Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    LPG संकट- पंजाब में सिलेंडर लेकर भागते दिखे लोग:कांग्रेस का दिल्ली में चूल्हे लेकर प्रदर्शन; राजस्थान में सिलेंडर की शवयात्रा निकाली

    11 hours ago

    1

    0

    अमेरिका-इजराइल की ईरान से जंग की वजह से देशभर में LPG की किल्लत हो गई है। गैस एजेंसियों के बाहर लम्बी लाइनें हैं। गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी भी हो रही है। कॉमर्शियल सिलेंडर की 4 दिन से सप्लाई नहीं हो पा रही है। वहीं पंजाब में लोग सिलेंडर लेकर भागते नजर आए। केरल में गैस किल्लत से करीब 40% रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर है। उधर, दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने LPG सप्लाई की बिगड़ी स्थिति को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। विरोध जताने के लिए अपने साथ मिट्टी के चूल्हे लेकर आए थे। अब अलग-अलग राज्यों की रिपोर्ट पढ़ें… राजस्थान: गैस सप्लाई ठप, सिलेंडर की शवयात्रा निकाली होटल-रेस्टोरेंट में गैस का स्टॉक खत्म होने से बिजनेस ठप होने लगे हैं। कई जगह ताले भी लटकने लगे हैं। वहीं कोटा समेत कई शहरों में हॉस्टल मेस और ढाबों में मजबूरी में लकड़ी, कोयले और इलेक्ट्रिक चूल्हों पर खाना बनाया जा रहा है। कई शहरों में एजेंसियों पर सुबह 5 बजे से ही लंबी लाइनें लग रही हैं और सिलेंडर न मिलने पर लोगों की पुलिस से झड़प तक हो रही है। इस संकट के बीच सिलेंडर की कालाबाजारी भी हो रही है, जिसके विरोध में कांग्रेस ने जयपुर में सिलेंडर की शवयात्रा निकाली। उत्तर प्रदेश: चूड़ी से लेकर पेठा फैक्ट्रियां तक बंद यूपी में फैक्ट्रियों को गैस सप्लाई नहीं हो रही है। इसका असर पॉटरी, चूड़ी से लेकर पेठा फैक्ट्रियों तक पड़ रहा। बुलंदशहर में एशिया के सबसे बड़े पॉटरी उद्योग पर पड़ा है। यहां 300-325 यूनिट में से 95% पॉटरी यूनिट बंद हैं। 30 हजार से ज्यादा वर्कर्स बेरोजगार हो गए हैं। यही हाल फिरोजाबाद में बनने वाली चूड़ियों और आगरा की पेठा फैक्ट्रियों का है। गैस की सप्लाई नहीं मिलने से भटि्ठयां बंद हैं। 55 बड़ी फैक्ट्रियों में से 40 बंद हो चुकी हैं। अगर गैस की सप्लाई शुरू नहीं हुई तो आगरा में बनने वाली चांदी की पायल पर भी संकट आ सकता है। पूरी खबर पढ़ें… मध्य प्रदेश: LPG की ऑनलाइन बुकिंग ठप जैसी...वेटिंग 7-8 दिन बढ़ी मध्य प्रदेश में LPG सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग ठप जैसी है। सर्वर डाउन होने से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में लोग सिलेंडर की बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं। वेटिंग 7 से 8 दिन तक पहुंच गई है। गैस एजेंसियों में लोगों की भीड़ लगी हुई है। इधर गैस की किल्लत के बीच इंडक्शन की कीमतें दोगुनी हो गई हैं। भोपाल में इसकी बिक्री 7 गुना तक बढ़ गई है। वहीं 50 हजार होटल-रेस्टॉरेंट में गैस खत्म होने के कगार पर है। होटल, रेस्टॉरेंट को 4 दिन से कॉमर्शियल सिलेंडर नहीं मिले हैं। भोपाल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली के मुताबिक, भोपाल के करीब 2 हजार होटल-रेस्टोरेंट को 4 दिन में एक भी सिलेंडर नहीं मिला। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: एजेंसी के बाहर लंबी लाइन; कोयला-लकड़ी के रेट बढ़े बिहार में 4 दिन से कॉमर्शियल सिलेंडर की बुकिंग बंद है। सप्लाई नहीं होने की वजह से होटल, रेस्टॉरेंट पर काफी असर पड़ रहा है। पटना के बाजारों में लकड़ी और कोयले के भाव भी बढ़ गए हैं। जो लकड़ी एक दिन में 10 किलो ही बिकती थी, अब तीन क्विंटल प्रतिदिन खरीदे जा रहे हैं। दरभंगा में सुबह 6 बजे गैस एजेंसी के बाहर 500 मीटर लंबी लाइन लगी है। अररिया में लोग सिलेंडर के लिए कतार में खड़े हैं। मोतिहारी में सिलेंडर के लिए दो लोग आपस में भिड़ गए। ये लड़ाई लाइन में पहले लगने के लिए हुई। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब: लाइन में लगे बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत, लुधियाना में सिलेंडर लूटा बरनाला के गांव शैहना में सिलेंडर के लिए 2 घंटे से लाइन में लगे 66 साल के बुजुर्ग भूषण कुमार मित्तल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वहीं अमृतसर में सिलेंडर को लेकर एजेंसी मैनेजर और ग्राहकों के बीच झड़प हुई। वहीं लुधियाना में एक्टिवा सवार बदमाशों द्वारा युवक से सिलेंडर छीनने जैसी वारदातें सामने आई हैं। पूरी खबर पढ़ें… गुजरात: 3 से 4 हजार रुपए में बिक रहे कॉमर्शियल सिलेंडर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की भारी कमी की वजह से यहां ये ब्लैक में 3 से 4 हजार रुपए में बिक रहे हैं। गैस सिलेंडरों की अनुपलब्धता के कारण कुछ व्यापारियों को अपना कारोबार बंद करना पड़ा है। कुछ व्यापारी गैस सिलेंडरों के स्थान पर कोयले के चूल्हे पर काम चला रहे हैं। हालांकि, कोयले के चूल्हे पर खाना पकाने में अधिक समय लगने के चलते कारोबार में गिरावट आई है। महाराष्ट्र: हर जिले में बनेगा कंट्रोल रूम और कमेटी राज्य में LPG की बिना रुकावट सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम और कमेटियों का गठन किया है। वेस्ट एशिया संकट के चलते सप्लाई चेन बिगड़ने की आशंका को देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है। खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनिल दिग्गीकर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घरेलू गैस की वितरण व्यवस्था पर पैनी नजर रखी जाए। केरल: 40 प्रतिशत रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर केरल में रसोई गैस की भारी किल्लत की वजह से करीब 40% रेस्टोरेंट बंद होने को मजबूर हैं। इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि कई रेस्टोरेंट कुकिंग के दूसरे तरीकों को अपनाने की स्थिति में नहीं हैं। इस संकट का असर सिर्फ रेस्टोरेंट पर ही नहीं, बल्कि कैटरर्स, हॉस्टल, कैंटीन और श्मशान घाटों पर भी पड़ा है। हरियाणा: लकड़ी के चूल्हे पर पकने लगा शादियों का खाना अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध के चलते हरियाणा समेत पूरे भारत में गैस का संकट शादियों और ढाबों पर दिख रहा है। सरकार ने कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों के लिए सीमित कर दी है। पूरी खबर पढ़ें… इंडक्शन: अमेजन पर 1 दिन में ही 1.34 लाख इंडक्शन बिके LPG गैस की किल्लत की वजह से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अमेजन पर एक ही दिन में करीब 1.34 लाख इंडक्शन की बिक्री दर्ज की गई है। वैसे एक माह में करीब 1.80 लाख इंडक्शन बिकते हैं। पिछले चार दिनों में अमेजन सहित अन्य ई-कॉमर्स कंपनियों को मिलाकर करीब 5 लाख इंडक्शन की बिक्री हुई है। अमेजन पर इंडक्शन बेचने वाली 100 कंपनियों में से 70 का स्टॉक खत्म है। LPG सिलेंडर बुकिंग के नियम 6 दिन में तीन बार बदले 55 दिन की बजाय 15 दिन में बुक करा रहे लोग गांवों में औसतन एक परिवार सालभर में करीब 5 सिलेंडर ही इस्तेमाल करता है। ऐसे में जल्दी दोबारा बुकिंग की जरूरत नहीं पड़ती थी। हाल ही में देखा गया कि लोग अफवाहों की वजह से जरूरत न होने पर भी जल्दी-जल्दी सिलेंडर बुक करके स्टॉक कर रहे थे। मंत्रालय की ओर से बताया गया कि जो लोग पहले औसतन 55 दिनों में सिलेंडर बुक कराते थे, उन्होंने अचानक 15-15 दिनों के अंतर पर बुकिंग शुरू कर दी थी। इस तरह की एडवांस और जल्दबाजी में की जा रही बुकिंग से सिस्टम पर दबाव बढ़ रहा था। फूड डिलीवरी के ऑर्डर 50 से 60% तक कम हुए गिग एंड प्लेटफॉर्म सर्विस वर्कर्स यूनियन' ने कहा कि LPG की किल्लत के कारण जोमैटो और स्विगी जैसे प्लेटफॉर्म्स पर फूड डिलीवरी के ऑर्डर 50 से 60% तक कम हो गए हैं। इससे डिलीवरी पार्टनर्स और इस सेक्टर से जुड़े दूसरे वर्कर्स की कमाई पर संकट खड़ा हो गया है। यूनियन ने केंद्रीय श्रम मंत्री को पत्र लिखकर तुरंत दखल देने की मांग की है। यूनियन की मांग है कि जोमैटो, स्विगी और दूसरे प्लेटफॉर्म्स प्रभावित होने वाले हर वर्कर को तुरंत 10,000 रुपए की राहत राशि दें। वर्कर्स की ID बंद करने पर 3 महीने की रोक लगे। सरकार ने तैयारियों का लेखा-जोखा पेश किया सरकार रोजाना 50 लाख सिलेंडर बांट रही पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा, "हम अपनी जरूरत की लगभग 60% LPG बाहर से मंगवाते हैं और इसका करीब 90% हिस्सा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से आता है। स्थिति थोड़ी मुश्किल है, लेकिन सरकार घरेलू उपभोक्ताओं को सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है।" उन्होंने कहा, “हम हर दिन लगभग 50 लाख सिलेंडर डिलीवर करते हैं। डिस्ट्रीब्यूशन के स्तर पर फिलहाल कहीं भी किल्लत की कोई खबर नहीं है। लेकिन घबराहट की वजह से बुकिंग कई गुना बढ़ गई है। राज्य सरकारों से लाभार्थियों की लिस्ट तैयार करने को कहा है ताकि सिलेंडर की डिलीवरी प्राथमिकता के आधार पर की जा सके।” सरकार ने अब तक 5 जरूरी कदम उठाए 1. हाई-लेवल कमेटी बनाई: संकट को देखते हुए पेट्रोलियम मंत्रालय ने तीन तेल कंपनियों के कार्यकारी निदेशकों की एक हाई-लेवल कमेटी बनाई है, जो सप्लाई की समीक्षा करेगी। 2. एसेंशियल कमोडिटी एक्ट लागू: गैस की सप्लाई को कंट्रोल करने के लिए केंद्र सरकार ने देशभर में 'एसेंशियल कमोडिटी एक्ट 1955' लागू कर दिया है। 3. 25 दिन बाद होगी LPG बुकिंग: घरेलू सिलेंडर की बुकिंग के नियमों में बदलाव किया है। उपभोक्ता एक सिलेंडर डिलीवर होने के बाद दूसरा सिलेंडर 25 दिन बाद ही बुक कर सकेंगे। 4. OTP और बायोमेट्रिक अनिवार्य: गैस की जमाखोरी रोकने के लिए डिलीवरी एजेंट OTP या बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन का सख्ती से इस्तेमाल कर रहे हैं। 5. LPG उत्पादन बढ़ाने का आदेश: सरकार ने सभी ऑयल रिफाइनरीज को LPG उत्पादन बढ़ाने का आदेश दिया था। अब उत्पादन 28% बढ़ गया है। सप्लाई संकट की 2 वजह 1. होर्मुज स्ट्रेट का लगभग बंद होना भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का बंद होना है। ये करीब 167 किमी लंबा जलमार्ग है, जो फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ता है। ईरान जंग के कारण यह रूट अब सुरक्षित नहीं रहा है। खतरे को देखते हुए कोई भी तेल टैंकर वहां से नहीं गुजर रहा। दुनिया के कुल पेट्रोलियम का 20% हिस्सा यहीं से गुजरता है। सऊदी अरब, इराक और कुवैत जैसे देश भी अपने निर्यात के लिए इसी पर निर्भर हैं। भारत अपनी जरूरत का 50% कच्चा तेल और 54% एलएनजी इसी रास्ते से मंगाता है। ईरान खुद इसी रूट से एक्सपोर्ट करता है। 2. प्लांट पर ड्रोन हमले से LNG का प्रोडक्शन रुका पिछले हफ्ते अमेरिका-इजराइल ने ईरान पर स्ट्राइक की थी। इसके जवाब में ईरान ने UAE, कतर, कुवैत और सऊदी जैसे देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है। ईरान के ड्रोन हमले के बाद भारत को गैस सप्लाई करने वाले सबसे बड़े देश कतर ने अपने LNG प्लांट का प्रोडक्शन रोक दिया है। इससे भारत में गैस की सप्लाई घट गई है। भारत अपनी जरूरत की 40% LNG (करीब 2.7 करोड़ टन सालाना) कतर से ही आयात करता है। सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम ₹60 बढ़ाए ------------------------- ये खबर भी पढ़ें... देश में LPG की किल्लत, इंडक्शन की मांग बढ़ी: अमेजन में प्रोडक्ट की 30 गुना तक बिक्री, कई ई-कॉमर्स वेबसाइटों पर आउट ऑफ स्टॉक देश में एलपीजी की उपलब्धता की बढ़ती चिंता के बीच की ऑनलाइन शॉपिग प्लेटफॉर्म पर इंडक्शन की मांग अचानक बढ़ गई है। कई ई-कॉमर्स साइट्स पर ये प्रोडक्ट आउट ऑफ स्टॉक हो गया है। अमेजन, फ्लिपकार्ट और ब्लिंकिट जैसे प्लेटफॉर्म पर इंडक्शन के स्टॉक में खासी कमी देखने को मिल रही है। ब्लिंकिट पर तो लगभग सभी मॉडल आउट ऑफ स्टॉक दिख रहे हैं, जबकि अमेजन और फ्लिपकार्ट पर भी कुछ ही ब्रांड मिल रहे हैं। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और गैस सप्लाई पर असर के कारण कई शहरों में लोग एलपीजी सिलेंडर न मिलने से परेशान हैं। इसी वजह से बैकअप के तौर पर इंडक्शन कुकटॉप खरीद रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें...
    Click here to Read more
    Prev Article
    Main Vaapas Aaunga teaser Released: वेदांग रैना और शरवरी वाघ की दिखी रंगीन कैमिस्ट्री, दिलजीत दोसांझ ने लगाया तड़का
    Next Article
    पीरियड्स में पेड लीव की मांग:सुप्रीम कोर्ट बोला- कानून बनाया तो महिलाओं को कोई काम नहीं देगा, सरकार पॉलिसी बनाने पर विचार करे

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment