Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    Microsoft की सेवाएं ठप होने से दुनिया भर में डिजिटल संचार बाधित

    37 minutes ago

    1

    0

    (ए आरई टेलर, एक्सेटर विश्वविद्यालय) लंदन, 14 नवंबर (द कन्वरसेशन) माइक्रोसॉफ्ट के लिए शुक्रवार की 13 तारीख वाकई बहुत दुर्भाग्यपूर्ण साबित हुई। इस प्रौद्योगिकी दिग्गज की सेवाओं में आई एक बड़ी गड़बड़ी के कारण दुनिया भर में लाखों लोगों का डिजिटल संचार ठप हो गया। अंत: संभावित साइबर हमले के लिए तैयार रहने की ब्रिटिश सरकार की चेतावनियों के बाद, शायद ऑनलाइन दुनिया के लिए इससे भी बड़ा खतरा इंटरनेट अवसंरचना की कमजोर बनावट ही है। तेरह नवंबर को यह कमजोरी साफ तौर पर देखी गई। जब माइक्रोसॉफ्ट ‘कनेक्टिविटी की समस्याओं’ को ठीक करने में जुटा था, तब ईमेल और वीडियो कॉल काम नहीं कर रही थी। इस तकनीकी खामी के कारण अस्पतालों और स्कूलों सहित सार्वजनिक सेवाओं में भारी व्यवधान उत्पन्न हुआ। यह लेख लिखते समय तक सेवा ठप होने का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन जो भी कारण रहा हो, यह बाजार के कुछ ही हाथों में केंद्रित होने के जोखिमों को भी उजागर करता है, जहां कुछ शक्तिशाली कंपनियों के पास ही उन अधिकांश डिजिटल सेवाओं को उपलब्ध कराने और बनाए रखने की जिम्मेदारी आ गई है, जिन पर हम निर्भर हैं। माइक्रोसॉफ्ट ने पहले भी इस दबदबे को एक कारपोरेट ताकत के रूप में पेश किया है। कंपनी ने एक बार दावा किया था कि अरबों ग्राहकों को सेवा देने से उनके वैश्विक डिजिटल पारिस्थितिकी को एक ‘विशिष्ट स्थिति’ मिलती है। लेकिन, बाजार पर इस तरह का प्रभुत्व भले ही कारोबार के लिए अच्छा हो, पर यह जरूरी नहीं कि बुनियादी ढांचे की मजबूती के लिए भी बेहतर हो। इंटरनेट पर कुछ चुनिंदा शक्तिशाली कंपनियों का दबदबा बढ़ता जा रहा है। क्लाउड कंप्यूटिंग के विस्तार ने इस केंद्रीकरण की प्रवृत्ति को और प्रबल बना दिया है, जिससे कंप्यूटिंग संसाधनों की उपलब्धता कुछ बड़ी कंपनियों के हाथों में सिमट गई है। शुक्रवार यानी 13 नवंबर को जो देखने को मिला,वह संकेत करता है कि इससे भी बड़े पैमाने पर अव्यवस्था पैदा हो सकती है। यह कोई इकलौती घटना नहीं जुलाई 2024 में भी कुछ ऐसा ही हुआ था, जिससे इसी तरह के जोखिम सामने आए। उस समय एक खराब सुरक्षा ‘अपडेट’ के कारण माइक्रोसॉफ्ट विंडोज का इस्तेमाल करने वाले लाखों कंप्यूटर में खराबी आई थी। दुनिया भर में आईटी प्रणाली अचानक ठप हो गई, जिसकी वजह से फार्मेसी, हवाई अड्डों और बैंकों का कामकाज प्रभावित हुआ। पिछले ही महीने, 22 अक्टूबर को, ‘एआई टेस्टिंग’ से एक ऐसे प्रोग्राम की सुरक्षा खामियों की जानकारी मिली, जिस पर दुनिया की लगभग 70 प्रतिशत वेबसाइट आधारित हैं। संभावित साइबर हमलों और डेटा चोरी को रोकने के लिए सरकारों और कंपनियों ने हजारों वेबसाइट और ऑनलाइन सेवाओं को बंद कर दिया। उससे एक महीने पहले, ‘ओपन एआई’ द्वारा विकसित स्वायत्त एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) एजेंट ने सरकारी बुनियादी ढांचे को हैक कर लिया था। इसलिए, इंटरनेट के मौजूदा डिजाइन और एक-दूसरे पर निर्भरता वाले इसके बेहद जटिल पारिस्थितिकी में स्पष्ट रूप से कमजोरियां हैं।जनता से मिली शक्ति --------------- यह पारिस्थितिकी केवल चिप और तारों से नहीं बनी होती। उन लोगों को भूल जाना आसान है, जो हमें वे डिजिटल सेवाएं देते हैं जिन्हें हम अक्सर बहुत सामान्य मान लेते हैं। इंटरनेट व्यापक भौतिक बुनियादी ढांचे पर निर्भर करता है, और इस बुनियादी ढांचे का संचालन अपने आप नहीं होता। यह एक बड़े मानव कार्यबल पर निर्भर है, जो बेहद व्यस्त कार्यक्रम, सख्त समय-सीमा और बिना किसी रुकावट के सेवाएं बनाए रखने के दबाव के बीच काम करता है। डेटा सेंटर उद्योग में जमीन पर काम करने वाले एक मानवविज्ञानी के तौर पर, मैंने उन लोगों के साथ काफी समय बिताया है जो डिजिटल दुनिया के पर्दे के पीछे काम करते हैं। जिन संगठनों में कर्मचारियों की कमी होती है या जो अपने कर्मचारियों पर बहुत अधिक दबाव डालते हैं, वहां व्यापक परीक्षण, निगरानी और सुधार कार्य करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। माइक्रोसॉफ्ट प्रणाली में आए व्यवधान के बाद सेवाओं को बहाल करने का भारी बोझ प्रभावित संगठनों के आईटी पेशेवरों पर पड़ेगा। इनमें से कई लोगों को प्रभावित प्रणाली को वापस बहाल करने के लिए काफी लंबे समय तक काम करना पड़ सकता है। बड़े बुनियादी ढांचे की विफलताएं इन कर्मचारियों पर जो शारीरिक और मानसिक बोझ डाल सकती हैं, वह डिजिटल व्यवधान से होने वाले व्यापक नुकसान का एक महत्वपूर्ण पहलू है। यह सभी अंडे एक ही डिजिटल टोकरी में रखने के समान ---------------------------------------- इसमें सामाजिक लागत का पहलू भी है। समाजशास्त्रियों की इसके जोखिम को लेकर लंबे समय से दलील रही है कि तकनीकी रूप से उन्नत समाजों की कमजोरियां, कुछ हद तक, जटिल और आपस में जुड़ी हुई बुनियादी संरचनाओं पर उनकी बढ़ती निर्भरता से पैदा होती हैं। डिजिटल बुनियादी ढांचे के एकीकरण ने काफी हद तक शक्ति और जिम्मेदारी को कुछ चुनिंदा निजी कंपनियों के हाथों में केंद्रित कर दिया है। माइक्रोसॉफ्ट की घटना यह दर्शाती है कि संगठन किस हद तक अपनी परिचालन निरंतरता को प्रमुख प्रौद्योगिकी प्रदाताओं के हाथों में सौंप चुके हैं। माइक्रोसॉफ्ट की अवसंरचना रोजमर्रा की कई गतिविधियों का आधार है। ऐसी गतिविधियां विद्यालयों, अस्पतालों, व्यवसायों और धर्मार्थ संस्थाओं द्वारा की जाती हैं। ये सेवाएं जब उपलब्ध नहीं होतीं, तो इसके परिणाम केवल ईमेल अकाउंट तक पहुंच न पाने की तात्कालिक असुविधा तक ही सीमित नहीं रहते। संगठन, महत्वपूर्ण सार्वजनिक सेवाएं और यहां तक कि देश भी, जो अपने डिजिटल कामकाज के अहम हिस्सों को किसी एक ही सेवा प्रदाता को सौंप देते हैं, उस प्रदाता के यहां कोई बड़ी खराबी आने पर काम करने में असमर्थ हो सकते हैं। इसलिए, एक केंद्रित प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र पर बढ़ती निर्भरता डिजिटल लचीलेपन के बारे में बुनियादी सवाल खड़े करती है। समाज जैसे-जैसे ऑनलाइन सेवाओं पर अधिक निर्भर होता जा रहा है, बुनियादी ढांचे के विफल होने के परिणाम कहीं अधिक व्यापक और अधिक नुकसानदेह हो सकते हैं।
    Click here to Read more
    Prev Article
    Hafiz Saeed समर्थित PMML ने Maryam Nawaz को भेजा लीगल नोटिस, सात दिनों में माफी मांगने की मांग
    Next Article
    खाड़ी में शांति और सुरक्षा के लिए Qatar-Turkey Defence Deal, दोनों देशों ने साइन किए MoUs

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment