सहयोगी हैं।पाकिस्तान के दो सुरक्षा अधिकारियों ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर कहा कि सोमवार को हुए हवाई हमलों में 28 संदिग्ध चरमपंथी मारे गए। हालांकि, अफगानिस्तान सरकार ने कहा कि हमलों में तीन आम नागरिक मारे गए और चार अन्य घायल हो गए। दोनों पक्षों के दावों की तुरंत स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी।अफगान तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इन हवाई हमलों की निंदा की और कहा कि इसका जवाब दिया जाएगा। उन्होंने लिखा, ‘‘हमारा मानना है कि बार बार इस तरह के अपराध को दोहराया जा रहा है और हम इस आक्रामकता एवं ज्यादती की निंदा करते हैं। पाकिस्तानी सैन्य हलकों ने एक बार फिर अपने देश की सुरक्षा विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए ऐसा अपराध किया है।’’ अफगानिस्तान सरकार के उप-प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने कहा कि हमले तड़के करीब तीन बजे कुनार प्रांत के नूरगल जिले और पक्तिका प्रांत के बरमल जिले में हुए।शुरुआती जानकारी का हवाला देते हुए फितरत ने कहा कि हमले में नूरगल के पठान गांव में नूर अहमद नाम के एक ग्रामीण का घर तबाह हो गया जिसमें अहमद और उनके परिवार के दो सदस्य मारे गए और चार अन्य रिश्तेदार घायल हो गए। फितरत ने कहा कि बरमल के रखाह और तोर कुंडी इलाकों में हुए हमलों में एक दुकान और एक खाली मकान तबाह हो गया, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। ये हवाई हमले अफगानिस्तान की सीमा से लगे उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हंगू जिले में चरमपंथियों के साथ मुठभेड़ में सेना के दो अधिकारियों समेत छह पाकिस्तानी सुरक्षा कर्मियों के मारे जाने के एक दिन बाद किए गए।ये हमले शुक्रवार को पाकिस्तान के कोहाट शहर में हुए घातक हमले के बाद भी हुए हैं, जहां एक आत्मघाती हमलावर ने पुलिस परिसर के अंदर स्थित एक मस्जिद को निशाना बनाया था और आठ बंदूकधारियों ने कार्यालयों पर धावा बोलकर 20 घंटे तक गोलीबारी की थी। पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई, जिनमें ज्यादातर पुलिस अधिकारी थे जबकि 100 से अधिक लोग घायल हुए। पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने शनिवार को चेतावनी दी कि पाकिस्तान में हुए हमलों के जवाब में देश अफगानिस्तान के अंदर चरमपंथियों को निशाना बना सकता है।मंत्रालय ने कोहाट हमले के लिए अफगानिस्तान में मौजूद चरमपंथियों को जिम्मेदार ठहराया और अफगान तालिबान सरकार पर उन समूहों को पनाह देने और समर्थन करने का आरोप लगाया जो पाकिस्तान में हमले करते हैं। मंत्रालय ने कहा, ‘‘पाकिस्तान के पास आतंकवादी खतरों को खत्म करने की इच्छाशक्ति और क्षमता दोनों हैं, चाहे वे कहीं भी हों।’’ मंत्रालय ने अफगानिस्तान से यह भी कहा कि वह उसके यहां मौजूद चरमपंथी ठिकानों और भर्ती व प्रशिक्षण नेटवर्क को खत्म करने के लिए ‘‘निरंतर ठोस और विश्वसनीय’’ कदम उठाए। सोमवार को हवाई हमले किए जाने तक कोहाट या हंगू हमलों की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली थी।इन हमलों के पीछे शक पाकिस्तानी तालिबान, जिसे औपचारिक रूप से तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) कहा जाता है, पर जताया गया था। टीटीपी ने हाल के वर्षों में पाकिस्तान में पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर हमले तेज किए हैं। टीटीपी अफगानिस्तान के तालिबान से अलग संगठन है, हालांकि दोनों के बीच गठजोड़ है।अफगान तालिबान 2021 में सत्ता में लौटा था। पाकिस्तान ने बार-बार काबुल की तालिबान सरकार पर टीटीपी नेताओं को पनाह देने और आतंकवादियों को सीमा पार हमले करने की अनुमति देने का आरोप लगाया है। अफगान सरकार इन आरोपों से इनकार करती रही है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    Zaporizhzhia में इमारतें क्षतिग्रस्त, Kharkiv में Russian Drone Attack में महिला की मौत
    Next Article
    Saudi Arabia की अपील के बाद भी Donald Trump ने बदला फैसला, Yemen में Houthi पर हमला टाला

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment