Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    गंगा और सरयू के बढ़ते जलस्तर से बलिया में बाढ़:36 हजार से अधिक लोग चपेट में आए; कई गांव-मोहल्लों में घरों तक पहुंचा पानी

    2 hours ago

    1

    0

    बलिया में गंगा और सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का दायरा भी बढ़ता जा रहा है। जिले की सदर, बैरिया और बांसडीह तहसील के कई गांवों के साथ शहर के निचले इलाकों में पानी पहुंच गया है। प्रशासन के अनुसार करीब 36,228 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। कई जगहों पर लोगों के घरों में पानी घुस गया है, जबकि आने-जाने के लिए नाव ही एकमात्र सहारा बची है। गंगा का जलस्तर तेजी से हाई फ्लड लेवल की ओर बढ़ रहा है। शुक्रवार सुबह 8 बजे गायघाट गेज पर नदी का जलस्तर 59.87 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरा बिंदु 57.615 मीटर से 2.255 मीटर ऊपर है और हाई फ्लड लेवल से सिर्फ 56 सेंटीमीटर नीचे है। वहीं चांदपुर गेज पर सरयू का जलस्तर 58.74 मीटर दर्ज हुआ, जो खतरा बिंदु 58 मीटर से 74 सेंटीमीटर ऊपर है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही प्रभावित इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। कम पानी वाले स्थानों पर लोग पानी से होकर आवागमन कर रहे हैं, जबकि गहरे पानी वाले इलाकों में नावों का सहारा लिया जा रहा है। प्रशासन की ओर से राहत शिविर, कम्युनिटी किचन, नाव और मेडिकल टीमों की व्यवस्था की गई है। एनडीआरएफ और पीएसी की टीमें भी प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हैं। सदर तहसील के गांवों और शहर के कई मोहल्लों में पानी सदर तहसील के मुड़ाडीह, जवही दियर, उपरपुर दियर, उमरपुर नौबरार, इच्छा चौबे का पुरा, बघऊच, शिवपुर दियर नम्बरी के मजरा कृपा राय का डेरा, प्रानपुर, भरसौता के गिरी के टोला, पिपरा खुर्द, हृदय चक, दुबहड़, बेलहरी, शाहपुर बभनौली, मझरिया कोट, माल्देपुर, सुल्तानपुर, हल्दी और मुर्की समेत कई गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। नगर पालिका बलिया क्षेत्र के वजीरापुर, गायत्रीनगर, कृष्णा नगर, बेदुआ, निहोरा नगर, यारपुर, हीरपुर, बनकटा, कंसपुर, चन्दनूपुर, नेवरी ता. जमुआ और नेउरी ता. बिगही मोहल्लों में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है। बैरिया में सरयू के साथ गंगा का पानी भी बढ़ा बैरिया तहसील में सरयू नदी के पानी से गोपालनगर, झरकटहां, नवका गांव, वशिष्ठ नगर शिवाल और चांददियर प्रभावित हुए हैं। वहीं गंगा के पानी से रामपुर कोडहरा, शिवपुर कपूर दियर, नौरंगा, भगवानपुर, भुवालछपरा, गोपालपुर के मजरा उदयी छपरा, दूबेछपरा, प्रसाद छपरा, आलम राय का टोला और सुघर छपरा के मजरा केहरपुर प्रभावित हैं। चांददियर के आबादी वाले क्षेत्र में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है। जलस्तर बढ़ने से इन इलाकों में रहने वाले परिवारों को आवागमन और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बांसडीह के 16 गांव सरयू की बाढ़ से प्रभावित बांसडीह तहसील में भोजपुरवा, सुल्तानपुर, कमालपुर, चांदपुर, कोलकला, चितबिसांव कला, चितबिसांव खुर्द, रेगहां, कचनार, किर्तुपुर, पर्वतपुर, सारंगपुर, दियरा गभीरार, दियरा भांगर, रामपुर नम्बरी और चकविलियम गांव सरयू नदी की बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रशासन की टीमें लगातार इन इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। 8 हजार राशन किट और 86,092 भोजन पैकेट बांटे प्रशासन के अनुसार अब तक बाढ़ प्रभावित लोगों को 8,000 राशन किट वितरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा 34,730 दवाओं की किट भी बांटी गई हैं। इन किट में दवाओं के नाम, किस बीमारी में कौन-सी दवा लेनी है और कितने समय तक लेनी है, इसकी जानकारी दर्ज है। बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत शिविर और कम्युनिटी किचन संचालित किए जा रहे हैं। यहां तैयार भोजन प्रभावित लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। अब तक 86,092 पैकेट पका-पकाया भोजन वितरित किया जा चुका है। यह व्यवस्था लगातार जारी है। 116 नावें राहत-बचाव में लगीं, 19 हजार से ज्यादा पशुओं का टीकाकरण वर्तमान में राहत और बचाव कार्य के लिए 116 नावें संचालित की जा रही हैं। सभी बाढ़ चौकियां सक्रिय हैं और राहत शिविर भी चल रहे हैं। प्रभावित इलाकों में जनरेटर के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। पशुओं के लिए भी राहत कार्य जारी है। अब तक 19,453 पशुओं का टीकाकरण कराया जा चुका है। प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए 995 कुंतल भूसा भी वितरित किया गया है। रोजाना दो बार प्रभावित परिवारों से संपर्क, मेडिकल टीमें कर रहीं दौरा प्रशासन के अनुसार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसी परिवार को परेशानी न हो, इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है। उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और जिला स्तरीय अधिकारी प्रतिदिन प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ले रहे हैं। बाढ़ प्रभावित गांवों के लोगों से कम से कम दो बार संपर्क कर उनका हालचाल लिया जा रहा है। चिकित्सकों की टीमें भी रोजाना प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं। एनडीआरएफ और पीएसी की टीमें भी लगातार सक्रिय हैं। आपदा में इन नंबरों पर करें संपर्क प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की आपदा या परेशानी होने पर तत्काल नजदीकी तहसील स्तरीय कंट्रोल रूम या जिला मुख्यालय के कंट्रोल रूम से संपर्क करें। जिला कंट्रोल रूम: 9454417979 लैंडलाइन: 05498-220832, 05498-220235 टोल फ्री: 1077 प्रशासन ने लोगों से बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव दल को सूचना देने की अपील की है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    बदायूं में कदमनगला गांव कटने के बाद जागा बाढ़ खंड:रैपुरा में हो रहे कटान को रोकने पहुंची टीम, तीन नए पॉइंट बनाए
    Next Article
    गोरखपुर में सपा नेता डक्कू को नहीं हो सकी रिहाई:छेड़खानी और हत्या के प्रयास की धारा बढ़ी, रिमांड पर लेगी पुलिस

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment