Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    सलमान के बाद आयुष्मान बने प्रेम:सूरज बड़जात्या बोले- पहली बार सवाल उठा रहा किरदार, शादी में आजादी और रिश्तों में बराबरी जरूरी

    5 hours ago

    1

    0

    सूरज बड़जात्या की फिल्मों में प्रेम हमेशा रिश्तों को जोड़ने और परिवार को साथ रखने का संदेश देता आया है। लेकिन ‘ये प्रेम मोल लिया’ में उसका अंदाज बदला हुआ है। वह पहली बार सवाल उठा रहा है और प्रेमिका की जरूरतों को प्राथमिकता दे रहा है। फिल्म में आयुष्मान खुराना, सलमान खान के बाद प्रेम के किरदार में नजर आएंगे। शरवरी वाघ पूर्वा की भूमिका निभा रही हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में सूरज बड़जात्या ने बताया कि इस बार प्रेम उनकी पिछली फिल्मों से कितना अलग है। उन्होंने शादी में आजादी और रिश्तों में एक-दूसरे को स्पेस देने की अहमियत पर बात की। आयुष्मान ने प्रेम बनने की जिम्मेदारी और सूरज के साथ काम करने का अनुभव साझा किया। शरवरी ने छठ महापर्व, अपने किरदार और सूरज के पारिवारिक माहौल वाले सेट के अनुभव बताए। सवाल: सूरज जी, आपकी फिल्मों का प्रेम हमेशा रिश्तों को जोड़ता आया है। इस बार ‘ये प्रेम मोल लिया’ का प्रेम किस मायने में अलग है? जवाब/सूरज बड़जात्या: यह काफी अलग है। पहली बार मेरा प्रेम सवाल कर रहा है। अब तक प्रेम ने चीजों को संजोया है, रिश्तों को जोड़ा है, लेकिन इस बार प्रेम अपने अंदाज में सवाल उठा रहा है। वह भी अपनी टेंडरनेस और सेंसिटिविटी के साथ। यह एक ऐसा कलाकार है, जो अपनी प्रेमिका की जरूरतों को प्राथमिकता देता है। मेरे लिए भी प्रेम का यह रूप नया है। आयुष्मान ने इस किरदार को अपना अलग रंग दिया है। यह मेरे वर्ल्ड का भी है और आज के दौर का भी। सवाल: आयुष्मान, सलमान खान के बाद प्रेम का किरदार निभाने की जिम्मेदारी कितनी बड़ी थी? जवाब/आयुष्मान खुराना: जिम्मेदारी बहुत बड़ी है, लेकिन राजश्री की लेगेसी भी उतनी ही बड़ी है। प्रेम बनने की जिम्मेदारी जरूर थी, क्योंकि सलमान भाई दर्शकों के सबसे बड़े प्रेम रहे हैं। लेकिन फिल्म की कहानी मेरे जॉनर के काफी करीब है। इसमें एक सोशल मैसेज है और परिवार व समाज से कुछ कहने की कोशिश है। प्रेम का सबसे जरूरी गुण निस्वार्थ होना है। वह अपने परिवार और पार्टनर को सिर्फ प्यार नहीं देता, बल्कि परिवारों को जोड़ने का काम भी करता है। सवाल: प्रेम बनने के लिए किन गुणों का होना जरूरी है? जवाब/आयुष्मान: प्रेम में हर गुण होना चाहिए, लेकिन सबसे जरूरी है निस्वार्थ प्रेम। वह अपनी फैमिली और पार्टनर को क्या देता है, कैसे परिवारों को जोड़ता है, यही महत्वपूर्ण है। राजश्री की फिल्मों में हमेशा परिवारों को जोड़ने की बात रही है। लोग पूरी फैमिली के साथ फिल्म देखने जाते हैं और यही इस सिनेमा की खूबसूरती है। सवाल: शरवरी, सूरज बड़जात्या की फिल्मों की हीरोइनों की अपनी अलग पहचान रही है। पूर्वा का किरदार आपके लिए कितना खास रहा? जवाब/शरवरी वाघ: सर अपनी फीमेल लीड्स को बहुत खूबसूरती से लिखते हैं। उनके किरदारों में नजाकत और ग्रेस के साथ फियरलेसनेस और अपनी बात रखने की ताकत भी होती है। पूर्वा की भी अपनी विचारधारा है। वह अपनी बात रखती है, लेकिन पूरी इज्जत के साथ। मुझे इस किरदार की यही बात सबसे अच्छी लगी। ट्रेलर के अंत में जब पहली बार ‘डायरेक्टेड बाय सूरज बड़जात्या’ देखा, तब एहसास हुआ कि मैंने वाकई उनके साथ काम किया है। सवाल: आयुष्मान, आपने खुद सूरज बड़जात्या से काम करने के लिए संपर्क किया था। पहली मुलाकात कैसी रही? जवाब/आयुष्मान: मुझे पता चला था कि सूरज सर कुछ लिख रहे हैं। मैंने अपनी एजेंसी के साथ उन्हें अप्रोच किया। करीब एक घंटे की नरेशन हुई। उन्होंने फिल्म का विषय समझाया और गाने भी सुनाए। दो गाने तो नरेशन से पहले ही तैयार थे। मुझे लगा कि वह सिनेमा के बहुत बड़े स्टूडेंट हैं, हर चीज की इतनी तैयारी करते हैं। मैं तो उनके साथ काम करना चाहता ही था। खुशी इस बात की भी थी कि फिल्म की कहानी में एक मजबूत मैसेज है। एक्टर के तौर पर भी और स्क्रिप्ट के लिहाज से भी यह मेरे लिए बहुत वैल्यू क्रिएट करने वाली फिल्म है। सवाल: शरवरी, सूरज बड़जात्या से पहली मुलाकात का अनुभव कैसा था? जवाब/शरवरी: मैं उनके प्रभादेवी ऑफिस में उनसे मिलने गई थी। उस समय मुझे नहीं पता था कि उन्होंने मेरा कितना काम देखा है। मैं पूरी तैयारी करके गई थी कि क्या बोलूंगी और कैसे बात करूंगी, लेकिन वहां पहुंचकर सब भूल गई। उन्होंने मेरी कुछ फिल्में देखी थीं और उन पर बहुत सहजता से बात की। फिर उन्होंने फिल्म का कॉन्सेप्ट सुनाया। मैंने उनसे बस यही कहा कि सर, आपने जो दो लाइनें सुनाई हैं, मैं इस फिल्म में काम करना चाहती हूं। उनकी सबसे खूबसूरत बात यह है कि वह सामने वाले को बहुत स्पेशल फील कराते हैं। उनसे बात करते हुए आप भूल जाते हैं कि आप इतने बड़े फिल्ममेकर के सामने बैठे हैं। सवाल: सूरज बड़जात्या के सेट का माहौल कैसा रहता है? जवाब/आयुष्मान: बहुत पारिवारिक माहौल रहता है। जैसा माहौल आप उनकी फिल्मों में देखते हैं, वैसा ही सेट पर भी होता है। वह मानते हैं कि सेट की एनर्जी ही सिनेमा में ट्रांसलेट होती है। वह पॉजिटिव एनर्जी बनाए रखते हैं। शूटिंग को बहुत हेक्टिक नहीं करते। चाहते हैं कि एक्टर्स आठ घंटे सोएं, खुश रहें। उनका मानना है कि कलाकार खुश नहीं होगा तो अपना बेस्ट नहीं दे पाएगा। शरवरी: उनकी एक और खासियत है कि वह हर क्रू मेंबर को बहुत प्यार और सम्मान देते हैं। चाहे हेयर और मेकअप टीम हो या कोई दूसरा विभाग, वह सबसे पूछते हैं कि बेटा, हो गया? पहले दिन मेरी टीम के लोग भी हैरान थे कि सर उनसे पूछ रहे हैं कि उनका काम पूरा हुआ या नहीं। जब सेट पर हर व्यक्ति को सम्मान मिलता है, तो सबके बीच प्यार और रिस्पेक्ट बढ़ती है। इससे एक अलग तरह की स्पेशल फीलिंग आती है। सवाल: आयुष्मान, आपने बचपन में शादी कर ली थी। प्रेम और शादी को लेकर आपका नजरिया क्या है? जवाब/आयुष्मान: मैंने बचपन में शादी कर ली थी। मुझे शुरू से एक्टर बनना था और लगता था कि एक्टर बनने के लिए खुद को थोड़ा वक्त देना चाहिए। लेकिन अगर उस समय शादी नहीं होती तो शायद आगे नहीं होती। यह एक चीज थी जो मेरे सामने रखी गई और मैंने उसे अपनाया। मेरे लिए प्रेम में इससे बड़ा बिलीव कुछ नहीं है। सवाल: सूरज जी, आपकी फिल्मों में शादी और रिश्तों की खूबसूरती बार-बार नजर आती है। इसकी वजह क्या है? जवाब/सूरज बड़जात्या: शादी दो लोगों और दो आत्माओं का बहुत खूबसूरत रिश्ता है। असल में शादी के मूल वचन भी एक-दूसरे को आजादी और स्पेस देने की बात करते हैं। समय के साथ हमने रिश्तों को लेकर कई धारणाएं बना ली हैं, लेकिन मेरे लिए एक-दूसरे को समझना और अपनी स्वतंत्रता बनाए रखते हुए साथ चलना ज्यादा जरूरी है। इस फिल्म के दोनों किरदार आज के दौर के हैं। उनकी अपनी सोच है, वे उसे लेकर अनअपोलोजेटिक हैं, लेकिन सबको साथ लेकर चलना भी चाहते हैं। सवाल: आपकी फिल्मों में एक आदर्श परिवार और एक अलग ही दुनिया नजर आती है। क्या इसे आप रामराज्य जैसी अपनी कल्पना मानते हैं? जवाब/सूरज बड़जात्या: हो सकता है कि यह मेरी अपनी सोच हो कि मैं हर बार एक ऐसा रामराज्य बनाना चाहता हूं। मेरा सपना हमेशा से ऐसा वर्ल्ड बनाने का रहा है, जहां सब लोग साथ रहें, कोई किसी से दूर न जाए, कोई जुदा न हो। सब साथ बैठें और वक्त जैसे थम जाए। डायरेक्टर के पास अपनी दुनिया बनाने की ताकत होती है। मैं भी अपनी फिल्मों के जरिए वही दुनिया बनाता आया हूं। फिल्म बनाते समय मैंने कभी यह नहीं सोचा कि कितना कमाऊंगा या कितना गंवाऊंगा। मेरे लिए उस दुनिया को ईमानदारी से बनाना ज्यादा जरूरी रहा है। सवाल: सूरज जी, आपके सेट पर भी आपकी फिल्मों जैसा पारिवारिक माहौल रहता है। इसके पीछे क्या सोच है? जवाब/सूरज बड़जात्या: मेरे पिता ने एक बार कहा था कि हमारी फिल्मों में जो चलीं, वे वही थीं जिन्हें बनाते समय हमने एंजॉय किया था। इस बात का मुझ पर बहुत असर हुआ। मैंने समझा कि सेट पर कलाकार और तकनीशियन खुश रहेंगे, तभी अच्छा काम होगा। मैं हर चीज पहले से तैयार रखता हूं, ताकि शूटिंग के दौरान किसी तरह की उलझन न हो। एक्टर का काम बहुत मुश्किल है। उसे हर दिन किसी दूसरे किरदार में ढलना पड़ता है। इसलिए उसे खुश और सहज रखना मेरी जिम्मेदारी है। सवाल: शरवरी, छठ महापर्व फिल्म का अहम हिस्सा है। इस संस्कृति और पर्व को करीब से जानने का अनुभव कैसा रहा? जवाब/शरवरी वाघ: मैंने पहली बार छठ महापर्व को इतने करीब से देखा और समझा। जब सर ने पूरी कास्ट को बैठाकर यह गाना सुनाया था, तब हम सभी भावुक हो गए थे। तभी हमें इस पर्व की अहमियत और इसकी पवित्रता का एहसास हुआ। फिल्म में इसे निभाना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा। सवाल: सूरज जी, फिल्म में छठ महापर्व को कहानी का हिस्सा बनाने का विचार कैसे आया? जवाब/सूरज बड़जात्या: कहानी लिखते समय यह बात सामने आई कि बिहार की एक लड़की जब किसी दूसरे परिवार में शादी करके जाएगी, तो उसकी होने वाली सास के लिए छठ निभाना बहुत महत्वपूर्ण होगा। वहीं से यह कहानी आगे बढ़ी। फिल्म में प्रेम अपनी होने वाली पत्नी की खुशी और सहजता के लिए अपने परिवार को आगे लेकर आता है। इसके जवाब में लड़की भी उसके परिवार और संस्कृति को अपनाने की इच्छा जताती है। सबसे खूबसूरत बात यही है कि यहां किसी पर कुछ थोपा नहीं जाता, बल्कि दोनों एक-दूसरे की संस्कृति को सहजता से अपनाते हैं।
    Click here to Read more
    Prev Article
    23वें दिन 'रामायण' ने भारत में कमाए ₹1000 करोड़:ऐसा करने वाली धुरंधर-2 के बाद दूसरी फिल्म, वर्ल्डवाइड कलेक्शन हुआ ₹1,790 करोड़
    Next Article
    जेल में 90 दिन रहीं गहना वशिष्ठ:राज कुंद्रा केस के बाद शोज से निकाली गईं, बोलीं-मेरी बात सुने बिना सबने किनारा किया

    Related मनोरंजन Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment