Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    ऋतिक स्टारर काबिल के डायरेक्टर संजय गुप्ता का निधन:किचन में गिरे थे, सिर में चोट आई; अंडरवर्ल्ड की धमकियां मिलने पर संजय दत्त ने की मदद

    4 hours ago

    1

    0

    कांटें, काबिल, शूटआउट एट लोखंडवाला, मुंबई सागा जैसी बेहतरीन फिल्में डायरेक्ट कर चुके संजय गुप्ता का आज निधन हो गया है। डायरेक्टर ने 23 अक्टूबर को 57वां जन्मदिन मनाया था। रिपोर्ट के अनुसार, संजय गुप्ता मुंबई के राम नगर इलाके में एक बंगले में रहते थे। 30-31 अक्टूबर की दरमियानी रात वह किचन में गिरे, जिससे उनके सिर पर चोट आई। हालांकि इसकी जानकारी आज सुबह मिली। संजय गुप्ता के करीबी दोस्त और फिल्ममेकर अशोक पंडित ने एक पोस्ट कर बताया है कि उनका निधन सिर में चोट लगने से ही हुआ है। जल्द ही उनके अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी साझा की जाएगी। संजय के करीबी दोस्त हनीफ चूनावाला ने एएनआई से बातचीत में कन्फर्म किया है कि संजय का निधन किचन में गिरने से लगी चोट के कारण हुआ। दोपहर को संजय गुप्ता के वर्सोवा स्थित घर पर पुलिस टीम पहुंचीं। फॉरेंसिक जांच जारी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एनडीटीवी की रिपोर्ट में वर्सोवा पुलिस स्टेशन की सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर दीपशिखा वारे के हवाले से बताया गया है कि शुरुआती जानकारी के आधार पर आकस्मिक मौत यानी एक्सीडेंल मौत का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल घटनास्थल पर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। परिवार को भी किसी तरह की साजिश या गलत हरकत का शक नहीं है और उन्होंने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। फिल्म इंडस्ट्री से भी कई सेलेब्स उनके घर पहुंच रहे हैं। डायरेक्टर मिलाप जावेरी उनके घर के बाहर खड़े रोते नजर आए। संजय दत्त हुए भावुक, कहा- तुम हमेशा परिवार का हिस्सा रहोगे संजय दत्त ने कांटे के सेट की एक तस्वीर शेयर कर भावुक अंदाज में लिखा, 'गुप्त्स, मेरे भाई। मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा कि तुम हमें छोड़कर चले गए। हमने साथ में बहुत कुछ शेयर किया है। न जाने कितनी यादें हैं और हमारी दोस्ती के कितने साल हैं। तुम हमेशा मेरे परिवार का हिस्सा रहे हो और हमेशा रहोगे। मैं तुम्हें, तुम्हारे साथ हुई बातचीत और साथ बिताए हर पल को बहुत याद करूंगा।' संजय दत्त बोले- तुम्हारा सपना पूरा करूंगा, कांटे 2 बनाऊंगा अपनी पोस्ट में संजय दत्त ने बताया कि वो कुछ समय पहले ही कांटे 2 पर बात कर रहे थे। संजय ने लिखा, 'हमने कुछ दिन पहले ही 'कांटे 2' को लेकर बात की थी। भाई, अब मैं तुम्हारे इस सपने को जरूर पूरा करूंगा। तुम्हारी याद में 'कांटे 2' बनाऊंगा और तुम्हारा यह सपना सच करने के लिए हर मुमकिन कोशिश करूंगा। तुमसे हमेशा प्यार रहेगा। भाई, तुम्हारे बिना जिंदगी पहले जैसी नहीं रहेगी। ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दें।' संजय गुप्ता को मिली थीं अंडरवर्ल्ड की धमकियां, संजय दत्त ने की मदद कुछ हफ्तों पहले ही संजय गुप्ता ने हुसैन जैदी को दिए इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें 1992-93 के बीच अंडरवर्ल्ड की धमकियां मिली थीं। इस समय वह बतौर डायरेक्टर पहली फिल्म आतिश बना रहे थे, जिसमें संजय दत्त, करिश्मा कपूर और रवीना टंडन लीड रोल में थे। उन्होंने बताया कि एक सुबह उनके घर पर फोन आया। दूसरी तरफ से व्यक्ति ने खुद को ‘नाना’ बताया। संजय को समझ नहीं आया कि कौन नाना है? बाद में उन्हें पता चला कि फोन छोटा राजन का था। फोन पर उन्हें गालियां दी गईं। उन्होंने तुरंत संजय दत्त को फोन किया और कहा कि उन्हें घर से बाहर निकालने में मदद करें। इसके बाद संजय दत्त ने अपने पिता सुनील दत्त की सरकारी गाड़ी उनके घर भेजी। संजय गुप्ता पीछे के रास्ते से उस गाड़ी में बैठकर वहां से निकल गए। संजय दत्त के साथ 9 फिल्मों में किया काम संजय गुप्ता और संजय दत्त की जोड़ी ने बॉलीवुड को कई चर्चित फिल्में दीं। दोनों ने पहली बार फिल्म 'आतिश: फील द फायर' (1994) में साथ काम किया था, जो बतौर निर्देशक संजय गुप्ता की पहली फिल्म भी थी। इसके बाद दोनों ने 'खौफ' (2000), 'जंग' (2000), 'कांटे' (2002), 'मुसाफिर' (2004) और 'जिंदा' (2006) जैसी फिल्मों में साथ काम किया। इनमें 'कांटे' सबसे ज्यादा चर्चित रही। इसके अलावा संजय गुप्ता ने संजय दत्त के साथ 'प्लान' (2004), 'शूटआउट एट लोखंडवाला' (2007) और 'दस कहानियां' (2007) जैसी फिल्मों में निर्माता और लेखक के तौर पर भी काम किया। कांटे की रिलीज के बाद 5 हफ्ते आईसीयू में रहे संजय गुप्ता ने अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, महेश मांजरेकर, कुमार गौरव, मलाइका अरोड़ा और लकी अली स्टारर फिल्म कांटे डायरेक्ट की थी। फिल्म के कुछ हिस्से लॉस एंजिलिस में शूट हुए थे, लेकिन तभी 9/11 हमले के चलते शूटिंग में काफी अड़चन हुई और शेड्यूल बदलना पड़ा। फिल्म 20 दिसंबर 2002 को रिलीज हुई और हिट साबित हुई। फिल्म रिलीज के एक हफ्ते बाद 27 दिसंबर 2002 को संजय गुप्ता का खंडाला से लौटते वक्त कार एक्सीडेंट हुआ। जब उन्हें एडमिट करवाया गया तो डॉक्टर्स ने साफ कहा कि उनके अगले 72 घंटे बेहद क्रिटिकल हैं। तब वह महज 35 साल के थे। डायरेक्टर को 5 हफ्तों तक अस्पताल में भर्ती रखा गया था। संजय गुप्ता सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थे। इसी साल जून में एक पोस्ट कर उन्होंने कांटें की रिलीज के समय हुए एक्सीडेंट का भी जिक्र किया था। संजय दत्त से झगड़ा हुआ तो होटल में काम करने का फैसला किया संजय गुप्ता और संजय दत्त ने साथ में व्हाइट फेदर फिल्म्स नाम की प्रोडक्शन कंपनी बनाई थी। 2007 में फिल्म 'शूटआउट एट लोखंडवाला' के दौरान तकनीशियनों के भुगतान को लेकर दोनों में विवाद शुरू हुआ। इसके बाद दोनों के बीच दूरियां बढ़ गईं। संजय दत्त ने 2007 में संजय गुप्ता के साथ अपनी निजी और प्रोफेशनल पार्टनरशिप खत्म कर दी। 2024 में यूट्यूबर सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में संजय गुप्ता ने कहा कि उनके और संजय दत्त के बीच असल में कुछ गलत नहीं हुआ था, बल्कि दोनों के आसपास मौजूद लोगों ने गलतफहमियां पैदा की थीं। गुप्ता के मुताबिक, कुछ लोगों ने फिल्म इंडस्ट्री में यह अफवाह फैला दी थी कि संजय दत्त ने दूसरे लोगों को उनके साथ काम नहीं करने के लिए कहा है। संजय गुप्ता ने साफ किया कि संजय दत्त ने कभी ऐसा नहीं कहा था। इस पूरे घटनाक्रम के कारण वह करीब तीन साल तक बेरोजगार रहे। संजय दत्त से झगड़े की वजह से उन्हें काम मिलना लगभग बंद हो गया था। एक वक्त ऐसा भी आया जब उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री छोड़कर खंडाला में होटल का काम संभालने के बारे में सोचना शुरू कर दिया था। चार साल तक दोनों ने एक-दूसरे से बात नहीं की। आखिरकार 11 अक्टूबर 2012 को अमिताभ बच्चन की 70वीं बर्थडे पार्टी में दोनों की मुलाकात हुई। संजय गुप्ता उस वक्त जॉन अब्राहम से बात कर रहे थे, तभी संजय दत्त ने उन्हें आवाज दी। दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और भावुक हो गए। इस तरह सालों पुरानी दोस्ती फिर से बहाल हो गई। आखिरी पोस्ट में दलेर मेहंदी का बचाव किया था संजय गुप्ता सोशल मीडिया पर बेहद एक्टिव थे। उन्होंने X अकाउंट से आखिरी पोस्ट में सिंगर दलेर मेहंदी का मंच पर अपमान होने पर नाराजगी जताते हुए उनका बचाव किया था। उन्होंने लिखा था, 'मीका सिंह, दलेर पाजी मेरे बड़े भाई जैसे हैं, जिन्हें बहुत प्यार और सम्मान करता हूं। वो म्यूजिक वर्ल्ड के दिग्गज हैं, जिनसे बिना शर्त माफी मांगी जानी चाहिए।' कई सेलेब्स ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि- सुनील शेट्टी ने कहा- सोचा नहीं था ऐसा कुछ लिखना पड़ेगा फिल्म कांटे में साथ काम कर चुके सुनील शेट्टी ने लिखा, 'अभी भी यकीन करना मुश्किल है। हमने साथ में न जाने कितने दिन बिताए, फिल्में बनाईं, हंसी-मजाक किया, बहसें कीं, नए विचार साझा किए और ऐसी कई यादें बनाईं, जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी। कभी सोचा भी नहीं था कि एक दिन तुम्हारे लिए इस तरह कुछ लिखना पड़ेगा। संजय, अब सुकून से आराम करो। तुम्हारी कमी हमेशा खलेगी और तुम्हें शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता, उससे कहीं ज्यादा याद किया जाएगा।' मीका सिंह बोले- आप मेरे लिए गॉडफादर से कम नहीं थे मीका सिंह ने संजय गुप्ता के साथ तस्वीर शेयर कर लिखा, आज का दिन मेरे लिए बेहद चौंकाने वाला और दिल तोड़ देने वाला रहा। मेरे बड़े भाई संजय गुप्ता जी अब हमारे बीच नहीं रहे। भाई, आप मेरे लिए किसी गॉडफादर से कम नहीं थे। आपने ही मुझे बॉलीवुड में पहला मौका दिया था। आपके प्यार, मार्गदर्शन और हमेशा साथ देने के लिए मैं जिंदगीभर आपका आभारी रहूंगा। संजय गुप्ता को याद कर भावुक हुए डायरेक्टर हंसल मेहता स्कैम 1992 के डायरेक्टर हंसल मेहता, संजय गुप्ता को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने लिखा, 'अभी नहीं, भाई संजय गुप्ता। गुप्त्स। फिल्म इंडस्ट्री में शायद वही एक शख्स थे, जिन्हें मैंने अपना बॉस माना। लेकिन बॉस से बढ़कर वो मेरे प्यारे दोस्त थे। हमने साथ में जिंदगी के कई बुरे और अच्छे दौर देखे। इन सबके बीच हमारी एक चीज हमेशा एक जैसी रही- अच्छी चीजों को जीने और उनका आनंद लेने का शौक।' आगे उन्होंने लिखा, ‘मेरी पहली और इकलौती रोलेक्स घड़ी उन्होंने ही मुझे दी थी। आज वही घड़ी उनकी आखिरी निशानी बनकर मेरी कलाई पर है। मुझे नहीं लगता कि अब मैं इसे कभी उतारूंगा। जब मैं जिंदगी के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा था, तब उन्होंने मेरा हाथ थामा था। भाईचारे का जो रिश्ता मैंने सीखा, उसकी शुरुआत आपसे हुई थी संजय। और अब यह रिश्ता यहीं खत्म हो गया। मैं आपको कितना याद करूंगा, यह शब्दों में बयां नहीं कर सकता। लगता है, ऊपर की दुनिया में भी अब एक बड़ी पार्टी होने वाली है।’ अनुपम खेर बोले- उन्होंने बेटे सिकंदर को पहला मौका दिया था अनुपम खेर ने लिखा है, ‘स्टॉकहोम में आज सुबह अपने दोस्त और फिल्म निर्देशक संजय गुप्ता के निधन की बेहद दुखद खबर सुनकर नींद खुली। यह यकीन करना मुश्किल है कि जिंदगी से भरपूर इंसान अचानक हमारे बीच नहीं रहा। मैंने उनके साथ दो फिल्मों में काम किया था। लेकिन हमारे परिवार के सफर में भी उनकी एक खास जगह थी। उन्होंने ही सिकंदर खेर को बॉलीवुड में पहला मौका दिया था। करीब एक साल पहले जब उनसे आखिरी बार मुलाकात हुई थी, तब भी उन्होंने यही बात कही थी।’ ‘हम हमेशा सोचते हैं कि अभी तो बहुत वक्त है। फिर मिलेंगे, बातें करेंगे और साथ में कोई फिल्म बनाएंगे। लेकिन दुख इस बात का है कि अब यह मुलाकात और साथ में फिल्म बनाने का सपना अधूरा ही रह जाएगा।’ अनिल शर्मा बोले- यकीन करना मुश्किल है गदर डायरेक्टर अनिल शर्मा ने संजय गुप्ता की तस्वीर के साथ लिखा है, 'यह बेहद चौंकाने वाला और दुखद है। इस खबर पर यकीन करना मुश्किल हो रहा है। मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें और उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत और शक्ति प्रदान करें।' अशोक पंडित बोले- ये बेहद शॉकिंग है अशोक पंडित ने संजय गुप्ता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए लिखा है, ‘यह बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर है। अभी-अभी पता चला कि हमारे प्यारे दोस्त और बेहतरीन डायरेक्टर संजय गुप्ता अब हमारे बीच नहीं रहे। घर पर सिर में चोट लगने के कारण उनका निधन हो गया। फिल्म इंडस्ट्री ने एक और प्रतिभाशाली इंसान को बहुत जल्दी खो दिया। वह शानदार कहानीकार थे, हमेशा जिंदादिल रहते थे और फिल्में बनाने के लिए बेहद जुनूनी थे। उनका जाना हमारी इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। मेरे दोस्त, आपकी बहुत याद आएगी। उनके परिवार और करीबियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’ संजय गुप्ता ने बॉलीवुड में क्राइम, गैंगस्टर ड्रामा, एक्शन और अंडरवर्ल्ड पर आधारित फिल्मों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनकी सबसे चर्चित फिल्मों में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त स्टारर कांटे, ऋतिक रोशन की काबिल, संजय दत्त की जिंदा और जॉन अब्राहम की शूटआउट एट वडाला शामिल हैं।
    Click here to Read more
    Prev Article
    भ्रष्टाचार-गबन के परिवाद में विधायक अदालत पहुंचे:शिवसेना नेता ने दाखिल किया था मामला, 20 नवंबर को अगली सुनवाई
    Next Article
    वरुण धवन ने सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ शेयर की तस्वीर:बोले- भाई के साथ कभी कॉम्पिटिशन नहीं था, कियारा को भाभी जी कहकर कहा शुक्रिया

    Related मनोरंजन Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment