Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    सावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुआ गोरखपुर:बेलपत्र से पूजा, बोल बम के नारे से गूंजा मंदिर प्रांगड़

    2 hours ago

    1

    0

    गोरखपुर में सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह तड़के से ही शहर के प्रमुख शिवालयों जैसे मुक्तेश्वरनाथ मंदिर, महादेव झारखंडी मंदिर, मानसरोवर मंदिर, मुंजेश्वरनाथ मंदिर व अन्य स्थानों पर भक्तों का आना शुरू हो गया। मंदिरों में भोर से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। मंदिर परिसर पूरे दिन "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयकारों से गूंजता रहा। सावन की शुरुआत 30 जुलाई से हो चुकी है, लेकिन पहला सोमवार होने के कारण भक्तों में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली। महिलाओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि और पति की लंबी उम्र की कामना करते हुए भगवान शिव का जलाभिषेक किया। वहीं युवाओं ने बेहतर भविष्य, सफलता और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, फूल और फल अर्पित कर विधि-विधान से अभिषेक किया। मंदिर में पूरे दिन भक्ति का माहौल बना रहा और शिव भक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए उत्साह के साथ पहुंचते रहे। मंदिर प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम मुक्तेश्वरनाथ मंदिर के महंत रामानंद उपाध्याय ने बताया कि सावन का पहला सोमवार शिवभक्तों के लिए बेहद पवित्र माना जाता है। इस दिन हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। मंदिर प्रशासन ने दर्शन की व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष प्रबंध किए थे। उनका कहना है कि सच्चे मन से भगवान शिव की पूजा करने वालों की मनोकामनाएं अवश्य पूरी होती हैं। भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन मिल सकें। पेयजल, प्राथमिक उपचार और मेडिकल टीम की भी व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। गोरखपुर के प्रमुख शिवालय और उनसे जुड़ी मान्यताएं मुक्तेश्वरनाथ मंदिर: जहां शेरों से बचाए भगवान शिव गोरखपुर शहर में राप्ती नदी के किनारे बसा मुक्तेश्वरनाथ मंदिर करीब 400 साल पुराना है। ऐसा कहा जाता है कि बांसी के राजा एक बार शिकार के लिए यहां आए थे। तभी अचानक शेरों ने उन्हें घेर लिया। जान बचाने के लिए राजा ने भगवान शिव से प्रार्थना की, और चमत्कार हुआ-शेर वहां से चले गए। इस अनुभव से भावुक होकर राजा ने वहां शिव मंदिर बनवाने का संकल्प लिया। राजा के आदेश पर महाराष्ट्र से आए बाबा काशीनाथ ने मंदिर की स्थापना कराई। मंदिर के पास ही "मुक्तिधाम" नाम की जगह है, इसी कारण इस मंदिर का नाम मुक्तेश्वरनाथ पड़ा। सावन और शिवरात्रि के मौके पर यहां बड़ी संख्या में शिव भक्त दर्शन करने पहुंचते हैं। महादेव झारखंडी मंदिरः एक सपना, और फिर प्रकट हुआ शिवलिंग गोरखपुर का महादेव झारखंडी मंदिर भी काफी पुराना और प्रसिद्ध है। सावन के पहले दिन यहाँ हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, इस मंदिर की मान्यताएँ है यहाँ की गई सभी मुरादें भगवान शिव पुरी कर देते हैं। यहां पहले घना जंगल हुआ करता था। एक दिन जमींदार गब्बू दास को सपने में भगवान शिव ने दर्शन दिए और बताया कि उनकी जमीन में एक खास जगह पर शिवलिंग छिपा है। जब खोदाई की गई, तो सच में वहां से शिवलिंग निकला। इसके बाद वहां मंदिर बनवाया गया। आज भी यहां नियमित पूजा-अर्चना होती है। लोगों की मान्यता है कि यहां जलाभिषेक करने से दुख और परेशानियों से छुटकारा मिलता है। शिवरात्रि के दिन यहां भव्य मेला भी लगता है। मानसरोवर मंदिरः राजा मानसिंह के सपने से शुरू हुई भक्ति की गाथा मानसरोवर मंदिर का इतिहास भी बहुत दिलचस्प है। कहा जाता है कि राजा मानसिंह को एक रात सपने में भगवान शिव ने दर्शन दिए और जंगल के बीच एक मंदिर बनाने का आदेश दिया। राजा ने उसी स्थान पर मंदिर और एक बड़ा तालाब (पोखरा) भी बनवाया। इस मंदिर का गहरा संबंध गोरक्षपीठ से है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मंदिर का जीर्णोद्धार कर इसे नया और सुंदर रूप दिया है। विजयादशमी के दिन गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर यहीं से विजय जुलूस की शुरुआत करते हैं और भगवान राम का तिलक भी यहीं से किया जाता है। मुंजेश्वरनाथ मंदिर: जहां दूध की धारा बह निकली थी गोरखपुर जिले के भौवापार गांव में स्थित मुंजेश्वरनाथ मंदिर भी भक्तों की आस्था का बड़ा केंद्र है। माना जाता है कि यहां कभी सतासी नरेश की राजधानी थी। एक बार मजदूर झाड़ियों की सफाई कर रहे थे, तभी उनकी कुदाल एक पत्थर से टकराई और वहां से दूध की धारा बह निकली। यह देख मजदूर घबरा गए और राजा को सूचना दी। राजा ने खुद वहां आकर खुदाई करवाई, तो वहां शिवलिंग निकला। रात को भगवान शिव ने राजा को सपने में दर्शन देकर वहां मंदिर बनवाने को कहा। झाड़ियों (जिसे मूंज कहते हैं) से शिवलिंग निकलने की वजह से इसका नाम पड़ा मुंजेश्वरनाथ मंदिर। सावन में ऐसे करें भगवान शिव की पूजा सावन के महीने में सुबह जल्दी उठकर स्नान करने के बाद साफ वस्त्र पहनें। इसके बाद शिवलिंग पर जल, गंगाजल, दूध, शहद और पंचामृत से अभिषेक करें। भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा, सफेद फूल और फल अर्पित करें। दीपक और धूप जलाकर "ॐ नमः शिवाय" मंत्र का जाप करें। श्रद्धा और शांत मन से की गई पूजा को भगवान शिव विशेष रूप से स्वीकार करते हैं। इन बातों का रखें ध्यान सावन के सोमवार को व्रत रखना शुभ माना जाता है। इस दौरान सात्विक भोजन करें और मांस, शराब व अन्य तामसिक चीजों से दूर रहें। किसी से विवाद न करें, सभी के प्रति सम्मान और प्रेम का भाव रखें। पूजा स्थल की साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष ध्यान रखें। सावन के पहले सोमवार पर गोरखपुर के सभी प्रमुख शिवालयों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों की आस्था, भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और भक्ति का यह अद्भुत नजारा पूरे शहर में देखने को मिला।
    Click here to Read more
    Prev Article
    श्रावस्ती के बाबा विभूतिनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब:सावन के पहले सोमवार पर तड़के 3 बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक
    Next Article
    विवाहिता की मौत मामले में पति और सास गिरफ्तार:रायबरेली में दहेज हत्या के आरोप में कार्रवाई, भेजा जेल

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment