Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    ₹1600 में ब्लैक में मिल रहा सिलेंडर:लखनऊ में युवक बोला- 4 दिन से घर में नहीं बना खाना; होटल-रेस्टोरेंट बंद करने की नौबत

    4 hours ago

    1

    0

    लखनऊ में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है। घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोग परेशान हैं जिसका असर कामकाज पर पड़ने लगा है। इसके साथ ही आम उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहले जहां बुकिंग के अगले दिन ही सिलेंडर की डिलीवरी हो जाती थी, अब एक हफ्ते बाद भी सिलेंडर नहीं पहुंच पा रहा है। इसके चलते घरेलू सिलेंडरों की वेटिंग भी तेजी से बढ़ रही है। लखनऊ के होटल संचालक, व्यापारी, दुकानदार और आम लोग सिलेंडर के लिए जूझ रहे हैं। किसको किन दिक्कतों का करना पड़ रहा सामना पढ़िए…. होटल बंद करने की नौबत आ गई पिकैडली होटल के फाइनेंशियल कंट्रोलर जितेंद्र ने बताया कि- पहले गैस की किल्लत को लेकर कोई सूचना नहीं थी, लेकिन अचानक शॉर्टेज की बात सामने आने लगी। अब हालात यह हैं कि सप्लायर ने बुधवार से सिलेंडर देने के लिए हाथ खड़े कर दिए हैं। जितेंद्र के मुताबिक, गैस सिलेंडर खत्म होने के बाद बाजार की स्थिति और भी खराब हो गई है। कमर्शियल इंडक्शन तक बाजार में उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में कई लोग कोयले से खाना बनाने पर विचार कर रहे हैं, लेकिन यह आसान विकल्प नहीं है। जितेंद्र कहते हैं कि, सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है और स्थिति धीरे-धीरे पैनिक की ओर बढ़ती जा रही है। एजेंसी में गैस खत्म, ब्लैक में 1600 का बुद्धेश्वर से लालबाग सिलेंडर भरवाने आए रिंकू चौरसिया ने बताया कि उनके घर में पिछले चार दिनों से गैस खत्म है। परिवार में पांच सदस्य हैं और सभी को मजबूरी में पड़ोसियों के यहां खाना खाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चार दिनों से लगातार गैस एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कहीं भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। एजेंसी पर गैस उपलब्ध नहीं है, जबकि ब्लैक में वही सिलेंडर तुरंत 1600 रुपये में मिल रहा है। जो सिलेंडर सामान्य तौर पर करीब 950 रुपये में मिलता है, वह अब दोगुने दाम पर मिल रहा है। रिंकू का कहना है कि सिलेंडर की खुलेआम कालाबाजारी हो रही है। सिर्फ गैस ही नहीं, बल्कि बल्कि आलू, प्याज और टमाटर जैसी जरूरी चीजों के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं।हालात कोरोना काल जैसे लगने लगे हैं। उस समय ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लैक में मिल रहा था, और अब एलपीजी सिलेंडर ब्लैक में बिक रहा है। यहां बड़ी संख्या में लोग लाइन लगाकर खड़े हैं, लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। उनका कहना है कि हमला कहीं और हो रहा है, लेकिन उसका असर यहां आम लोगों पर पड़ रहा है और सिलेंडर महंगे हो रहे हैं। काम धंधा छोड़ लाइन में लगे जानकीपुरम से करीब 22 किलोमीटर दूर सिलेंडर भरवाने आए विनय मौर्या ने बताया कि वह पिछले पांच घंटे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन इसके बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया। विनय के अनुसार, जानकारी मिली कि करीब एक हफ्ते बाद गैस की गाड़ी आई है, इसलिए इतनी लंबी लाइन लगी हुई है। विय कहते हैं कि पिछले 10 सालों में उन्हें पहली बार गैस सिलेंडर के लिए इस तरह लाइन में लगना पड़ा है। विनय ने कहा कि- घर में सुबह का नाश्ता मजबूरी में लकड़ी के चूल्हे पर बनाना पड़ा। अब सिलेंडर मिलने के बाद ही घर में ठीक से खाना बन पाएगा। 5 मार्च से नहीं मिल रहा है सिलेंडर मनीषा ने कहा कि गैस सिलेंडर के लिए लाइन लगाना बेहद दुखद है। 5 मार्च से हमलोग सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं मगर नहीं मिल पा रहा है। ऑनलाइन बुकिंग हो नहीं पा रही है और अब हम लोग एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं। एजेंसी वाले कह रहे हैं कि जब DAC नंबर आएगा तब गैस मिलेगी। ऑनलाइन डीएसी नंबर जनरेट नहीं हो रहा है। ब्लैक में यही सिलेंडर ₹1500 का मिल रहा है। इन्हें ज्यादा पैसे चाहिए इसलिए हमको लाइन में खड़ा कर दिया है हम अपना घर परिवार छोड़कर यहां खड़े हैं हमारे छोटे बच्चे स्कूल छोड़कर गैस सिलेंडर लेकर यहां एजेंसी पर हमारे साथ है। कुछ समझ नहीं आ रहा है क्या करें। बिना सिलेंडर मुश्किल हुआ रमजान सिलेंडर लेने आए मोहम्मद शरीफ ने बताया कि रमजान के महीने में लोग घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। एजेंसी के कर्मचारी कोई साफ जानकारी नहीं देते, बस इतना कहते हैं कि लाइन में खड़े रहो। शरीफ के अनुसार, उनके घर में परिवार के सभी लोगों ने रोजा रखा है। पिछले दो दिनों से घर में गैस सिलेंडर नहीं है। ऐसे में इफ्तार और खाने का सामान बाहर बाजार से खरीदकर लाना पड़ रहा है। इस वजह से बच्चे भी काफी परेशान हैं। गैस सिलेंडर की कमी से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय पर गैस सिलेंडर मिल जाए तो लोगों की बड़ी समस्या का समाधान हो सकता है। तीन बार लाइन में लगे नहीं मिला सिलेंडर आर्यन ने बताया कि वह एजेंसी पर करीब छह घंटे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन इसके बावजूद अभी तक गैस नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि छह घंटे बाद जब उनका नंबर आया तो एजेंसी कर्मचारियों ने गैस की पासबुक लाने को कहा। आर्यन के मुताबिक वह पासबुक लेकर आए और दोबारा लाइन में लगे। इसके बाद कर्मचारियों ने कहा कि जिस मोबाइल नंबर से बुकिंग हुई है, वह मोबाइल लेकर आओ। वह मोबाइल लेकर तीसरी बार लाइन में खड़े हुए, लेकिन इस बार भी उन्हें गैस नहीं मिल सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी कर्मचारी एक बार में पूरा प्रोसेस नहीं बताते, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ रही है। आर्यन ने कहा कि घर वाले गैस के इंतजार में बैठे हैं और वह यहां घंटों से लाइन में धक्के खा रहे हैं। अब समझ नहीं आ रहा कि क्या करें। किचन बंद करने की नौबत आ गई मेहता स्वीट्स के ललित मेहता ने बताया कि गैस सिलेंडर हमारी पहली जरूरत है। होली तक हमें इस बात का कोई भी अंदाजा नहीं था कि ऐसा हो सकता है। मगर जैसे ही होली की खुमारी उतरी यह मुसीबत आ गई। दुकान के सारे काम बंद पड़े है। बुधवार की सुबह किचन में कोई काम कर पाना संभव नहीं है। जो हमारा एजेंसी और डिलीवरी वाला है वो फोन तक नहीं उठा रहा हैं। बहुत ही असमंजस की स्थिति बनी है कोई भी किसी सवाल का जवाब नहीं दे रहा है। होली में जितना माल था सब बिक गया और नया हम कुछ बना नहीं पा रहे हैं। एक-एक दिन हम लोगों पर भारी पड़ रहा है कुछ समझ में नहीं आ रहा है कि आगे कैसे काम होगा। हमारी समस्याओं को सुनने और सुलझने वाला कोई नहीं है। छोटे दुकानदार और जो चाय बेचने वाले हैं उन्होंने तो आज से ही अपनी दुकान बंद कर दिया है। ………………. संबंधित खबर भी पढ़िए… यूपी में सिलेंडर की किल्लत, एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें:लखनऊ में झड़प, 3-3 सिलेंडर लेकर पहुंचे लोग; अफसर बोले- गैस की कमी नहीं यूपी में रसोई गैस (LPG) की किल्लत हो गई है। लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर समेत कई शहरों में बुकिंग के 4 से 5 दिन बाद सिलेंडर नहीं मिल रहे। गैस एजेंसियों के बाहर लाइनें लगने लगी हैं। लखनऊ की लालबाग एजेंसी में ग्राहक की पासबुक फाड़ने पर काफी देर तक हंगामा हुआ। कई लोग 3-3 सिलेंडर लेकर एजेंसी पहुंच गए। पढ़िए पूरी खबर
    Click here to Read more
    Prev Article
    ईरानी स्कूल पर हमले के लिए अमेरिका जिम्मेदार:सेना की जांच में खुलासा, गलती से सैन्य ठिकाना समझा, इसमें 160 से ज्यादा बच्चे मारे गए
    Next Article
    वाराणसी की ई-ऑटो-दीदी सीता दे रहीं महिला सशक्तिकरण का पैगाम:बोलीं - रोजगार मिला पर अब छत चाहिए, टीन शेड में रहने को मजबूर

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment