Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    पीएनबी की करेंसी चेस्ट में 7.40 करोड़ के नकली नोट:सहारनपुर में ऑडिट में पता चला, चार पर FIR

    7 hours ago

    1

    0

    सहारनपुर पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में ऑडिट के दौरान 7.40 करोड़ रुपये के नकली नोट मिले हैं। इसी करेंसी चेस्ट से जुड़े एक अन्य मामले में मुख्यालय भेजी गई नकदी में भी 4.36 लाख रुपये कम मिले। बैंक की ओर से दोनों मामलों को लेकर सदर बाजार थाने में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। मामला सोफिया मार्केट की पंजाब नेशनल बैंक शाखा का है। नोडल अधिकारी अरुण कुमार चौबे की शिकायत पर जाली नोटों के मामले में मंडल कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक रवि कुमार, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा और हरियाणा के खेरा बाजार, जगाधरी स्थित करेंसी चेस्ट के प्रबंधक अमित कुमार को नामजद किया गया है। वहीं, कैश कम मिलने के मामले में हाउस कीपर विशाल कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है। नकली नोट मिलने के बाद सबसे बड़ा सवाल इनके स्रोत को लेकर है। करेंसी चेस्ट में बैंक की अलग-अलग शाखाओं से नकदी आती है। ऐसे में पुलिस अब उस पूरी प्रक्रिया की पड़ताल कर रही है, जिसके तहत नोट संबंधित शाखाओं से यहां तक पहुंचे। जांच अधिकारियों के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि 7.40 करोड़ रुपये की जाली करेंसी एक साथ जमा हुई या अलग-अलग समय में थोड़ी-थोड़ी करके चेस्ट तक पहुंची। इसके लिए बैंक से नकदी जमा कराने से संबंधित रिकॉर्ड मांगा जा रहा है। पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि किन-किन शाखाओं ने करेंसी चेस्ट में किस तारीख को कितनी रकम जमा कराई थी। इसके बाद उन रकमों में शामिल नोटों की जांच से यह पता लगाने का प्रयास होगा कि जाली नोट किस स्तर से करेंसी चेस्ट में पहुंचे। जांच में बैंक की आंतरिक प्रक्रिया भी पुलिस के रडार पर रहेगी। नोटों की गिनती, पैकिंग, चेस्ट में जमा करने और आगे मुख्यालय भेजने के दौरान कौन-कौन कर्मचारी मौजूद थे, इसका भी मिलान किया जाएगा। पुलिस बैंक की संबंधित शाखाओं और करेंसी चेस्ट की CCTV फुटेज भी जुटाने की तैयारी कर रही है। जिन तारीखों में संबंधित शाखाओं से बड़ी रकम करेंसी चेस्ट में पहुंची, उन दिनों की रिकॉर्डिंग खंगाली जाएगी। CCTV फुटेज को बैंक के कैश रिकॉर्ड से मिलाकर यह पता लगाने की कोशिश होगी कि रकम लेकर कौन कर्मचारी या अन्य लोग करेंसी चेस्ट पहुंचे थे। इससे जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। इसी करेंसी चेस्ट से जुड़ा दूसरा मामला कैश कम मिलने का है। करेंसी चेस्ट से मुख्यालय भेजी गई रकम की जांच के दौरान 4.36 लाख रुपये कम पाए गए। इसके बाद बैंक नोडल अधिकारी ने हाउस कीपर विशाल कुमार के खिलाफ भी सदर बाजार थाने में तहरीर दी। पुलिस अब इस मामले में कैश के रखरखाव, गिनती और मुख्यालय भेजे जाने की प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड की जांच करेगी। यह भी देखा जाएगा कि रकम की जिम्मेदारी किस-किस कर्मचारी की थी। एक ही करेंसी चेस्ट में करोड़ों की जाली करेंसी मिलना और दूसरी ओर लाखों रुपये की नकदी कम निकलना जांच एजेंसियों के लिए गंभीर विषय बन गया है। हालांकि दोनों मामलों में नामजद किए गए लोगों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस बैंक के दस्तावेज, कैश रिकॉर्ड और CCTV फुटेज के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि करेंसी चेस्ट के ऑडिट में नकली नोट मिलने और मुख्यालय भेजे गए कैश में कमी से जुड़े दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। दोनों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। कुल चार लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    थार सवार को बाइक सवार दबंगों ने पीटा, VIDEO:प्रतापगढ़ में CCTV फुटेज आए सामने, 10 रुपए और सोने की चेन लूटने का आरोप
    Next Article
    उन्नाव में डंपर से भिड़ी बस्ती डिपो की बस:संविदा चालक की मौत, 15 यात्री घायल

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment