Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    Kabul में पाबंदियों के बीच गुप्त तरीके से स्कूल और कारोबार चला रहीं अफगान महिलाएं

    56 minutes ago

    6

    0

    अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में महिलाएं तालिबान के कड़े प्रतिबंधों को चुपचाप चुनौती दे रही हैं। कोई महिला गुप्त रूप से स्कूल चला रही है तो कोई प्रतिबंधों के बावजूद ब्यूटी सैलून और छोटे कारोबार के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही है। अगस्त 2021 में अमेरिका के नेतृत्व वाली सेनाओं के वापस चले जाने के बाद तालिबान के सत्ता में आने के साथ ही महिलाओं पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी गई थीं।उनके लिए प्राथमिक शिक्षा से आगे पढ़ाई पर रोक है। हालांकि, उन्हें इस्लामी धार्मिक शिक्षा और भाषा पाठ्यक्रमों में शामिल होने की अनुमति है। पार्क और जिम में उनके जाने पर प्रतिबंध है, ब्यूटी सैलून बंद करा दिए गए हैं और सिर से पैर तक शरीर ढकने के सख्त नियम लागू हैं।महिलाओं को कुछ कारोबार के लिए लाइसेंस मिल सकता है, लेकिन अधिकतर नौकरियों में उनके काम करने पर रोक है। एक पूर्व महिला फुटबॉल खिलाड़ी ने कहा, अफगानिस्तान में महिला होना ही एक अपराध बन गया है। इन प्रतिबंधों को सदाचार के प्रचार और बुराई की रोकथाम संबंधी मंत्रालय की नैतिकता पुलिस लागू कराती है।इस पुलिस के अधिकारियों को लेकर महिलाओं में काफी भय है। वे सफेद कोट पहनकर सड़कों पर गश्त करते हैं और नियमों का उल्लंघन करने वाली महिलाओं को हिरासत में ले सकते हैं। कुछ महिलाओं की पिटाई भी की गई है।महिलाओं पर पाबंदियों से जुड़े सवालों के जवाब में मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद असलम बदरीवाल ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा कि मंत्रालय इस्लामी शरीयत के तहत सभी के अधिकार सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, हमारी बहनें भी अपने सामाजिक और व्यावसायिक कार्य कर सकती हैं, बशर्ते वे इस्लामी शरीयत के सिद्धांतों और वर्तमान में लागू कानूनों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने कहा कि मंत्रालय की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि महिलाएं समाज में पूरी तरह सुरक्षित रहें और शरीयत के तहत मिले सभी अधिकारों का लाभ उठा सकें।हालांकि, इन प्रतिबंधों और गिरफ्तारी के जोखिम के बावजूद कुछ महिलाओं ने अपने तरीके से इनका विरोध करने का रास्ता खोज लिया है। ऐसी ही तीन महिलाओं की कहानी सामने आई है, जो काबुल में गुप्त रूप से अपना काम जारी रखे हुए हैं। गिरफ्तारी के डर से इन तीनों ने अपनी पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर बात की।कई वर्षों तक काबुल के एक ब्यूटी सैलून में काम कर चुकी 40 वर्षीय एक महिला को, अधिकारियों द्वारा सैलून बंद कराए जाने के बाद लगा कि उसकी जिंदगी थम गई है। उसने कहा, पूरी तरह निराशा महसूस होती है। अफगानिस्तान में खुशी या सुकून देने के लिए कुछ भी नहीं बचा है।न यात्रा की आजादी है, न पार्क, न स्कूल। कुछ भी नहीं है। अब वे हमें काम भी नहीं करने देना चाहते।ऐसा लगता है कि अफगानिस्तान में महिलाओं के लिए काम करना भी अपराध बन गया है। ब्यूटी सैलून पर प्रतिबंध के बावजूद उसने अपना सैलून खोलने का फैसला किया। खासकर शादियों के दौरान इसकी काफी मांग थी, क्योंकि इन मौकों पर महिलाओं के लिए आकर्षक हेयर स्टाइल और मेकअप कराना आम बात है।उसने एक अपार्टमेंट किराये पर लेकर जरूरी उपकरण खरीदे। जल्द ही उसके पास करीब 30 ग्राहक आने लगीं। उसके पति समेत लाखों अफगान पुरुष बेरोजगारी से जूझ रहे हैं, ऐसे में यह सैलून परिवार के लिए आर्थिक सहारा बन गया लेकिन अधिकारियों को उसके गुप्त सैलून की जानकारी मिल गई।छापेमारी के दौरान वे लगभग सभी उपकरण और फर्नीचर ले गए। महिला ने कहा, मैं पूरी तरह टूट गई थी। अगर मेरा काम, जो मुझे जिंदगी में मकसद देता था, छिन जाता है तो मेरे पास क्या बचेगा?मैं अपने बच्चों को कैसे खिलाऊंगी और घर का खर्च कैसे चलाऊंगी? मैं पूरी तरह निराश हो गई थी और मैंने देश छोड़ने के बारे में सोचा। हालांकि, ग्राहकों के लगातार फोन आने और आर्थिक जरूरतों के चलते उसने दोबारा कोशिश करने का फैसला किया।उसने एक अन्य अपार्टमेंट किराये पर लिया और फिर से सैलून शुरू कर दिया। अब उसके यहां सात महिलाएं काम करती हैं, जो अपने परिवारों का खर्च उठाने में मदद कर रही हैं। एक अन्य महिला के लिए किशोरावस्था से ही फुटबॉल उसकी जिंदगी और सपनों का केंद्र रहा था।उसे अफगानिस्तान की राष्ट्रीय टीम के लिए भी चुना गया था लेकिन दो साल बाद महिलाओं के खेलों पर प्रतिबंध ने उसके सपनों को तोड़ दिया। वह अवसाद में चली गई और करीब छह महीने तक अपने कमरे से बहुत कम बाहर निकली। परिवार उसकी हालत को लेकर चिंतित था।आखिरकार उसने दोबारा खेलना शुरू किया, लेकिन मैदान पर नहीं, बल्कि अपने घर के सीमित स्थान में। उसने मुक्केबाजी भी शुरू की और पुरानी कारों के टायरों को जोड़कर पंचिंग बैग बना लिया। उसका कहना है कि इससे उसे अपनी भावनाओं और मानसिक तनाव से निपटने में मदद मिली।फुटबॉल के प्रति उसका लगाव अब भी बरकरार है। खुद ठीक से खेल पाने में असमर्थ होने के कारण उसने अपने अनुभव और कौशल अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का फैसला किया। अब वह अपने घर के छोटे से चारदीवारी वाले आंगन में कुछ लड़कों को फुटबॉल का प्रशिक्षण देती है।मुक्केबाजी और बच्चों को प्रशिक्षण देने के बीच वह किसी तरह अपने दिन गुजार रही है। हालांकि, भविष्य को लेकर उसकी उम्मीदें बेहद कम हैं। वह अफगानिस्तान छोड़कर किसी दूसरे देश में शरण लेना चाहती है।उसने कहा, मुझे अफगानिस्तान में अपने लिए कोई उम्मीद नजर नहीं आती। हमारे लिए कोई रास्ता खुला नहीं है। एक अन्य घर में चल रहे गुप्त स्कूल में छात्र अलग-अलग समय पर पहुंचते हैं, ताकि किसी को संदेह न हो।दरवाजा केवल उतना ही खोला जाता है, जितने में छात्र अंदर आ सकें। यहां इतिहास, विज्ञान, भूगोल, गणित, भाषाओं और कुरान की पढ़ाई होती है लेकिन यह कोई सामान्य स्कूल नहीं है। एक निजी मकान में चल रहे इस स्कूल में लड़कों के साथ 20 साल तक की लड़कियां भी पढ़ती हैं।किशोर उम्र की लड़कियों के पढ़ने के कारण यहां कक्षाएं गुप्त रूप से संचालित करनी पड़ती हैं। यहां 20 वर्षीय एक युवती अपनी किशोर बहन की मदद से पढ़ाती है। दोनों पेशेवर शिक्षक नहीं हैं, लेकिन स्कूलों पर प्रतिबंध लगने से पहले उन्होंने जो शिक्षा हासिल की थी, उसी के आधार पर बच्चों को पढ़ाने की कोशिश कर रही हैं।20 वर्षीय युवती ने कहा, देश की मौजूदा स्थिति अच्छी नहीं है। मैं अवसाद से जूझ रही थी, इसलिए मैंने यह कक्षा शुरू करने का फैसला किया। उसने बताया कि एक साल से अधिक समय पहले उसने लड़कियों को उम्मीद देने और उनकी पढ़ाई जारी रखने में मदद करने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की थी।अब उसके स्कूल में करीब 30 छात्र हैं। महिलाओं की शिक्षा पर प्रतिबंध तालिबान के सबसे अधिक अलोकप्रिय फैसलों में से एक रहा है। सरकार के अधिकारी कई बार कह चुके हैं कि वे इस समस्या का समाधान निकालने के लिए काम कर रहे हैं।
    Click here to Read more
    Prev Article
    कैसे कपड़े पहन चीन के दुश्मन से मिले मोदी, ये अंदाज हुआ वायरल, असली खेल क्या है?
    Next Article
    शेख हसीना के लौटने से पहले मोदी को घेरने की कोशिश? भारत के खिलाफ 6 फ्रंट खोलने की साजिश

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment