Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    बांदा में नाले में बहे 4 किसान, 3 की मौत:चाची-भतीजे समेत 2 महिलाओं ने दम तोड़ा; एक ने तैरकर बचाई जान

    1 day ago

    1

    0

    बांदा के मरका थाना क्षेत्र के गुजैनी गांव में मंगलवार शाम बारिश के बाद उफनाए बरसाती नाले को पार करते समय चार किसान तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे में चाची-भतीजे समेत तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक किसान किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया। सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया और तीनों के शव बरामद किए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए बांदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया। हादसे में गुजैनी निवासी कोमल यादव (27) पुत्र छोटेलाल, कुसुमरानी (30) पत्नी रामखेलावन और सिया दुलारी (50) पत्नी फूलचंद्र की मौत हुई है। वहीं रामखेलावन (35) पुत्र सुखलाल ने तैरकर अपनी जान बचा ली। मृतक कोमल और कुसुमरानी आपस में चाची-भतीजे थे। तीनों मृतक खेती-किसानी का काम करते थे। ग्रामीणों के अनुसार, चारों किसान मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अपने धान के खेतों में खाद डालने गए थे। दिनभर हुई बारिश के कारण खेतों के आसपास पानी भर गया था और बहा नाले का जलस्तर भी बढ़ गया था। खेती का काम पूरा करने के बाद शाम करीब 5 बजे चारों अपने-अपने घर लौट रहे थे। गुजैनी गांव से करीब एक किलोमीटर दूर रास्ते में उन्हें बहा नाला पार करना था। नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। चारों ने नाला पार करने की कोशिश की, लेकिन बीच धार में पहुंचते ही पानी के तेज बहाव ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। चारों किसान बहने लगे। रामखेलावन ने किसी तरह तैरकर किनारे तक पहुंचकर अपनी जान बचाई। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और तीनों की तलाश शुरू की। पुलिस-प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू अभियान, रात तक बरामद हुए शव घटना की सूचना मिलते ही मरका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर नाले में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण तलाश में काफी परेशानी आई। काफी मशक्कत के बाद तीनों के शव पानी से बाहर निकाले गए। क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि 25 अगस्त की शाम ग्राम गुजैनी से सूचना मिली थी कि बरसाती नाला पार करते समय लोग तेज बहाव में बह गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। तीनों लोगों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन डूबने के कारण उनकी मृत्यु हो चुकी थी। अधिकारियों ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कराई। बाद में शवों को बांदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मौके पर फिलहाल शांति व्यवस्था सामान्य है। नाले पर पुल नहीं, बारिश में जान जोखिम में डालकर निकलते हैं ग्रामीण ग्रामीणों ने बताया कि गुजैनी गांव का बहा नाला पारा और भाटी गांवों को जोड़ने वाले रास्ते में पड़ता है। इस नाले पर आज तक पक्का रास्ता या पुल नहीं बनाया गया है। सामान्य दिनों में ग्रामीण इसी रास्ते से खेतों और आसपास के गांवों में आते-जाते हैं, लेकिन बारिश के दौरान नाले में पानी बढ़ने पर यह रास्ता बेहद खतरनाक हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में नाले का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है और तेज बहाव के कारण इसे पार करना मुश्किल होता है। इसके बावजूद खेती-किसानी और रोजमर्रा के काम के लिए लोगों को इसी रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ता है। ग्रामीणों ने नाले पर पुल या पक्का रास्ता बनाए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे रोके जा सकें। कोमल के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा कोमल यादव की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कोमल अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खेती-किसानी से परिवार की आजीविका चलती थी। कुसुमरानी अपने पति रामखेलावन और दो बेटों के साथ गांव में रहकर खेती-किसानी करती थीं। हादसे में रामखेलावन की जान तो बच गई, लेकिन पत्नी को खोने के बाद परिवार सदमे में है। वहीं सिया दुलारी के पीछे एक बेटा है। तीन मौतों के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। विधायक ने परिजनों से मुलाकात कर मदद का भरोसा दिया हादसे की जानकारी मिलने के बाद बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की जानकारी ली और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान और कानूनी कार्रवाई की निगरानी की। बांदा जिला मुख्यालय से घटनास्थल की दूरी करीब 50 किलोमीटर है। खेत से घर लौटते समय खत्म हो गईं तीन जिंदगियां ग्रामीणों के मुताबिक, चारों किसान रोज की तरह खेती का काम निपटाकर घर लौट रहे थे। उन्हें अंदाजा नहीं था कि रास्ते में उफनाए नाले का तेज बहाव तीन परिवारों की जिंदगी बदल देगा। रामखेलावन ने तैरकर जान तो बचा ली, लेकिन उनकी पत्नी कुसुमरानी, भतीजे कोमल और गांव की सिया दुलारी की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में नाले पर पुल नहीं होने को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि यहां सुरक्षित रास्ता या पुल होता तो किसानों को जान जोखिम में डालकर नाला पार नहीं करना पड़ता। क्षेत्राधिकारी कृष्ण कान्त त्रिपाठी ने बताया - 25 अगस्त की शाम थाना मरका क्षेत्र के ग्राम गुजैनी से सूचना मिली कि मवेशी चराकर लौट रहे तीन लोग बरसाती नाला पार करते समय पानी के तेज बहाव में बह गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन डूबने के कारण उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की अग्रिम विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है और मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है। ------------- ये भी पढ़िए - यूपी की 7 लाख फॉलोअर्स वाली यूट्यूबर की मौत:ट्रक में कार घुसी, मां ने भी दम तोड़ा; परिवार संग उज्जैन जा रही थी यूपी में हाथरस की रहने वाली 23 साल की यू-ट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां की सड़क हादसे में मौत हो गई। छवि सोमवार देर रात परिवार के साथ कार से उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए निकली थीं। यूपी में हाथरस की रहने वाली 23 साल की यू-ट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां की सड़क हादसे में मौत हो गई। छवि सोमवार देर रात परिवार के साथ कार से उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए निकली थीं। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे मध्य प्रदेश के आगर मालवा में उनकी कार ट्रक से टकरा गई। पढ़िए पूरी खबर...
    Click here to Read more
    Prev Article
    बेटी की मौत का बदला लेने के लिए पीट-पीटकर हत्या:प्रयागराज में थाने के पास से किडनैप किया था; ससुर-साला गिरफ्तार
    Next Article
    आगरा पहुंचीं 30 देशों की मिस टीन इंटरनेशनल फाइनलिस्ट:ताजमहल देखा, बोलीं-इट्स ब्यूटीफुल; डायना बेंच पर कराया फोटोशूट

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment