Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    बेटे संग आखिरी सेल्फी, फिर गंगा में डूब गए दामाजी:कहा था- ये फोटो यादगार रहेगी, महाराष्ट्र से तीर्थयात्रा पर आए थे

    20 hours ago

    1

    0

    प्रयागराज। संगम में सोमवार सुबह हुए हादसे ने महाराष्ट्र के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। 42 वर्षीय दामाजी महादेव पाकमोडे परिवार के 21 सदस्यों के साथ तीर्थयात्रा पर आए थे। संगम घाट पर स्नान से कुछ देर पहले उन्होंने अपने 12 साल के बेटे के साथ सेल्फी ली थी। तस्वीर खिंचवाते हुए कहा था- ‘ये फोटो यादगार रहेगी।’ उन्हें क्या पता था कि यह तस्वीर परिवार के लिए उनकी आखिरी याद बन जाएगी। स्नान के दौरान दामाजी गहरे पानी में डूब गए। इसके बाद पत्नी मनीषा और दोनों बच्चे पिता के लौटने की आस लगाए रहे। छह साल की बेटी पिता की तस्वीर को एकटक निहारती रही, जबकि 12 साल का बेटा सदमे में चुपचाप बैठा रहा। मां कभी बच्चों को संभालतीं तो कभी खुद को संभाल नहीं पाती थीं। दो घंटे तक नाव पर बैठे रहे परिजन, हर गोताखोर को देखकर जगी उम्मीद हादसे के बाद परिवार के सदस्य करीब दो घंटे तक उसी नाव पर बैठे रहे। उनकी निगाहें नदी में तलाश कर रहे गोताखोरों पर टिकी थीं। हर बार किसी गोताखोर को पानी में उतरते देखकर उन्हें लगता कि शायद अब दामाजी मिल जाएंगे, लेकिन काफी देर तक कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने परिवार को वीआईपी घाट भेज दिया। वहां पत्नी मनीषा दोनों बच्चों को सीने से लगाकर रोती रहीं। बेटी के हाथ में पिता की तस्वीर थी। वह उसे लगातार देख रही थी। रिश्तेदारों और परिचितों के फोन भी लगातार आ रहे थे। हर फोन पर मनीषा को हादसे की पूरी बात दोहरानी पड़ती और वह फिर फूट-फूटकर रोने लगतीं। उनकी हालत देखकर परिवार के पुरुष सदस्यों की भी आंखें भर आईं। साले ने कहा- हाथ जोड़कर नाविकों से मांगी मदद दामाजी के चचेरे साले गोपाल ने बताया कि परिवार के सदस्य सोमवार सुबह करीब 10 बजे किला घाट से दो नावों पर सवार होकर संगम पहुंचे थे। नाव संगम नोज के पास पहुंची तो सभी लोग एक-एक कर उतरने लगे। इसी दौरान दामाजी भी स्नान के लिए नीचे उतरे। परिजनों का आरोप है कि वहां लगी लकड़ी की बल्ली टूट गई, जिससे दामाजी का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चले गए। गोपाल के मुताबिक, डूबने के बाद करीब पांच मिनट तक दामाजी पानी में दिखाई देते रहे। परिवार के लोग उन्हें बचाने के लिए शोर मचाते रहे। उन्होंने नाविकों से हाथ जोड़कर मदद की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने नदी में उतरने की कोशिश नहीं की। देखते ही देखते दामाजी आंखों के सामने पानी में समा गए। परिवार का आरोप है कि आसपास मौजूद नाविकों ने समय रहते बचाने का प्रयास किया होता तो शायद उनकी जान बच सकती थी। 14 नवंबर को महाराष्ट्र से निकला था परिवार दामाजी महादेव पाकमोडे महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के रहने वाले थे। वह पत्नी मनीषा, 12 साल के बेटे और छह साल की बेटी समेत परिवार के 21 सदस्यों के साथ 14 नवंबर को ट्रैवलर बस से तीर्थयात्रा पर निकले थे। 15 नवंबर को परिवार ने मैहर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद सोमवार सुबह प्रयागराज पहुंचा। परिवार दो नावों से किला घाट से संगम गया था। टूटी जाली और कमजोर बल्ली पर उठे सवाल हादसे के बाद संगम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि नाव से उतरकर स्नान करने वाले स्थान पर सुरक्षा जाली टूटी हुई थी और लकड़ी की बल्ली भी कमजोर थी। उनका कहना है कि वहां मजबूत बैरिकेडिंग होती तो दामाजी गहरे पानी में नहीं जाते। परिजनों ने यह सवाल भी उठाया कि संगम नोज के पास जल पुलिस और गोताखोरों की मौजूदगी के बावजूद दामाजी को तत्काल क्यों नहीं बचाया जा सका। उनका आरोप है कि समय रहते मदद मिलती तो हादसा टल सकता था। दूसरे दिन भी तलाश जारी, तीन घंटे में नहीं मिला सुराग दामाजी की तलाश में सोमवार को करीब आठ घंटे तक अभियान चलाया गया, लेकिन उनका पता नहीं चला। मंगलवार सुबह आठ बजे फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। गोताखोरों को संगम से अरैल तक तलाश के लिए भेजा गया। जल पुलिस की अलग टीम भी बोट से अभियान में जुटी रही। हालांकि, तीन घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिला था। दारागंज थाना प्रभारी हरिकेश राय ने बताया कि मंगलवार सुबह आठ बजे से गोताखोरों को नदी में उतारकर तलाश कराई जा रही है। फिलहाल दामाजी का पता नहीं चल सका है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    कुशीनगर में गोपाष्टमी पर गोशाला में 600 गोवंशों का पूजन:श्रद्धालुओं ने गुड़, चारा और फल खिलाए; नगर में निकाली शोभायात्रा
    Next Article
    CCTV फुटेज जारी कर बोली- हमें इनसे खतरा:अधिवक्ता की बेटी ने लिखा, बिना महिला पुलिसकर्मियों के रात में घर क्यों आए इंस्पेक्टर

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment