Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    Imran Khan ने सुप्रीम कोर्ट के जजों को लिखा पत्र, जेल में इलाज न मिलने पर जताई जान जाने की आशंका

    19 hours ago

    6

    0

    (सज्जाद हुसैन) इस्लामाबाद, 16 नवंबर पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने चेतावनी दी कि उनकी बिगड़ती सेहत के कारण ऐसी स्थिति आ सकती है, जहां से वह ‘‘जिंदा वापस नहीं लौट सकेंगे।’’ उन्होंने देश के शीर्ष न्यायाधीशों से अपनी और अपनी पत्नी बुशरा बीबी के लिए उपचार सुनिश्चित करने की अपील की। खान ने सोमवार को सार्वजनिक किए गए एक खुले पत्र में पाकिस्तान के उच्चतम न्यायालय, संघीय संवैधानिक न्यायालय और इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीशों से अपने उपचार और जेल की परिस्थितियों से संबंधित अदालत के पूर्व आदेशों को लागू करने का अनुरोध किया। खान के वकील सलमान सफदर ने पिछले सप्ताह अदियाला जेल में उनसे मुलाकात के बाद ‘एक्स’ पर यह पत्र साझा किया।खान ने 11 नवंबर को हुई इस मुलाकात के दौरान सफदर से कहा था कि वह उनके शब्दों को ‘‘अपने माननीय न्यायाधीशों तक पहुंचाएं।’’ सफदर ने पत्र में लिखा, ‘‘मैंने यह पत्र पूरी ईमानदारी से और केवल इन्हीं निर्देशों के तहत पहुंचाया है। आगे लिखे गए शब्द उनके (खान के) हैं।’’ इस पत्र पर सफदर के हस्ताक्षर भी हैं। खान ने पत्र में कहा, ‘‘74 साल की उम्र में यह लगातार प्रताड़ना मुझे ऐसी स्थिति में पहुंचा रही है, जहां से शायद मैं जिंदा वापस न लौट सकूं।’’ पूर्व क्रिकेटर से राजनेता बने खान पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के संस्थापक हैं।वह 2023 से जेल में बंद हैं और भ्रष्टाचार व हिंसा भड़काने के आरोपों सहित 100 से अधिक मामलों का सामना कर रहे हैं। उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17 जनवरी 2025 को एक अलग मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें दंपति को सजा सुनाई गई थी। खान ने पत्र में कहा कि लंबे समय तक एकांत कारावास में रखे जाने और चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण उनकी सेहत बिगड़ गई।उन्होंने आरोप लगाया कि 20 दिसंबर 2025 से उन्हें लंबे समय तक एकांत कारावास में रखा गया है और दिन में 22 घंटे तक बाहरी दुनिया से अलग रखा जाता है। खान ने कहा कि इस दौरान उन्हें परिवार के सदस्यों, वकीलों, अपने बेटों से फोन पर बात करने, किताबें पढ़ने या टेलीविजन देखने की अनुमति नहीं दी गई। पूर्व प्रधानमंत्री ने दावा किया कि इस साल उन्हें अपने वकीलों से केवल चार बार मिलने की अनुमति दी गई जबकि बुशरा बीबी को अपने वकील से केवल एक बार मिलने दिया गया।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जेल प्रशासन ने बार-बार उन्हें अपनी पत्नी से साप्ताहिक मुलाकात करने से रोका और अदालत के आदेशों के बावजूद उनके बेटों कासिम व सुलेमान को उनसे फोन पर बात नहीं करने दी। खान ने कहा कि जेल के चिकित्सा बोर्ड ने उनकी चिंता व बेचैनी की परेशानी को समझा था और पत्नी व परिवार के सदस्यों से अधिक बार मुलाकात करने के साथ-साथ किताबें पढ़ने व टेलीविजन देखने की सुविधा देने की सिफारिश की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इन सिफारिशों को लागू नहीं किया गया।पूर्व प्रधानमंत्री ने पत्र में लिखा, ‘‘जेल में किसी को भी मुझे जवाब देने या मुझसे बात करने की अनुमति नहीं है। ऐसा तब भी होता है, जब मैं उन्हें सलाम (अभिवादन) करता हूं या कुरान की कोई आयत पढ़ता हूं। मैं केवल यही निष्कर्ष निकाल सकता हूं कि इसका उद्देश्य मुझे बीमार करना और मेरा मनोबल तोड़ना है।’’ उन्होंने अपनी पत्नी की सेहत को लेकर भी चिंता जताई और आरोप लगाया कि बुशरा की आंखों की रोशनी लगातार कमजोर हो रही है तथा उन्हें आंखों की एक और सर्जरी की जरूरत है।अप्रैल में बुशरा बीबी की आंख का पर्दा (रेटिना) अलग हो गया था, जिसके बाद उनकी सर्जरी की गई थी। पत्र में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी। खान ने अपनी अपील के अंत में कहा कि अब वह अपने और अपनी पत्नी के लिए इलाज की मांग कर रहे हैं।उन्होंने लिखा, ‘‘मैं तभी अपनी बेगुनाही साबित कर पाऊंगा, जब जीवित रहूंगा। मैं मानवीय संवेदना के सबसे बुनियादी आधार पर आप माननीय न्यायाधीशों से अपील करता हूं कि बहुत देर होने से पहले मुझे न्याय दें।’’
    Click here to Read more
    Prev Article
    रात में गोथम का Batman और दिन में ब्रिटेन का James Bond? हॉलीवुड के अगले 007 बनने की रेस में सबसे आगे निकले Robert Pattinson
    Next Article
    PM मोदी पहुंचे मनीला, ASEAN Summit से पहले देखा Ramayana आधारित नाटक

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment