Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    कालपी में लाखों के जेवर-नगदी चोरी:कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कीं, मेन गेट खुला पड़ा था

    1 hour ago

    1

    0

    जालौन के कालपी नगर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। शुक्रवार देर रात हरिगंज मोहल्ले के काली देवी चौराहे के पास चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने शातिर अंदाज में घर में सो रहे लोगों के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कर दीं और बक्सों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की गश्त व सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। कालपी कोतवाली के मोहल्ला हरिगंज निवासी बलवंत सिंह यादव पुत्र स्व. बाबूलाल यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 7 मार्च की रात वह अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ घर में सो रहे थे। उनके भांजे और उसकी पत्नी भी घर में ही ठहरे हुए थे। सुबह जब नींद खुली तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और जिन कमरों में परिवार के लोग सो रहे थे उनकी कुंडियां बाहर से बंद पाई गईं। किसी तरह बाहर निकलने के बाद जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो एक कमरे के दोनों बक्सों के ताले टूटे पड़े थे और सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब है। चोरी गए सामान में लगभग 22 हजार रुपये नकद के अलावा सोने की झाल, जंजीर, माला, हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, नाक की बेसर सहित कई आभूषण और चांदी की हाफ पेटी, पायल, टोरिया, चूड़ी व बिछिया शामिल हैं। पीड़ित के अनुसार चोरी गए जेवरात की कीमत करीब आठ से दस लाख रुपये आंकी जा रही है। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त नाम मात्र की रह गई है, जिसका फायदा उठाकर चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पिछले करीब आठ महीनों में इलाके में चोरी की यह चौथी बड़ी घटना बताई जा रही है, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर पुलिस समय-समय पर प्रभावी गश्त करती और संदिग्ध लोगों पर नजर रखती तो शायद इतनी बड़ी घटना नहीं होती। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि इलाके के लोग जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग कर रहे हैं।
    Click here to Read more
    Prev Article
    बस्ती में ट्रेन की चपेट में आया युवक:फर्नीचर का काम करता था, पिता की पहले ही हो चुकी है मौत
    Next Article
    इफ्तार पार्टी में प्रधानी चुनाव के उम्मीदवारों में मारपीट:गाजियाबाद में एक घंटे की पत्थर बाजी में फटे 10 के सिर,दारोगा बनाते रहे वीडियो, पैरोल पर आया था हिस्ट्रीशीटर

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment