Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    Barefoot College के संस्थापक Sanjit Bunker Roy का 81 वर्ष में निधन

    20 hours ago

    6

    0

    प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता एवं बेयरफुट कॉलेज के संस्थापक संजीत बंकर रॉय का मंगलवार सुबह राजस्थान के अजमेर जिले के तिलोनिया स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे। रॉय से जुड़े लोगों ने एक बयान में कहा कि रॉय ने अपनी पत्नी एवं प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा रॉय तथा अन्य करीबी लोगों की मौजूदगी में अंतिम सांस ली।बयान में कहा गया, ‘‘बंकर रॉय ने मंगलवार सुबह छह बजकर 15 मिनट पर अरुणा और अन्य करीबियों की मौजूदगी में अंतिम सांस ली। उन्होंने तिलोनिया स्थित अपने घर में अपनों के बीच दुनिया को अलविदा कहा।’’ सामाजिक कार्यकर्ता निखिल डे ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार मंगलवार शाम चार बजे तिलोनिया में किया जाएगा। पांच दशक से अधिक समय तक ग्रामीण विकास और महिला सशक्तीकरण के लिए काम करने वाले रॉय ने 1972 में तिलोनिया में सामाजिक कार्य एवं अनुसंधान केंद्र की स्थापना की थी, जिसे ‘बेयरफुट कॉलेज’ के नाम से जाना जाता है।राजस्थान के एक छोटे से गांव से शुरू हुई यह पहल ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने वाली संस्था बन गई। रॉय का मानना था कि ग्रामीण लोग औपचारिक शिक्षा से वंचित होने के बावजूद तकनीकी कौशल सीखकर अपने समुदाय की समस्याओं का समाधान स्वयं कर सकते हैं। बेयरफुट कॉलेज ने ग्रामीण लोगों को सौर ऊर्जा, जल संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़े कार्यों का प्रशिक्षण दिया।संस्था के कार्यक्रमों में ग्रामीण विकास में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। संस्था की सबसे चर्चित पहल में ग्रामीण महिलाओं को सौर ऊर्जा प्रणालियों की स्थापना और रखरखाव का प्रशिक्षण देना शामिल था। इनमें ऐसी महिलाएं भी थीं, जो कभी विद्यालय तक नहीं गयी थीं।प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये महिलाएं अपने गांवों में लौटकर दूरदराज के इलाकों में घरों तक बिजली पहुंचाने का काम करती थीं। इन महिलाओं ने सौर ऊर्जा से चलने वाली लाइट लगाने और उनकी मरम्मत करने का प्रशिक्षण लिया। रॉय की विकास संबंधी सोच महात्मा गांधी के ग्राम स्वावलंबन के विचारों से प्रेरित थी।उनके करीबियों के अनुसार, रॉय का मानना था कि बुनियादी सुविधाओं के लिए ग्रामीण समुदायों को पूरी तरह बाहरी विशेषज्ञों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें अपनी जरूरतों के समाधान के लिए स्वयं सक्षम बनाया जाना चाहिए। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, सांसद शशि थरूर और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई नेताओं ने रॉय के निधन पर शोक जताया तथा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। गहलोत ने कहा कि रॉय ने महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर चलते हुए ग्रामीण आत्मनिर्भरता, शिक्षा और विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा अपना पूरा जीवन गांवों को सशक्त बनाने और वंचित वर्गों का जीवन बेहतर बनाने के लिए समर्पित कर दिया।कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रॉय को नागरिक समाज के क्षेत्र में संस्थान निर्माण का अग्रणी व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि रॉय ने सैकड़ों युवाओं को सामाजिक कार्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अच्छी शिक्षा प्राप्त करने और खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के बाद रॉय ने 1972 में अपना जीवन सामाजिक कार्य और ग्रामीण विकास के लिए समर्पित करने का फैसला किया।इसके लिए उन्होंने अजमेर जिले के तिलोनिया को अपना कार्यक्षेत्र बनाया। उन्होंने कहा कि बेयरफुट कॉलेज ग्रामीण विकास और सामाजिक बदलाव के प्रति रॉय की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। रमेश ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ रॉय के संबंधों और सरकारी विकास कार्यक्रमों में स्वैच्छिक संगठनों की भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका को भी याद किया।उन्होंने कहा कि रॉय ने सैम पित्रोदा के साथ मिलकर टेक्नोलॉजी मिशन के क्रियान्वयन में काम किया। इनमें विशेष रूप से पेयजल, टीकाकरण और प्रौढ़ शिक्षा से जुड़े मिशन शामिल थे। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रॉय को दूरदर्शी सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद बताया, जिन्होंने शिक्षा और विशेषज्ञता से जुड़ी पारंपरिक धारणाओं को चुनौती दी।थरूर ने सेंट स्टीफंस कॉलेज में अपने वरिष्ठ रहे रॉय को याद करते हुए कहा कि उनके काम ने साबित किया कि औपचारिक शिक्षा से वंचित ग्रामीण लोगों, विशेषकर महिलाओं में भी अपने समुदायों में बदलाव लाने का हुनर और क्षमता है। थरूर ने कहा, “ग्रामीण दादियों को ‘बेयरफुट सोलर इंजीनियर’ के रूप में प्रशिक्षित करने की उनकी असाधारण सोच ने भारत और विकासशील देशों के हजारों ऐसे घरों को रोशन किया, जहां बिजली की सुविधा नहीं थी।” पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि ग्रामीण सशक्तीकरण के क्षेत्र में रॉय के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि तिलोनिया स्थित बेयरफुट कॉलेज के माध्यम से रॉय ने ग्रामीण समुदायों के अनगिनत लोगों, विशेषकर महिलाओं का जीवन बदल दिया।बेयरफुट कॉलेज की ओर से जारी एक जानकारी के अनुसार, रॉय की सामाजिक कार्यों की यात्रा 1966-67 के बिहार के अकाल से प्रभावित लोगों की पीड़ा देखने के बाद शुरू हुई। वर्ष 1967 में उन्होंने अपनी बेहतर शिक्षा और सुविधासंपन्न पृष्ठभूमि के बावजूद पारंपरिक करियर छोड़कर ग्रामीण समुदायों के बीच काम करने का फैसला किया। इसके बाद वह तिलोनिया पहुंचे, जहां उन्होंने जल संकट से जूझ रहे क्षेत्र में भूजल पुनर्भरण के लिए खुले कुएं खोदने के काम में मेघराज नाम के एक किसान के साथ काम शुरू किया।पांच साल बाद 1972 में उन्होंने सोशल वर्क एंड रिसर्च सेंटर की स्थापना की, जो दुनिया भर में बेयरफुट कॉलेज के नाम से प्रसिद्ध हुआ। ग्रामीण विकास के क्षेत्र में योगदान के लिए रॉय को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिले। उन्हें 1985 में ग्रामीण विकास के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल के वास्ते जमनालाल बजाज पुरस्कार और 1986 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया।उन्हें 2004 में टायलर पुरस्कार, 2005 में स्कॉल पुरस्कार और 2011 में ब्लू प्लैनेट पुरस्कार सहित कई अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिले। वर्ष 2010 में टाइम पत्रिका ने उन्हें दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल किया था। उन्हें 2013 में क्लिंटन ग्लोबल सिटिजन पुरस्कार भी मिला था।
    Click here to Read more
    Prev Article
    छठ पूजा आने वाली है, IRCTC की वेबसाइट बंद होने की खबर, अब आई रेलवे की सफाई
    Next Article
    सोनिया विहार से Namo Yamuna River Cruise सेवा शुरू, 500 रुपये में 45 मिनट की सैर

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment