Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    पूर्व विधायक के घर पर मिला विस्फोटक:फर्रुखाबाद में दोनों बेटों सहित 6 लोगों पर केस, मां ने सिलेंडर ब्लास्ट से किया था इंकार

    3 hours ago

    1

    0

    फर्रुखाबाद में मंगलवार शाम पूर्व विधायक के घर पर बड़ा विस्फोट हुआ था। मामले में मौके पर पहुंचे SI ने रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें बताया गया कि मकान में विस्फोटक इकट्‌ठा किया गया था। पूर्व विधायक के दो बेटों समेत 6 लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है। पूरी बिल्डिंग को सील कर दिया गया है। आज DIG भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि परिवार के लोग पुलिस जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। बता दें कि हादसे में दोनों बेटों समेत 6 लोग घायल हो गए थे। पहले सिलेंडर फटने की आशंका थी, लेकिन पूर्व विधायक की पत्नी ने इस बात से इंकार किया था। अब पढ़िए SI ने रिपोर्ट में क्या बताया… शहर कोतवाली के उप निरीक्षक इमरान फरीद ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि वह साहबगंज चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक ई-रिक्शा पर दो घायल और झुलसे हुए व्यक्तियों को भारत नर्सिंग होम की तरफ जाते देखा। ई-रिक्शा को रोककर पूछताछ करने पर पता चला कि घायल व्यक्ति पूर्व विधायक विजय सिंह के बेटे अविनाश उर्फ विक्की और अभिषेक उर्फ सिक्की हैं। पुलिस शहर के मोहल्ला मछरटा पर पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पहुंची। घायलों ने बताया कि उनके घर में एक भयानक विस्फोट हुआ है, जिसमें पांच से छह लोग घायल हो गए हैं और कुछ लोग अभी भी मौके पर पड़े हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम पूर्व विधायक के आवास पर पहुंची, जहां घर के बाहर भारी भीड़ जमा थी और पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल था। लोग चीख-पुकार कर रहे थे। बेसमेंट की छत उखड़ गई थी घर के मेन गेट के अंदर घुसने पर पुलिस ने देखा कि फर्श टूटी पड़ी थी, बेसमेंट की छत उखड़ गई थी और उसमें रखा सारा सामान बिखरा हुआ था। मलबे में नूरपुर निवासी भैया लाल नामक एक व्यक्ति पूरी तरह घायल अवस्था में दबा पड़ा था, जिसे हमराहियों की मदद से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पूछताछ में लोगों ने बताया कि विक्की और सिक्की के अलावा ईशु चौरसिया, रामवीर यादव और राशू मिश्रा भी घायल हुए हैं, जिन्हें लोगों द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया था। उप निरीक्षक ने साहस कर टूटे हुए बेसमेंट में झांका तो वहां से विस्फोटक पदार्थ की गंध आ रही थी। तीसरी मंजिल तक खिड़कियां टूटीं मकान की दीवारों पर खून के धब्बे लगे थे और तीसरी मंजिल तक की खिड़कियां, दरवाजे, ग्रिल, छत और लेंटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में थे। आसपास के लोगों ने बताया लगभग 7:30 बजे धमाके के साथ बिल्डिंग क्षतिग्रस्त हो गई। मौके की स्थिति से यह स्पष्ट था कि मकान में मौजूद घायलों द्वारा अवैध विस्फोटक पदार्थ इकट्‌ठा करके कुछ बनाने की कोशिश की जा रही थी। इस कारण यह घटना हुई और लोगों की जान जाने का खतरा उत्पन्न हो गया। इससे अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। सिलेंडर फटने से किया था इंकार वहीं, पूर्व विधायक की पत्नी और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दमयंती सिंह ने बताया कि घटना के समय वह घर पर ही थीं। उन्होंने बताया, ऊपर तुलसी में दीपक जलाकर नीचे आई थी और किचन के पास आंगन में बैठे थे। बच्चे नीचे ही थे। अचानक ऐसा लगा जैसे तूफान आ गया हो। चारों तरफ से शीशे और परदे गिरने लगे। समझ नहीं आया क्या हुआ। नीचे जाकर देखा तो बड़े बेटे के गेट के पास काफी खून निकल रहा था, जबकि छोटे बेटे को भी चोट आई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि घर में कोई सिलिंडर ब्लास्ट नहीं हुआ है और धमाके का कारण अब तक समझ में नहीं आया है। छह लोगों को किया गया नामजद रिपोर्ट में पूर्व विधायक विजय सिंह के बड़े बेटे अविनाश उर्फ विक्की, छोटे बेटे अभिषेक उर्फ सिक्की, मोहल्ले के ही रहने वाले ईशु चौरसिया, फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले रामवीर यादव, शहर के मोहल्ला मित्तुकुंचा निवासी राशू मिश्रा, मऊ दरवाजा निवासी भैया लाल को नामजद किया गया है। बीएनएस की धारा 288, 121,125a,125b, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 3 व 5 सहित आपराधिक कानून धारा 7 में मुकदमा दर्ज किया गया है। विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 3 व 5 में 10 साल से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है। साथ ही इन लोगों पर ड्यूटी पर तैनात व्यक्ति को धमकाने की धारा भी लगाई गई है। पहुंची बम निरोधक टीम पूर्व विधायक के घर देर रात ही बम निरोधक टीम जांच करने के लिए पहुंच गई थी। सुबह फिर एक बार टीम पहुंची। वहीं, कानपुर से एटीएस भी जांच के लिए पहुंच गई है। आज दोपहर 2 बजे डीआईजी हरीश चन्दर भी मौके पर पहुंचे। करीब 20 मिनट घर के अंदर रहे और जांच-पड़ताल की। उन्होंने कहा कि मामले में कुछ भी कहना अभी जल्दबाजी होगी। वहीं, परिवार के लोग पुलिस जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। पुलिस द्वारा मकान को सील कर दिया गया है। अब विजय सिंह के बारे में… विधायक का करियर: विजय सिंह समाजवादी पार्टी के टिकट पर फर्रुखाबाद सदर विधानसभा क्षेत्र से तीन बार (2002, 2007 और 2012) विधायक रह चुके हैं। ब्रह्मदत्त द्विवेदी हत्याकांड: विजय सिंह को बीजेपी के कद्दावर नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। वह वर्तमान में इस मामले में सजा काट रहे हैं। अतिरिक्त सजा: मई 2023 में, उन्हें नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी करने के एक अन्य मामले में भी 3 साल की कैद और 8 लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाई गई थी। ------------------------------ यह खबर भी पढ़ें…. बदला लेने के लिए भाजपा नेता की हत्या हुई थी:गोरखपुर में CCTV से पकड़े गए हत्यारोपी; भतीजे ने मारपीट की थी गोरखपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा नेता राजकुमार चौहान की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के अनुसार, दो डंपर चालकों ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि दो महीने पहले भाजपा नेता के भतीजे ने उनके साथ मारपीट की थी। उस वक्त भाजपा नेता ने भतीजे का पक्ष लिया था। भतीजा उनके दम पर रौब गांठता था, इसलिए बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया। पढ़ें पूरी खबर…
    Click here to Read more
    Prev Article
    9 साल पूरे होने पर भाजपा का विकास उत्सव शुरू:रायबरेली में विधायक अशोक कोरी बोले- हर वर्ग तक पहुंचा योजनाओं का लाभ
    Next Article
    नवरात्रि पर शनील की पोशाक और जरी चुनरी की मांग:रत्न जड़ित मुकुट, डिजाइनर माला की भी बढ़ी बिक्री; कल से मंदिरों में लगेगी भक्तों की कतार

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment