Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    बदला लेने के लिए भाजपा नेता की हत्या हुई थी:गोरखपुर में CCTV से पकड़े गए हत्यारोपी, भतीजे ने मारपीट की थी

    13 hours ago

    1

    0

    गोरखपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा नेता राजकुमार चौहान की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के अनुसार, दो डंपर चालकों ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि दो महीने पहले भाजपा नेता के भतीजे ने उनके साथ मारपीट की थी। उस वक्त भाजपा नेता ने भतीजे का पक्ष लिया था। भतीजा उनके दम पर रौब गांठता था, इसलिए बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया- आरोपियों को पता था कि भाजपा नेता रोज सुबह टहलने निकलते हैं। योजना के तहत दोनों पेड़ के पीछे छिप गए। राजकुमार को अकेला देखकर पहले फायर किया, लेकिन वह बच गए। जब वह भागने लगे, तो दोनों ने पीछा कर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने 8 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इनमें दो संदिग्ध दिखे। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों की भतीजे से 4 महीने से चल रही थी रंजिश मंगलवार सुबह साढ़े 5 बजे चिलुआताल में वारदात हुई। 13 घंटे बाद डीएम दीपक मीणा और एसएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि आरोपी राज चौहान उर्फ निरहुआ और विपिन यादव बरगदवा के रहने वाले हैं। इनकी भाजपा नेता के भतीजे नितेश से 4 महीने से रंजिश चल रही थी। पुलिस ने 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर 7 को हिरासत में लिया है। इनकी भी भूमिका की जांच जा रही। प्रत्यक्षदर्शी बताया था- 4 हमलावरों ने घेरा, ताबड़तोड़ चाकू मारे थे घरवालों के मुताबिक, राजकुमार (38) हर दिन मॉर्निंग वॉक पर जाते थे। मंगलवार को भी सुबह 5 बजे घर से निकले थे। करीब 30 मिनट बाद सूचना मिली कि उनकी हत्या हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घर से 500 मीटर दूर 4 हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। जब तक वह कुछ समझ पाते, उन पर चाकू से हमला कर दिया गया। चाकू लगने के बाद वे खुद को बचाकर भागे, लेकिन हमलावरों ने दौड़ाकर उन्हें पकड़ लिया। करीब 100 मीटर दूर पकड़कर उन पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। सिर, सीने और चेहरे पर 20 से 25 बार चाकू मारे गए। हमलावर कुछ देर तक वहीं रुके रहे और उनके मरने का इंतजार करते रहे। तसल्ली होने के बाद वहां से भाग गए। सूचना मिलते ही परिजन पहुंचे और उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भाजपा नेता राजकुमार चौहान की मौत की सूचना पर उनकी पत्नी सुशीला रोते-रोते बेहोश हो गईं। उनकी बहन मोहनी ने कहा—जान के बदले जान चाहिए। परिवार कौन चलाएगा? भतीजी को सरकारी नौकरी मिलनी चाहिए। वारदात से जुड़ी 3 तस्वीरें देखिए- भीड़ का हंगामा, पुलिस ने लाठी फटकार कर हटाया वारदात के बाद 500 से ज्यादा लोग जुट गए और गोरखपुर-सोनौली रोड जाम कर हंगामा किया। सूचना पर 10 थानों की फोर्स पहुंची और लोगों को लाठी फटकार कर हटाया। पोस्टमार्टम के बाद शाम करीब 5 बजे शव घर पहुंचा, जिसके बाद परिजन अपनी मांगों पर अड़ गए। सांसद बोले- हत्यारों को बचाने वालों को राज्यसभा में नंगा कर दूंगा राज्यसभा सदस्य डॉ. राधा मोहन अग्रवाल और कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान के समझाने पर परिवार मान गया। देर रात मोहरीपुर के पास घाट पर दाह संस्कार किया गया। इस दौरान करीब 2000 से अधिक लोग मौजूद थे। डॉ. अग्रवाल ने कहा-पार्लियामेंट छोड़कर आया हूं, जो इस हत्याकांड के आरोपियों को बचाने आएगा, उसे राज्यसभा में नंगा कर दूंगा। । भाजपा ने विधानसभा का टिकट मांग रहे थे भाजपा नेता राजकुमार चौहान बरगदवा इलाके में रहने वाले जंगी चौहान के इकलौते बेटे थे। उनकी 18 साल पहले शादी हुई थी। उनकी 2 बेटियां- सोनम (17) और प्रियंका (13) हैं, जबकि 12 साल का बेटा युवराज है। उनकी 4 बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि ओबीसी समुदाय से आने वाले राजकुमार 2027 में बस्ती से विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। वह भाजपा से टिकट मांग कर रहे थे। राजकुमार साल- 2018 से 2023 तक पार्षद प्रतिनिधि रहे। उन्होंने अपने ड्राइवर वीरेंद्र चौहान की पत्नी रिंकी देवी को पार्षद बनवाया था। बाद में रिंकी देवी ने भाजपा को समर्थन दे दिया था। एक साल पहले राजकुमार मारपीट के मामले में जेल भी गए थे। राजकुमार ने फेसबुक पर 18 घंटे पहले पोस्ट किया था राजकुमार चौहान के फेसबुक पर 40K फॉलोअर्स हैं, जबकि वे 25 लोगों को फॉलो करते थे। उन्होंने 16 मार्च को सुबह 11 बजकर 5 मिनट पर आखिरी पोस्ट की थी। इसमें लिखा-अकेले चलने का हुनर रखता हूं, दिल और जिगर दोनों मजबूत रखता हूं। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने अपने पिता के लिए लिखा था-पिता एक वट वृक्ष हैं, जो अपनी छांव में पूरे परिवार को सुरक्षित रखते हैं। 5 दिन पहले राज्यसभा सांसद के साथ रील पोस्ट की थी राजकुमार ने 5 दिन पहले राज्यसभा सांसद राधामोहन अग्रवाल के साथ एक रील पोस्ट की थी। इसमें लिखा था- हमारे प्रिय गुरुजी, राज्यसभा सांसद जी। इससे पहले 9 मार्च को उन्होंने कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान के साथ भी एक रील पोस्ट की थी। 16 मार्च को लाइव आए थे राजकुमार चौहान राजकुमार चौहान 16 मार्च को फेसबुक पर लाइव आए थे। वह 28 मिनट तक लाइव रहे। इस दौरान उन्होंने कहा- आप सभी साथियों को जय-जय श्रीराम। लाइव के दौरान एक युवक ने सवाल किया था- चौहानों में एकता नहीं है। इस पर उन्होंने जवाब दिया- ऐसा कुछ नहीं है, आपके साथ जो भी किसी जाति के लोग हों, वही अपने हैं। -------------------- ये खबर भी पढ़ें- 1- आगे बढ़ता देखकर जलते थे, गांव में ही दुश्मन थे:पूर्व पार्षद राजकुमार की पत्नी का आरोप; कहा- अब हम कैसे रहेंगे पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की हत्या के बाद उनकी पत्नी सुशीला चौहान का रो-रो कर बुरा हाल है। वह सड़क पर बैठी रो रही हैं और परिवार की महिलाएं उन्हें संभालने में जुटी हैं। सुशीला ने बताया कि राजकुमार को आगे बढ़ता देखकर गांव के ही कुछ लोग जलते थे। इसी जलन में उन्होंने उनकी हत्या की है। पढ़ें पूरी खबर 2- BJP नेता का हत्या से पहले फेसबुक पर आखिरी पोस्ट, लिखा- अकेले चलने का हुनर रखता हूं, दिल और जिगर दोनों मजबूत रखता हूं गोरखपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले BJP नेता की हत्या कर दी गई। हमले के बाद पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान करीब 100 मीटर तक भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर दोबारा हमला किया और मरने के बाद वहां से भागे। हत्या से18 घंटे पहले राजकुमार चौहान फेसबुक पर आखिरी पोस्ट किया। लिखा- अकेले चलने का हुनर रखता हूं, दिल और जिगर दोनों मजबूत रखता हूं। पढ़ें पूरी खबर
    Click here to Read more
    Prev Article
    आशा भोंसले की पोती जनाई हैं बेहद ग्लैमरस, देखें PHOTOS
    Next Article
    लखनऊ में 104 कंपनियों का रोजगार मेला:मंत्री ने किया उद्घाटन, 15 हजार बेरोजगार युवाओं को मिलेगी नौकरी

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment