Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    कार्तिक आर्यन@36, स्ट्रगल के दिनों में 12 लोग थे रूममेट:पहली फीस ₹70 हजार थी, ‘धमाका’ के 10 दिन के शूट के लिए मिले ₹20 करोड़

    7 hours ago

    1

    0

    ग्वालियर का एक लड़का, जिसके माता-पिता चाहते थे कि वह डॉक्टर या इंजीनियर बने, लेकिन उसका सपना फिल्मों में काम करने का था। फिर वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बहाने मुंबई आया। मुंबई में न कोई जान-पहचान थी और न ही काम दिलाने वाला कोई गॉडफादर। ऑडिशन देने के लिए सोशल मीडिया पर कास्टिंग की जानकारी तलाशता था। कई बार बिना ऑडिशन दिए ही वापस लौटना पड़ता था। स्ट्रगल के दिनों में हालात ऐसे बने कि उसे 12 लड़कों के साथ एक फ्लैट शेयर करना पड़ा। पहली फिल्म मिली तो सिर्फ 70 हजार रुपए मिले, लेकिन उसने हार नहीं मानी। बाद में उसने करोड़ों रुपए फीस ली। उसकी फिल्मों ने 100 करोड़ रुपए से ज्यादा का कलेक्शन किया और शानदार एक्टिंग परफॉर्मेंस के लिए उसे नेशनल अवॉर्ड भी मिला। जी हां, हम बात कर रहे हैं कार्तिक आर्यन की। आज उनके 36वें जन्मदिन पर जानते हैं उनके संघर्ष, रिजेक्शन और आर्थिक परेशानियों की कहानी। डॉक्टर माता-पिता चाहते थे बेटा इंजीनियर बने कार्तिक का जन्म 22 नवंबर 1990 को ग्वालियर में हुआ था। उनके पिता मनीष तिवारी और मां माला तिवारी दोनों डॉक्टर हैं। उनकी एक छोटी बहन कृतिका भी हैं। परिवार में पढ़ाई को काफी अहमियत दी जाती थी। माता-पिता चाहते थे कि कार्तिक भी डॉक्टर या इंजीनियर बनें, लेकिन कार्तिक का मन फिल्मों में लगता था। नौवीं कक्षा में ही उन्होंने अभिनेता बनने का सपना देखना शुरू कर दिया था। कार्तिक ने फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में बताया था कि उनका परिवार आर्थिक रूप से बहुत मजबूत नहीं था। माता-पिता अपना क्लिनिक शुरू करने के लिए कर्ज भी ले रहे थे। ग्वालियर में डॉक्टर होने के बावजूद उनकी कमाई इतनी नहीं थी कि परिवार आसानी से बड़े खर्च उठा सके। कार्तिक को पता था कि माता-पिता पर पहले से जिम्मेदारियां हैं। इसलिए उन्होंने अपने एक्टिंग के सपने के बारे में खुलकर बात नहीं की। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बहाने पहुंचे मुंबई कार्तिक ने मुंबई के डीवाई पाटिल कॉलेज में बायोटेक्नोलॉजी इंजीनियरिंग में दाखिला लिया। उनका मकसद पढ़ाई के साथ-साथ फिल्मों के ऑडिशन देना भी था। उन्होंने फिल्मफेयर को बताया था कि माता-पिता को लगता था कि वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने मुंबई गए हैं, लेकिन असल में वह वहां एक्टिंग के मौके तलाश रहे थे। साल 2008 में 18 साल की उम्र में वह ग्वालियर से मुंबई पहुंचे। शुरुआत में नवी मुंबई के नेरुल में छह लोगों के साथ रहते थे। बाद में आर्थिक स्थिति के कारण 12 लड़कों के साथ एक फ्लैट शेयर करना पड़ा। दिलचस्प बात यह है कि शुरुआत में उनके साथ रहने वाले लड़कों को भी नहीं पता था कि कार्तिक अभिनेता बनना चाहते हैं। उन्होंने अपने दोस्तों को बताया था कि वह कोकिलाबेन अस्पताल में बायोटेक्नोलॉजी की इंटर्नशिप कर रहे हैं। फेसबुक पर ऑडिशन ढूंढते, रिजेक्शन के बाद भी नहीं मानी हार कार्तिक के लिए फिल्म इंडस्ट्री में काम पाना आसान नहीं था। उनके पास किसी बड़े प्रोडक्शन हाउस का नंबर नहीं था। न ही कोई ऐसा व्यक्ति था, जो उन्हें सीधे फिल्म दिला सके। वह फेसबुक पर कास्टिंग और ऑडिशन से जुड़ी पोस्ट तलाशते थे। इसी दौरान उन्हें फिल्म 'प्यार का पंचनामा' के ऑडिशन की जानकारी मिली। कार्तिक ने अपनी तस्वीरें भेजीं। दिलचस्प बात यह है कि उनके पास प्रोफेशनल पोर्टफोलियो बनवाने के पैसे भी नहीं थे। इसलिए वह ग्रुप फोटो से अपना चेहरा काटकर कास्टिंग एजेंट्स को भेजते थे। कई बार उन्हें ऑडिशन देने का मौका भी नहीं मिलता था। कुछ लोग कहते थे कि वह किरदार के हिसाब से फिट नहीं हैं। कार्तिक ने बताया था कि वह हफ्ते में कई बार ऑडिशन देने जाते थे। आने-जाने में करीब छह घंटे तक लग जाते थे। साल 2011 में कार्तिक को लव रंजन की फिल्म 'प्यार का पंचनामा' में काम करने का मौका मिला। इस फिल्म में उनके साथ दिव्येंदु शर्मा, नुसरत भरूचा और सोनाली सहगल भी नजर आए थे। फिल्म में कार्तिक ने रजत नाम का किरदार निभाया था। उनका करीब पांच मिनट का मोनोलॉग काफी चर्चा में रहा। हालांकि, शुरुआती ऑडिशन में रिजेक्ट होने के बाद भी कार्तिक की तस्वीरें मांगी गईं और उन्हें दोबारा बुलाया गया। करीब छह महीने की ऑडिशन प्रक्रिया और शुरुआती रिजेक्शन के बाद आखिर में उन्हें फिल्म में 'रज्जू' का किरदार मिला। पहली फिल्म के लिए मिले थे 70 हजार रुपए जून 2024 में राज शमानी के पॉडकास्ट में कार्तिक ने अपनी पहली फिल्म की फीस के बारे में बताया था। उन्होंने बताया कि 'प्यार का पंचनामा' के लिए उन्हें 70 हजार रुपए मिले थे। टैक्स कटने के बाद उनके हाथ में सिर्फ 63 हजार रुपए आए थे। कार्तिक ने यह भी बताया कि उनके पहले विज्ञापन के लिए उन्हें सिर्फ 1,500 रुपए मिले थे। उन्होंने यह भी बताया था कि 'सोनू के टीटू की स्वीटी' के लिए भी उन्हें एक करोड़ रुपए नहीं मिले थे। उनके मुताबिक, असली कमाई इस फिल्म के बाद शुरू हुई। पहली फिल्म के लिए चुने गए तो रास्ते में हो गया एक्सीडेंट कार्तिक के संघर्ष में एक ऐसा मोड़ भी आया, जब उन्हें लगा कि उनका सपना फिर अधूरा रह जाएगा। 'प्यार का पंचनामा' के ऑडिशन में चुने जाने के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान जिस ऑटो रिक्शा में वह बैठे थे, उसका एक्सीडेंट हो गया। इस हादसे में उनका पैर फ्रैक्चर हो गया। कार्तिक को डर था कि शूटिंग से पहले चोट लगने के कारण उन्हें फिल्म से निकाल दिया जाएगा। उन्होंने प्रोडक्शन टीम से शूटिंग कुछ दिन आगे बढ़ाने की गुजारिश की। टीम ने उनकी बात मान ली और उन्हें फिल्म में काम करने का मौका मिला। दो फिल्में करने के बाद भी नहीं बदले हालात 'प्यार का पंचनामा' के बाद कार्तिक ने 'आकाशवाणी' में काम किया। इसके बाद 2015 में 'प्यार का पंचनामा 2' रिलीज हुई। इन फिल्मों से उन्हें पहचान मिलने लगी थी, लेकिन आर्थिक स्थिति में तुरंत बड़ा बदलाव नहीं आया। कार्तिक ने बताया था कि 'प्यार का पंचनामा' के बाद भी उन्हें ज्यादा काम नहीं मिल रहा था। वह अपनी तीसरी फिल्म 'कांची: द अनब्रेकेबल' के रिलीज होने तक 12 लड़कों के साथ उसी फ्लैट में रहते रहे। 2018 में बदली किस्मत, 100 करोड़ क्लब में पहुंची फिल्म कार्तिक के करियर में 2018 का साल काफी अहम साबित हुआ। इसी साल उनकी फिल्म 'सोनू के टीटू की स्वीटी' रिलीज हुई। लव रंजन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कार्तिक के साथ नुसरत भरूचा और सनी सिंह नजर आए। फिल्म की कहानी दोस्ती, प्यार और शादी के बीच फंसे रिश्ते पर आधारित थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्तिक की पहचान सिर्फ एक उभरते अभिनेता तक सीमित नहीं रही। उन्हें बड़े प्रोजेक्ट्स मिलने लगे। इसके बाद 'लुका छुपी', 'पति पत्नी और वो' और 'धमाका' जैसी फिल्मों में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। वहीं, उनके करियर का एक और बड़ा मोड़ 2022 में आया। उनकी फिल्म 'भूल भुलैया 2' रिलीज हुई। इसमें उनके साथ कियारा आडवाणी और तब्बू नजर आईं। करीब 65 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 260 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की। 'धमाका' के 10 दिन के शूट के लिए मिले 20 करोड़ रुपए कार्तिक की पहली फिल्म की फीस 70 हजार रुपए थी। लेकिन कुछ साल बाद उनकी कमाई में बड़ा बदलाव आया। साल 2021 में राम माधवानी के निर्देशन में बनी फिल्म 'धमाका' रिलीज हुई। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर आई थी। इसमें कार्तिक ने पत्रकार अर्जुन पाठक का किरदार निभाया था। इस फिल्म की शूटिंग महज 10 दिनों में पूरी हुई थी। जनवरी 2021 में मनीकंट्रोल की रिपोर्ट में ट्रेड सूत्रों के हवाले से दावा किया गया था कि कार्तिक को इस फिल्म के लिए 20 करोड़ रुपए मिले थे। बाद में जनवरी 2023 में 'आप की अदालत' में कार्तिक ने इस फीस पर बात की। शो में उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें कोरोना के समय 10 दिन की शूटिंग के लिए 20 करोड़ रुपए मिले थे? कार्तिक ने जवाब दिया कि हां, यह फिल्म 'धमाका' ही थी और इतने दिनों की शूटिंग के लिए उन्हें यह रकम मिली थी। उन्होंने अपनी कमाई का बचाव करते हुए कहा था कि वह अपने निर्माताओं को उनकी लागत से ज्यादा कमाई कराने की कोशिश करते हैं। हालांकि, कार्तिक की कहानी सिर्फ पैसों और लग्जरी तक सीमित नहीं है। उन्होंने अपने करियर में अलग-अलग तरह के किरदार चुनने की कोशिश की है। 'चंदू चैंपियन' में उन्होंने पैरालिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाया। इस फिल्म के लिए उन्होंने अपनी फिटनेस पर काफी काम किया। कबीर खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उनका ट्रांसफॉर्मेशन भी चर्चा में रहा। फिल्म में अपनी परफॉर्मेंस के लिए कार्तिक को 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट एक्टर का पुरस्कार मिला। उन्होंने यह पुरस्कार ममूटी के साथ साझा किया। कभी थर्ड हैंड कार से चलते थे, आज कई लग्जरी गाड़ियां कार्तिक के पास इस वक्त मिनी कूपर और लैंबॉर्गिनी सहित कई गाड़ियां हैं। हालांकि, स्ट्रगल के दिनों में वे एक थर्ड हैंड कार से चलते थे। दैनिक भास्कर को दिए एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, ‘मैंने एक थर्ड हैंड कार खरीदी थी। वो ऐसी कार थी, जिसे कोई फ्री में भी न खरीदे। काफी सालों तक उसे यूज किया था। खैर, मेरे पास और कोई ऑप्शन भी नहीं था। ज्यादा पैसे भी नहीं होते थे कि अच्छी गाड़ी खरीद सकूं। बस काम चलाने के लिए ली थी।’ कभी शाहरुख के घर के बाहर खड़े होकर देखते थे मन्नत कार्तिक शाहरुख खान के बड़े फैन रहे हैं। साल 2008 में जब वह पहली बार ग्वालियर से मुंबई पहुंचे, तो अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए बांद्रा स्थित मन्नत के बाहर भी गए थे। उन्होंने बताया था कि उस समय वह 18 साल के थे। उन्हें उम्मीद थी कि शायद शाहरुख बालकनी में आएं और वह उन्हें देख सकें। आज कार्तिक खुद उसी फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा हैं। बाद में शाहरुख ने 'भूल भुलैया 2' देखने के बाद उनसे मुलाकात की और फिल्म की तारीफ भी की थी। कार्तिक ने यह भी कहा कि वह शाहरुख और अमिताभ बच्चन जैसे कलाकारों को हमेशा से पसंद करते आए हैं।
    Click here to Read more
    Prev Article
    ‘रामायण’ में रतलाम के भुवनेश का कमाल:रावण का सिंहासन, लंका द्वार, जटायु के घाव से लेकर दंडकारण्य तक डिजाइन किए, क्रेडिट में 3 बार नाम
    Next Article
    काव्या मारन-अनिरुद्ध की शादी में कर्मचारियों को मिली सिल्वर रिंग:प्रियंका-निक ने चांदी के सिक्के, दीपिका-रणवीर ने दिए सिल्वर प्लेटेड फ्रेम; सेलेब्स के स्पेशल रिटर्न गिफ्ट

    Related मनोरंजन Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment