Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:पुलिस लाइन में फिल्म की शूटिंग, पति मोटी-भैंस कहता; बेड पर लाश मिली

    3 hours ago

    1

    0

    नमस्कार, कानपुर में कल (शुक्रवार) की बड़ी खबरें… रेल बाजार थाना क्षेत्र में अंजली नाम की महिला की लाश ससुराल में बेड पर मिली। उन्नाव के बांगरमऊ के रहने वाले परिजनों ने पति और उसके घर वालों पर हत्या का आरोप लगाया। भाई ने कहा- पति कुलदीप अंजली को मोटी और भैंस कह कर बुलाता था। गोविंद नगर निवासी एक लड़की के साथ रहने लगा था। बहन की उसने तकिया से मुंह दबा कर हत्या की है। दो महीने पहले ही शादी की थी। बढ़ते साइबर अपराध और डिजिटल फ्रॉड पर लगाम लगाने के लिए कानपुर पुलिस ने जागरूकता की नई पहल शुरू की है। शुक्रवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में फिल्म ‘Call 1930’ की शूटिंग शुरू हुई। अभिनेता अन्नू कपूर ने कहा- उत्तर प्रदेश अब सिर्फ प्रदेश नहीं, सुशासन का मॉडल बन चुका है। मुंबई में भी यूपी की कानून-व्यवस्था और व्यवस्था सुधार की चर्चा हो रही है। लोग यहां आकर बदलाव को महसूस कर रहे हैं। कानपुर की ऐसी कल की 10 बड़ी खबरें VIDEO में देखने के लिए ऊपर फोटो पर क्लिक करें… अब सिलसिलेवार 10 खबरें पढ़िए- 1.) सागर हाईवे पर 30 किमी लंबा जाम, 2 ट्रक खराब होने से 15 घंटे से वाहनों की लंबी कतारें कानपुर-सागर हाईवे पर पिछले 15 घंटे से 30 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। जाम में एंबुलेंस और स्कूली वाहन फंसे रहे। पुलिस के मुताबिक, बिधनू थाना क्षेत्र के रमईपुर चौराहे के पास देर रात दो ट्रक खराब हो गए थे। जिसके बाद से जाम लग गया। रात होने के कारण कुछ वाहन चालक सो गए। जिसके कारण हाईवे पर वाहनों की कतारें लगातार बढ़ती चली गईं। सुबह होते-होते यह जाम करीब 30 किलोमीटर लंबा हो गया। जिससे हजारों वाहन चालक और यात्री घंटों तक फंसे रहे। दोपहर 12 बजे तक जाम को खुलवा दिया गया। पढ़ें पूरी खबर... 2.) इंस्पेक्टर ने मैली शर्ट-पैंट पहनी, बेरोजगार बन गए; मार्कशीट बनवाने के लिए रेड डाली कानपुर में फर्जी मार्कशीट बनाने का बड़ा रैकेट पकड़ा गया है। पुलिस को 9 राज्यों की 14 यूनिवर्सिटीज की 900 फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां मिली हैं। मामले में मास्टरमाइंड समेत 4 बदमाशों को अरेस्ट किया है। इस सिंडिकेट तक पहुंचने के लिए पुलिस ने ड्रामा रचा। कानपुर पुलिस के इंस्पेक्टर मैली शर्ट और पेंट पहनकर खुद को बेरोजगार युवक बताते हुए सिंडिकेट के दलाल से मिले। दलाल ने उन्हें सरगना शैलेंद्र के शैल ग्रुप ऑफ एजुकेशन के ऑफिस पहुंचा दिया। इंस्पेक्टर ने कहा- मुझे सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करनी है। मैं एग्जाम में फेल हो गया था। हाईस्कूल की मार्कशीट बनवानी है। शैलेंद्र ने कहा- 21 हजार रुपए में मार्कशीट मिल जाएगी। इंस्पेक्टर ने 16 हजार रुपए एडवांस दिए। 15 दिन बाद शैलेंद्र ने इंस्पेक्टर को बुलाया। इंस्पेक्टर शैलेंद्र के ऑफिस पहुंचे। जहां शैलेंद्र ने इंस्पेक्टर को जामिया उर्दू अलीगढ़ की हाईस्कूल की मार्कशीट दी। पढ़ें पूरी खबर... 3.) 55 साल में सीजन की सबसे गर्म रात; एक दिन में 6.9 डिग्री बढ़ा पारा, गेहूं और सरसों की पैदावार होगी कम कानपुर का मौसम अचानक बदल गया है। बीते 24 घंटे में रात का तापमान 6.9 डिग्री बढ़ गया। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 1971 के रिकार्ड के अनुसार 55 साल में रातें इतनी गर्म कभी नहीं हुई हैं। इससे एक दिन पहले 18 फरवरी को न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री था। जो कि 19 फरवरी को अचानक बढ़कर 16.6 डिग्री पहुंच गया। सीएसए के कृषि मौसम तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि साल 1971 के बाद फरवरी की रातें इतनी गर्म कभी नहीं हुई हैं। 1984 में तापमान 16.0 डिग्री गया था। इससे नीचे तापमान कभी भी नहीं रहा है। पढ़ें पूरी खबर... 4.) पुलिस लाइन में साइबर फ्राड पर फिल्म ‘Call 1930’ की शूटिंग, अन्नू कपूर बोले- मुंबई में भी यूपी की कानून-व्यवस्था की चर्चा बढ़ते साइबर अपराध और डिजिटल फ्रॉड पर लगाम लगाने के लिए कानपुर पुलिस ने जनजागरूकता की नई पहल शुरू की है। शुक्रवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में लघु फिल्म ‘Call 1930’ की शूटिंग का शुभारंभ हुआ। यह फिल्म साइबर ठगी की स्थिति में त्वरित सहायता देने वाली हेल्पलाइन 1930 के महत्व को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बनाई जा रही है। कार्यक्रम में ADCP लाइन शिवा सिंह समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। शूटिंग के दौरान अभिनेता अन्नू कपूर, निर्देशक धीरज, नीरज सूद और मनोज टाइगर ने भाग लिया और टीम के साथ संवाद किया। इस मौके पर अन्नू कपूर ने कहा, “उत्तर प्रदेश अब सिर्फ प्रदेश नहीं, सुशासन का मॉडल बन चुका है। मुंबई में भी यूपी की कानून-व्यवस्था और व्यवस्था सुधार की चर्चा हो रही है। लोग यहां आकर बदलाव को महसूस कर रहे हैं।” पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिल्म के जरिए लोगों को साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने और किसी भी ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पीड़ितों की मदद की जा सके। पढ़ें पूरी खबर... 5.) BJP विधायक सांगा बोले-अखिलेश के शासन में कानपुर बदनाम था; आप गेहुंआ चमड़ी वाले अंग्रेज हो, बस फूट डालो कानपुर को बदनामपुर कहने वाले सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर अब भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने पलटवार किया है। विधानसभा में सांगा ने सपा प्रमुख को घेरते हुए कहा कि वो गोरी चमड़ी वाले अंग्रेज थे और आप गेहुंआ चमड़ी वाले अंग्रेज हो, बस फूट डालो राज करो। यह भी कहा कि सपा सरकार में यूपी की पहचान दंगों के प्रदेश के रूम में बन गई थी। कानपुर में जेएनएनयूआरएम योजना में इटावा, सैफई और रामपुर में घोटाला करने वाले ठेकेदार सपा के नेता बन गए। सपा सरकार में कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों को मेडिकल कॉलेज के भीतर पीटा गया और जानलेवा हमला हुआ। इस तरह सपा प्रमुख को घेरते हुए करारा जवाब दिया। पढ़ें पूरी खबर... 6.) शादी के 2 महीने बाद ससुराल में महिला की लाश मिली, भाई बोला- हत्या हुई, पति मोटी-भैंस कहता था; दूसरी लड़की संग रहता कानपुर के रेल बाजार थाना क्षेत्र में एक महिला की लाश संदिग्ध अवस्था में उसकी ही ससुराल में मिली। भाई ने बताया पति कुलदीप अंजली को मोटी और भैंस कह कर बुलाता था। मकर संक्रांति के बाद गोविंद नगर निवासी एक लड़की के साथ रहने लगा था। इसके बाद गुरुवार-शुक्रवार की रात उसकी तकिया से मुंह दबा कर हत्या कर दी गई। उन्नाव के बंगारमऊ थाना क्षेत्र के मोहल्ला सिद्धार्थ नगर की रहने वाली अंजली (23) की शादी कानपुर के रेलबाजार में 5 दिसंबर को हुई थी। गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब दो बजे अंजली घर में संदिग्ध परिस्थियों में मृत अवस्था में मिली। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने थाना रेलबजार पुलिस से शिकायत की है। पढ़ें पूरी खबर... 7.) चमनगंज में 4 मंजिला इमारत में आग लगी, दमकल कर्मियों ने 20 लोगों का रेस्क्यू किया, आठ मकानों को खाली कराया कानपुर में शुुक्रवार को दो अलग-अलग जगह आग लगने की घटनाएं हुईं। चमनगंज क्षेत्र में चार मंजिला इमारत में लग गई। धुआं उठता देख लोगों ने दमकल कर्मियों और पुलिस को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने 20 लोगों का रेस्क्यू किया। वहीं आसपास के आठ मकानों को खाली कराया। वहीं दूसरी घटना गोविंद नगर के दादानगर में हुई। यहां 178-B हाईराइज प्रीमियम व चंद्रा माइक्रोप्लास्ट फैक्ट्री में आग लग गई। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। थाना चमनगंज क्षेत्र की है। तड़के 3 बजे मिनी कंट्रोल को सूचना मिली कि एक परचून दुकान में आग लग गई है। ये परचून की दुकान चार मंजिला इमारत में थी। इस बिल्डिंग में 15 परिवार रहते हैं। जब आग लगी तो लोग घरों में सोए हुए थे। पढ़ें पूरी खबर... 8.) नाबालिग लड़की से रेप का आरोपी अरेस्ट, घर में घुसकर अकेली लड़की से दरिंदगी की, मां-पिता शादी में गए थे कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने गांव के ही 25 वर्षीय युवक विशाल को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। घटना 10 फरवरी की बताई जा रही है। उस दिन पीड़िता के पिता बारात में गए थे, जबकि मां गांव में ही एक अन्य शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। घर पर नाबालिग बेटी अकेली थी, तभी आरोपी घर में घुस आया और वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद उसने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया। गुरुवार को पीड़िता के पिता ने महाराजपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है। महाराजपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि शिकायत मिलते ही दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले में पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर... 9.) किराया मांगने पर सिपाही बोला-चालान कर दूंगा: 10 रुपए देने के बजाए धक्का-मुक्की की, फोटो खींचकर धमकाया कल्याणपुर में ई-रिक्शा चालक ने एक सिपाही से किराए के 10 रुपए मांगे। इस पर सिपाही ने उसके ई-रिक्शे की फोटो खींच ली। कहा- रुक अभी तेरा चालान करता हूं। ई-रिक्शा चालक ने विरोध किया तो उससे धक्का-मुक्की की। चालक ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है। थाना कल्याणपुर क्षेत्र अंतर्गत नया शिवली रोड पर पुलिस कर्मी की कथित दादागिरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक ने 10 रुपए किराया मांगा। मगर पुलिस कर्मी ने पैसे देने से मना कर दिया। उसका फोटो खींचकर चालान करने की धमकी दी। थाना प्रभारी कल्याणपुर का कहना है कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए है। पढ़ें पूरी खबर... 10.) लोहा कारोबारी पुलिस के सामने हाथ जोड़कर रोया: घर से 39 लाख की चोरी, पैर पकड़कर बोले- मेरा माल वापस करा दो कानपुर में चोरों ने लोहा व्यापारी के बंद मकान का ताला तोड़ दिया। चोर घर से नकदी और जेवरात समेत करीब 39 लाख रुपए का माल ले गए। घटना के वक्त व्यापारी अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए अस्पताल गए थे। सुबह जब वह घर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर व्यापारी नेताओं ने पहुंचकर पुलिस के आलाधिकारियों को सूचना दी। मौके पर एसीपी कलक्टरगंज आनंद ओझा ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। इस दौरान कारोबारी हाथ जोड़कर रोने लगे। वह अफसर के पैर पकड़ने लगे। बोले- साहब, मेरी जिंदगीभर की पूंजी है। इसे वापस ला दीजिए। चोरी की घटना बादशाहीनाका थाने से मात्र 60 मीटर दूरी पर हुई। कुली बाजार निवासी संजय गुप्ता लोहा मंडी में ब्रोकर का काम करने के साथ इंश्योरेंस एजेंट थे। कोविड काल से स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण उन्होंने काम बंद कर दिया था। उन्होंने बताया कि एकलौती बेटी की शादी के बाद से वह पत्नी रोशनी के साथ अकेले घर पर रहते है। पढ़ें पूरी खबर…
    Click here to Read more
    Prev Article
    सालभर जो पढ़ा, प्रवेश पत्र में वो विषय नहीं मिला:गृह विज्ञान पढ़ने वालों में छप गया गणित, कानपुर कंट्रोल रूम में आ रहीं शिकायतें
    Next Article
    IND vs SA: कितने बजे शुरू होगा भारत बनाम साउथ अफ्रीका सुपर 8 मुकाबला, कब और कहां होगा ये मैच

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment