Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    Microsoft की सेवाएं बाधित होने से 43 करोड़ उपभोक्ता प्रभावित, Tech कंपनियों पर निर्भरता बढ़ी

    1 hour from now

    1

    0

    (एंड्र्यू क्युलेन, मेलबर्न यूनिवर्सिटी) मेलबर्न, 16 नवंबर (द कन्वरसेशन) पिछले सप्ताह माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आए व्यवधान ने दुनिया के डिजिटल कामकाज को लगभग ठप कर दिया। इस घटना ने दिखाया कि आधुनिक डिजिटल ढांचा मुट्ठी भर बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों पर कितना निर्भर हो गया है और इन कंपनियों को विफलता से परे मानना कितना जोखिम भरा है। इस व्यवधान के कारण आउटलुक, टीम्स और कोपायलट जैसी माइक्रोसॉफ्ट की प्रमुख सेवाएं प्रभावित हुईं। दुनियाभर में 43 करोड़ से अधिक लोग इन सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं। ईमेल और आंतरिक संचार व्यवस्था ठप होने से सरकारी और व्यावसायिक कामकाज भी प्रभावित हुआ। इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था को अरबों डॉलर का नुकसान होने की आशंका है। इस व्यवधान से माइक्रोसॉफ्ट की प्रतिष्ठा को भी बड़ा झटका लगा है। कंपनी को सेवाएं उपलब्ध नहीं करा पाने के कारण प्रतिदिन 80 करोड़ अमेरिकी डॉलर तक के संविदात्मक जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है। यह घटना आधुनिक डिजिटल बुनियादी ढांचे की कमजोरियों को उजागर करती है। दुनिया का डिजिटल जीवन कुछ बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों पर निर्भर है, जिन्हें अब इतना बड़ा माना जाने लगा है कि उनकी विफलता की कल्पना भी मुश्किल है। सवाल यह है कि हम इस स्थिति तक कैसे पहुंचे और इससे बाहर निकलने का रास्ता क्या है।---- डिजिटल निर्भरता ---- माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में बाधा की शुरुआत एक मामूली तकनीकी बदलाव से हुई। डेटा सेंटर आमतौर पर दुनियाभर के विभिन्न कंप्यूटरों और प्रणालियों के बीच उपयोगकर्ताओं की मांग का बोझ बांटते हैं। लेकिन पिछले सप्ताह कॉन्फिगरेशन में किए गए एक छोटे से बदलाव के कारण कंपनी ने अपने कुछ कंप्यूटरों पर नियंत्रण खो दिया। ये कंप्यूटर उपयोगकर्ताओं की मांग को दूसरी प्रणालियों पर भेजने लगे, जिससे उन पर अत्यधिक दबाव पड़ा और वे भी प्रभावित हो गईं। यह सिलसिला बार-बार दोहराया गया और अंततः कंपनी का अपने नेटवर्क पर लगभग पूरा नियंत्रण खत्म हो गया। समस्या तब और बढ़ गई, जब इंटरनेट से कटे फोन, ईमेल क्लाइंट और व्यावसायिक प्रणालियों ने एक साथ दोबारा जुड़ने की कोशिश की। इससे माइक्रोसॉफ्ट की प्रणालियों पर फिर से भारी दबाव पड़ा। पहले किसी तकनीकी गड़बड़ी का असर आमतौर पर किसी एक कंपनी तक सीमित रहता था। लेकिन माइक्रोसॉफ्ट की इस समस्या से लाखों लोगों का काम प्रभावित होने की वजह एक ऐसा कारोबारी बदलाव है, जो करीब दो दशक पहले शुरू हुआ था। पहले कंपनियां सॉफ्टवेयर को एकमुश्त कीमत देकर खरीदती थीं। इस व्यवस्था में खरीदारों के पास अधिक नियंत्रण होता था और वे नया संस्करण तभी खरीदते थे, जब उन्हें लगता था कि उसके फायदे उसकी कीमत के अनुरूप हैं। हालांकि, एकमुश्त भुगतान की ऊंची लागत उपभोक्ताओं को सॉफ्टवेयर खरीदने से रोकती थी। दूरसंचार, जिम और संपत्ति किराये के कारोबार से प्रेरणा लेकर प्रौद्योगिकी उद्योग ने अपने उत्पादों को किराये पर उपलब्ध कराने का मॉडल अपनाया। इसे सॉफ्टवेयर एज ए सर्विस (सास) कहा जाता है। सैद्धांतिक रूप से इस मॉडल से दोनों पक्षों को फायदा हुआ। सॉफ्टवेयर कंपनियों को नियमित आय मिलने लगी, जबकि ग्राहकों को बड़ी रकम एक साथ खर्च करने के बजाय छोटी-छोटी नियमित किस्तों में भुगतान की सुविधा मिली। लेकिन इस बदलाव से ताकत का संतुलन प्रौद्योगिकी कंपनियों के पक्ष में झुक गया। ग्राहकों ने अपनी जरूरत के मुताबिक सॉफ्टवेयर खरीदने के बजाय अपने कामकाज की महत्वपूर्ण प्रणालियों की जिम्मेदारी सेवा प्रदाताओं को सौंप दी। इस प्रक्रिया में वे महंगे और लंबी अवधि के अनुबंधों में भी बंध गए।---- विफल होने के लिए बहुत बड़ी कंपनियां ---- वर्ष 2008 के वैश्विक वित्तीय संकट के बाद दुनिया ने टू बिग टू फेल यानी इतनी बड़ी कंपनियां कि उन्हें विफल नहीं होने दिया जा सकता, की अवधारणा को समझा। उस संकट के दौरान बैंकों की विफलता से पैदा हुई समस्याओं का बोझ अंततः आम जनता को उठाना पड़ा, क्योंकि वे बैंक व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो चुके थे। दुर्भाग्य से, ऐसा लगता है कि दुनिया ने उस संकट से पर्याप्त सबक नहीं सीखा। पिछले कुछ वर्षों में प्रौद्योगिकी उद्योग भी इसी तरह की स्थिति की ओर बढ़ा है। केंद्रीकरण, कंपनियों का विलय और एकाधिकार पर नियंत्रण की कमी ने हमारी डिजिटल जिंदगी, कारोबार और सरकारी व्यवस्था को बेहद जोखिमपूर्ण बना दिया है। इंटरनेट पर होने वाली लगभग हर गतिविधि किसी न किसी स्तर पर गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, मेटा, अमेजन वेब सर्विसेज या क्राउडस्ट्राइक जैसी कंपनियों की सेवाओं से जुड़ी है। इन सभी कंपनियों की सेवाओं में पिछले कुछ वर्षों के दौरान बड़ी बाधाएं आ चुकी हैं। इन कंपनियों ने एकीकृत और लगभग अचूक बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराकर लोगों का भरोसा जीता है। लेकिन केंद्रीकरण से मिलने वाली सुविधा के साथ एक बड़ा खतरा भी जुड़ा है। वर्ष 2008 के बैंकिंग संकट के विपरीत, प्रौद्योगिकी कंपनियों को विफल होने पर सरकारों से राहत पैकेज मांगने की जरूरत नहीं पड़ती। उनकी सेवाओं पर पूरी डिजिटल अर्थव्यवस्था की निर्भरता के कारण उनके ठप होने की कीमत पूरी दुनिया को चुकानी पड़ती है।---- डिजिटल संप्रभुता विकसित करने की जरूरत ---- राष्ट्रीय बुनियादी ढांचे, कारोबार और नागरिकों के आंकड़ों के लिए कुछ गिनी-चुनी प्रौद्योगिकी कंपनियों पर निर्भरता कम करने की जरूरत ने डिजिटल संप्रभुता की अवधारणा को बढ़ावा दिया है। यूरोप इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। वहां सरकारें विकेंद्रीकृत क्लाउड बुनियादी ढांचे और स्थानीय स्तर पर विकसित सॉफ्टवेयर में निवेश कर रही हैं, ताकि किसी अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी की तकनीकी विफलता से स्थानीय अस्पतालों जैसी जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों। दुनिया के अन्य देशों को भी इसी मॉडल को अपनाने की जरूरत है। ऑस्ट्रेलिया के पास डिजिटल संप्रभुता से मिलने वाले अवसरों का लाभ उठाने की अच्छी स्थिति है। वहां तकनीकी क्षेत्र में कुशल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। एटलासियन, अप्रोमोर, एयरवालैक्स और कैनवा जैसी कंपनियों ने साबित किया है कि ऑस्ट्रेलिया विश्वस्तरीय डिजिटल उत्पाद विकसित कर सकता है। यदि सरकारें स्थानीय प्रौद्योगिकी उद्योगों में रणनीतिक निवेश करें तो इससे न केवल डिजिटल सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि बाजार में प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी। इससे बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों के एकाधिकार की ताकत कम होगी और व्यवस्था से जुड़े जोखिम अलग-अलग क्षेत्रों में बंटेंगे। इससे किसी एक तकनीकी विफलता के कारण पूरी अर्थव्यवस्था के ठप होने की आशंका कम होगी। इसका मतलब यह नहीं है कि बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों के मंचों से पूरी तरह दूरी बना ली जाए। वे उपयोगी सेवाएं देती हैं और भविष्य में भी देती रहेंगी। लेकिन यदि वैश्विक अर्थव्यवस्था कुछ ऐसी डिजिटल कंपनियों पर निर्भर बनी रही, जिन्हें विफलता से परे माना जाता है, तो अगली बार जब उनकी सेवाएं ठप होंगी और दुनिया की स्क्रीन काली पड़ जाएंगी, तब इसके लिए हम खुद ही जिम्मेदार होंगे।
    Click here to Read more
    Prev Article
    PM Modi और नेपाल के बालेन शाह दिखाएंगे हरी झंडी, शुरू होगी Ayodhya-Janakpur ट्रेन
    Next Article
    ECO बैठक में Pakistan ने उठाई मांग, आतंकवाद पर पड़ोसी देशों की चिंता दूर करे Afghanistan

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment