Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    IPL 2026 ने दिए भारत को 10 फ्यूचर स्टार्स:सूर्यवंशी ने 776 रन बनाए, प्रिंस ने कोहली को बोल्ड किया; रसिख खेलेंगे फाइनल

    8 hours ago

    1

    0

    IPL का फाइनल आज अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। इस सीजन में कई अनकैप्ड खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से टीमों की जीत में अहम भूमिका निभाई। वैभव सूर्यवंशी, प्रिंस यादव, प्रफुल हिंगे और आयुष म्हात्रे जैसे युवा सितारे चर्चा में रहे। स्टोरी में ऐसे ही 10 अनकैप्ड भारतीय प्लेयर्स, जो आने वाले समय में टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर सकते हैं। 1. वैभव सूर्यवंशी, राजस्थान रॉयल्स बिहार के 15 साल के लेफ्ट हैंड बैटर वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। पिछले सीजन में सबसे कम उम्र में IPL डेब्यू और सबसे तेज भारतीय शतक लगाने वाले वैभव ने इस बार 16 मैचों में 776 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 237.30 का रहा, जबकि उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 2025 मेगा ऑक्शन में 1.10 करोड़ रुपए में खरीदा था। वैभव ने 12 साल की उम्र में रणजी ट्रॉफी डेब्यू किया था और भारत की अंडर-19 टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं। वैभव ने 20 या इससे कम गेंदों में 5 फिफ्टी लगाई। इस सीजन उन्होंने 36 बॉल में शतक लगाया। हालांकि उनका सबसे यादगार प्रदर्शन प्लेऑफ के एलिमिनेटर में आया, जब उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ महज 29 गेंदों पर 97 रन ठोक दिए। इस पारी में उन्होंने 12 छक्के लगाए और एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। उनके नाम अब 72 छक्के लगाने का रिकॉर्ड हैं। वैभव ने इसके बाद क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 47 गेंदों पर 96 रन बनाए। हालांकि राजस्थान रॉयल्स उस मैच में हारकर फाइनल तक पहुंचाने में नाकाम रही। 15 साल की उम्र में वे IPL सीजन में 600+ रन बनाने वाले पहले बैटर भी बने। 2. आयुष म्हात्रे, चेन्नई सुपर किंग्स मुंबई के 18 साल के ओपनर आयुष म्हात्रे चोट की वजह से इस IPL में सिर्फ 6 ही मैच खेल सके। इसमें उन्होंने 177.87 की स्ट्राइक रेट से 201 रन बनाए। आयुष ने 17 साल की उम्र में मुंबई के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया और 2024-25 रणजी ट्रॉफी सीजन के अपने तीसरे ही मैच में शतक जड़ दिया। 2024 के आखिर में उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में 117 गेंदों पर 181 रन बनाकर लिस्ट-ए क्रिकेट में 150+ रन बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज का रिकॉर्ड बनाया। IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में आयुष अनसोल्ड रहे, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के चोटिल होने के बाद उन्हें रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर टीम में शामिल किया गया। मुंबई के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में उन्होंने अपना IPL और टी-20 डेब्यू किया। CSK के सबसे युवा खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरे आयुष ने पहली ही पारी में 15 गेंदों पर 32 रन बनाकर अपनी प्रतिभा की झलक दिखा दी। 3. अंगकृष रघुवंशी, कोलकाता नाइट राइडर्स दिल्ली में जन्मे अंगकृष 11 साल की उम्र में मुंबई आ गए थे। यहां उन्होंने पूर्व भारतीय क्रिकेटर अभिषेक नायर और कोच ओमकार साल्वी की देखरेख में ट्रेनिंग ली। इसके बाद उन्होंने मुंबई को ही अपना स्थायी ठिकाना बना लिया। 2023-24 सीजन में उन्होंने मुंबई के लिए लिस्ट-ए और टी-20 डेब्यू किया। उनकी प्रतिभा को देखते हुए कोलकाता ने IPL 2024 ऑक्शन में 20 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ा। 21 साल के रघुवंशी 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे। अंगकृष ने IPL 2026 में 13 मैचों में 422 रन बनाए और 5 अर्धशतक लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 146.52 का रहा। इस सीजन के दौरान कई बार शुरुआती विकेट गिरने के बाद अंगकृष ने पारी को संभालने और अंत तक ले जाने की भूमिका निभाई। 4. मुकुल चौधरी, लखनऊ सुपर जायंट्स राजस्थान के 21 साल के विकेटकीपर-बल्लेबाज मुकुल चौधरी ने अपनी तेज बल्लेबाजी से पहचान बनाई। अंडर-23 स्तर पर शानदार खेल दिखाने वाले मुकुल ने 2025-26 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 5 पारियों में 198.85 के स्ट्राइक रेट से 173 रन बनाए थे। इसी प्रदर्शन से प्रभावित होकर लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें IPL 2026 ऑक्शन में 2.60 करोड़ रुपए में खरीदा। मुकुल ने अपने पहले IPL सीजन के 10 मैचों में 170 रन बनाए, जिसमें एक अर्धशतक शामिल रहा। कोलकाता के खिलाफ मुकुल ने IPL करियर की यादगार पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के शामिल थे। 200 के स्ट्राइक रेट से खेली गई इस पारी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने आखिरी गेंद पर रोमांचक जीत हासिल की। दबाव की स्थिति में मैच फिनिश करने की उनकी क्षमता ने उन्हें युवा फिनिशरों में शामिल कर दिया। 5. प्रिंस यादव, लखनऊ सुपर जायंट्स दिल्ली के 24 साल के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने इस सीजन यॉर्कर्स से अपनी पहचान बनाई। प्रिंस सबसे पहले दिल्ली प्रीमियर लीग 2024 से चर्चा में आए। जहां उन्होंने ऋषभ पंत की कप्तानी वाली पुरानी दिल्ली-6 टीम के लिए 10 मैचों में 13 विकेट लिए। 2024-25 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश के खिलाफ अपने पहले टी-20 मुकाबले में उन्होंने नीतीश राणा और समीर रिजवी जैसे बल्लेबाजों के विकेट लेकर प्रभावित किया। अगले ही दिन लखनऊ सुपर जायंट्स ने IPL मेगा ऑक्शन में उन्हें 30 लाख रुपए में खरीद लिया। प्रिंस के लिए सीजन का सबसे चर्चित पल तब आया, जब प्रिंस ने अपनी तेज बॉल पर विराट कोहली को क्लीन बोल्ड कर दिया। IPL 2026 में प्रिंस ने 14 मैचों में 16 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी 8.82 रही, जबकि सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/32 का रहा। नई गेंद और डेथ ओवर्स दोनों में उन्होंने प्रभाव छोड़ा। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में प्रिंस यादव को भारतीय टीम में चुना गया है। 6. रसिख सलाम, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जम्मू-कश्मीर के 25 साल के तेज गेंदबाज रसिख सलाम का क्रिकेट संघर्ष, विवाद और शानदार वापसी की कहानी रहा है। 17 साल की उम्र में IPL डेब्यू करने वाले रसिख को अपने करियर में बैन और चोटों जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2025 में उन्हें मैदान पर उतारे बिना ही 6 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। फ्रेंचाइजी के इस विश्वास को रसिख ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन से सही साबित किया। उन्होंने 11 मैचों में 16 विकेट लिए और नई गेंद से लेकर डेथ ओवर्स तक प्रभावी गेंदबाजी की। इस सीजन लखनऊ के खिलाफ रसिख ने IPL करियर का अपना बेस्ट स्पेल डाला। उन्होंने 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। रसिख ने बेंगलुरु में भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड जैसे वर्ल्ड क्लास बॉलर्स होने के बावजूद अपना नाम बनाया। 7. साकिब हुसैन, सनराइजर्स हैदराबाद बिहार के गोपालगंज के रहने वाले 21 साल के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन की मां ने प्रोफेशनल बॉलिंग स्पाइक्स खरीदने के लिए अपने गहने तक बेच दिए थे। उन्होंने ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर पहचान बनाई। कोलकाता ने IPL 2024 में उन्हें चुना, लेकिन साकिब को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। अगले सीजन रिलीज होने के बाद हैदराबाद ने IPL 2026 ऑक्शन में 30 लाख रुपए में उन पर दांव लगाया और साकिब ने इस भरोसे को पूरी तरह सही साबित किया। साकिब ने अपनी स्विंग, यॉर्कर और स्लोअर गेंदों से बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया। उन्होंने 11 मैचों में 15 विकेट लिए। साकिब ने राजस्थान के खिलाफ अपने IPL डेब्यू को यादगार बना दिया। उन्होंने 4 विकेट लेकर 24 रन दिए। इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उन्होंने शिवम दुबे को क्लीन बोल्ड कर अपनी काबिलियत दिखाई, जबकि सीजन के आखिर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ विराट कोहली का विकेट लेकर सुर्खियां बटोरीं। 8. प्रफुल हिंगे, सनराइजर्स हैदराबाद महाराष्ट्र के विदर्भ से आने वाले 24 साल के तेज गेंदबाज प्रफुल हिंगे IPL 2026 के सबसे बड़े सरप्राइज पैकेज बनकर उभरे। रेड-बॉल क्रिकेट में उन्होंने सिर्फ 10 फर्स्ट क्लास मैचों में 27 विकेट लेकर अपनी क्षमता दिखाई थी, लेकिन टी-20 क्रिकेट में उनके पास ज्यादा अनुभव नहीं था। सनराइजर्स हैदराबाद ने IPL 2026 ऑक्शन में उन्हें 30 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया। पैट कमिंस, हर्षल पटेल जैसे अनुभवी गेंदबाजों के बीच प्रफुल को सीखने और खुद को निखारने का मौका मिला। उन्होंने इस अवसर का पूरा फायदा उठाया और सिर्फ 7 मैचों में 14 विकेट लेकर सभी को चौंका दिया। प्रफुल ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने IPL डेब्यू को ऐतिहासिक बना दिया। उन्होंने मैच के पहले ही ओवर में वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस के विकेट लेकर IPL इतिहास में पहले ओवर में तीन विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद प्लेऑफ के एलिमिनेटर में भी उन्होंने राजस्थान के खिलाफ 3 विकेट लिए। इसी मुकाबले में उन्होंने 29 गेंदों पर 97 रन बना चुके वैभव सूर्यवंशी का विकेट हासिल किया और वैभव को एक सीजन में दो बार आउट कर दिया। 9. बृजेश शर्मा, राजस्थान रॉयल्स 27 साल के जम्मू-कश्मीर के युवा तेज गेंदबाज बृजेश शर्मा IPL 2026 के सबसे बड़े सरप्राइज पैकेज साबित हुए। 140 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले बृजेश ने 2025 बंगाल प्रो टी-20 लीग में 7 मैचों में 11 विकेट लेकर खुद को साबित किया, जिसके बाद राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2026 ऑक्शन में उन्हें उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपए में खरीद लिया। दिलचस्प बात यह रही कि जब राजस्थान ने उन पर दांव लगाया, तब तक उन्होंने किसी भी फॉर्मेट में सीनियर स्तर पर डेब्यू नहीं किया था। बृजेश ने इस भरोसे को सही साबित करते हुए 13 मैचों में 14 विकेट लिए। बृजेश का सबसे यादगार प्रदर्शन गुजरात टाइटंस के खिलाफ आया। शुभमन गिल ने उन्हें सिक्स लगाया, लेकिन बृजेश ने अगली ही बॉल में गिल का विकेट चटका दिया। बृजेश की सबसे बड़ी ताकत मिडिल ओवर्स में उनकी गेंदबाजी है। वे पेस और स्लोअर्स दोनों बॉल को मिक्स करते रहते हैं। 10. यश राज पुंजा, राजस्थान रॉयल्स IPL 2026 स्पिनर्स का सीजन नहीं रहा। लेकिन कर्नाटक के 19 साल के लेग स्पिनर यश राज पुंजा को राजस्थान ने रवि बिश्नोई से ऊपर खेलने का मौका दिया। यश ने 9 विकेट लेकर इसे सही साबित कर दिया। राजस्थान ने उन्हें ऑक्शन में 30 लाख रुपए में खरीदा था। 6 फीट 5 इंच लंबे यश को ऊंचे रिलीज पॉइंट और गूगली की वजह से अलग पहचान मिली। पंजाब किंग्स के खिलाफ उनका सबसे यादगार पल रहा। उन्होंने प्रभसिमरन सिंह और कूपर जैसे अहम बल्लेबाजों को आउट कर राजस्थान को जीत दिलाई। लखनऊ के खिलाफ उनकी गूगली ने जोश इंग्लिस के स्टंप बिखेर दिए, जिसे सीजन की बेहतरीन स्पिन गेंदों में गिना गया। इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उन्होंने अपना पहला IPL विकेट हासिल किया, जिस पर कमेंटेटर इयान बिशप ने भी उनकी जमकर तारीफ की। कार्तिक शर्मा और शिवांग कुमार पर भी नजर रहेगी IPL 2026 में इन 10 खिलाड़ियों के अलावा कई युवा भारतीयों ने प्रभावित किया। इनमें चेन्नई के कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर हैदराबाद के सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा और चाइनामैन शिवांग कुमार जैसे खिलाड़ी शामिल रहे। लेकिन वैभव सूर्यवंशी की रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी और प्रिंस यादव की बड़े खिलाड़ियों के खिलाफ सफलता ने उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग पहचान दिलाई। आने वाले 12-18 महीनों में इनमें से कई चेहरे भारतीय टीम की जर्सी में नजर आ सकते हैं। --------------------------------------------
    Click here to Read more
    Prev Article
    आर्थिक संकट में देश संभालना बड़ी जिम्मेदारी:मनोज बाजपेयी बोले- आम आदमी खर्च नियंत्रित कर सकता है, लेकिन देश को संकट से एक्सपर्ट्स ही निकालते हैं
    Next Article
    IPL फाइनल में आज बेंगलुरु Vs गुजरात:दोनों के पास दूसरा टाइटल जीतने का मौका, सीजन में कोहली 600 और गिल 722 रन बना चुके

    Related स्पोर्ट्स Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment