Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    ‘रामायण’ में रतलाम के भुवनेश का कमाल:रावण का सिंहासन, लंका द्वार, जटायु के घाव से लेकर दंडकारण्य तक डिजाइन किए, क्रेडिट में 3 बार नाम

    4 hours ago

    1

    0

    फिल्म ‘रामायण’ में रतलाम के 26 वर्षीय कलाकार भुवनेश काले ने भी योगदान दिया है। उन्होंने फिल्म में कॉन्सेप्ट डिजाइनिंग, एडिटिंग और पोस्टर डिजाइनिंग का काम किया है। फिल्म के एंड क्रेडिट में उनका नाम तीन अलग-अलग विभागों में शामिल है। उन्होंने कुबेर की लंका के 200 फीट ऊंचे मुख्य द्वार, रावण के सिंहासन, अस्त्र-शस्त्र और दंडकारण्य के जंगलों के शुरुआती डिजाइन तैयार किए हैं। रतलाम में स्कूली पढ़ाई करने वाले भुवनेश ने मुंबई से एनिमेशन और डिजाइनिंग की ट्रेनिंग ली। कोरोना के दौरान उन्हें वापस घर लौटना पड़ा। इस बीच उन्होंने फ्रीलांस काम जारी रखा। वर्ष 2022 में रतलाम में एक वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान उन्हें फिल्म निर्माण की टीम के साथ काम करने का मौका मिला। यहीं से उनके लिए बड़े प्रोजेक्ट्स के रास्ते खुले। अब वे ‘रामायण’ के दूसरे भाग की तैयारी में जुटे हैं। भुवनेश ने दैनिक भास्कर से अपना सफर साझा किया। बचपन से था आर्ट और डिजाइनिंग का शौक भुवनेश के पिता बताते हैं कि उन्हें बचपन से ही ड्रॉइंग, आर्ट और ग्राफिक्स डिजाइनिंग में रुचि थी। स्कूल में भी वे कला से जुड़े कामों में आगे रहते थे। उन्हें स्कूल में आर्ट का हेड बनाया गया था। गणित और विज्ञान विषयों से पढ़ाई करने के बावजूद भुवनेश इंजीनियर नहीं बनना चाहते थे। परिवार ने उनकी रुचि को समझा और इंजीनियरिंग के बजाय आर्ट और ग्राफिक्स डिजाइनिंग में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। वर्ष 2017 में उनका दाखिला फिल्मकार सुभाष घई के संस्थान व्हिस्लिंग वुड्स इंटरनेशनल में कराया गया। यहां से उन्होंने एनिमेशन फिल्म मेकिंग एंड डिजाइन में ग्रेजुएशन किया। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फिल्म और डिजाइनिंग की दुनिया में काम करने का सपना देखना शुरू कर दिया था। वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान मिला पहला मौका भुवनेश बताते हैं कि कोरोना काल में उन्हें मुंबई छोड़कर रतलाम लौटना पड़ा। हालांकि, उन्होंने घर से ही फ्रीलांस ग्राफिक डिजाइनिंग का काम जारी रखा। इस दौरान नए डिजाइन बनाए और बड़े प्रोजेक्ट्स में काम करने के मौके तलाशते रहे। उन्होंने अपनी एक विश लिस्ट भी बनाई थी। इसमें ‘रामायण’, ‘कल्कि’ और ‘अश्वत्थामा’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स से जुड़ने का सपना शामिल था। वर्ष 2022 में रतलाम में अमेजन प्राइम की एक वेब सीरीज की शूटिंग चल रही थी। इसके निर्देशक अंकुर वर्मा भी वहां आए थे। जानकारी मिलने पर भुवनेश उनसे मिलने पहुंचे। उन्होंने निर्देशक और टीम के दूसरे सदस्यों को अपना ग्राफिक डिजाइनिंग का काम दिखाया। साथ ही रतलाम की अलग-अलग जगहों के बारे में भी जानकारी दी। निर्देशक अंकुर वर्मा उनके काम से प्रभावित हुए। उनकी सहमति से भुवनेश को तकनीकी टीम के साथ काम करने का मौका मिला। शुरुआत इंटर्न के रूप में हुई। काम को देखते हुए बाद में उन्हें असिस्टेंट ग्राफिक डिजाइनर की जिम्मेदारी दी गई। इस दौरान उन्हें फिल्म निर्माण की बारीकियां सीखने का मौका मिला। लंदन से आया फोन, दो दिन में पहुंचना था मुंबई जनवरी 2024 में भुवनेश को लंदन के वीएफएक्स स्टूडियो डीएनईजी (DNEG) से फोन आया। उन्हें मुंबई पहुंचकर काम शुरू करने के लिए कहा गया। इसके लिए सिर्फ दो दिन का समय दिया गया था। भुवनेश बताते हैं कि अचानक आए इस फोन से वे हैरान रह गए। शुरुआत में सैलरी भी उम्मीद के मुताबिक नहीं थी, लेकिन जब पता चला कि प्रोजेक्ट फिल्म ‘रामायण’ से जुड़ा है तो उन्होंने तुरंत मुंबई जाने का फैसला कर लिया। उस समय उनके लिए वेतन से ज्यादा अपने सपनों के प्रोजेक्ट पर काम करना अहम था। छोटे काम से शुरुआत, फिर मुख्य कॉन्सेप्ट डिजाइनिंग टीम में जगह भुवनेश ने 22 जनवरी 2024 को मुंबई में काम शुरू किया। शुरुआती दिनों में उन्हें दीवारों पर पोस्टर बनाने और ग्राफिक्स डिजाइन करने जैसे काम मिले। उन्होंने हर जिम्मेदारी को गंभीरता से लिया। करीब दो से ढाई महीने बाद उनके काम को देखते हुए उन्हें फिल्म ‘रामायण’ की मुख्य कॉन्सेप्ट डिजाइनिंग टीम में शामिल कर लिया गया। भुवनेश के मुताबिक, उन्होंने फिल्म के कई दृश्यों और चीजों के शुरुआती डिजाइन तैयार किए। इनमें कुबेर की लंका का 200 फीट ऊंचा मुख्य द्वार, रावण का राजसी सिंहासन, दंडकारण्य के जंगलों के पेड़, रावण के अस्त्र-शस्त्र और जटायु के घाव से जुड़े डिजाइन शामिल थे। उनके तैयार किए स्केच और डिजाइन पर आगे वीएफएक्स टीम काम करती थी। इसके बाद डिजाइन अंतिम मंजूरी के लिए निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी के पास भेजे जाते थे। फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन के दौरान उन्होंने एडिटिंग, सोशल मीडिया मार्केटिंग और पोस्टर डिजाइनिंग से जुड़े काम भी संभाले। फिल्म के एंड क्रेडिट में उनका नाम कॉन्सेप्ट आर्टिस्ट, एडिटोरियल विजुअल आर्टिस्ट और पोस्टर डिजाइनर के रूप में दर्ज है। विदेशी विशेषज्ञों से भी सीखा काम भुवनेश बताते हैं कि ‘रामायण’ पर काम करते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों के साथ काम करने और उनसे सीखने का मौका मिला। डीएनईजी के सुपरवाइजिंग प्रोडक्शन डिजाइनर रेमदे एवरे और प्राइम फोकस स्टूडियो के सुपरवाइजिंग आर्ट डायरेक्टर डेविड लाजान ने उन्हें मार्गदर्शन दिया। इस दौरान निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी के साथ भी काम करने का अवसर मिला। फिल्म के कलाकारों से भी मुलाकात हुई। इनमें राम की भूमिका निभाने वाले रणबीर कपूर, लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले रवि दुबे और सीता की भूमिका निभाने वाली साई पल्लवी शामिल हैं। अब ‘रामायण-2’ की तैयारी में जुटे भुवनेश के मुताबिक, उन्हें फिल्म ‘रामायण’ के दूसरे भाग की टीम में भी शामिल किया गया है। फिल्म 2028 में रिलीज के लिए प्रस्तावित है। फिलहाल वे घर से ही इसके प्री-प्रोडक्शन और कॉन्सेप्ट डिजाइनिंग से जुड़े काम की तैयारी कर रहे हैं। पिता बोले- 12वीं के बाद पूछा था, क्या करना पसंद है भुवनेश के पिता बताते हैं कि 12वीं के बाद जब उनके दोस्त इंजीनियरिंग की पढ़ाई की तैयारी कर रहे थे, तब उन्होंने बेटे से पूछा था कि उसे क्या करना पसंद है। भुवनेश ने कहा था कि उन्हें ड्राइंग करना अच्छा लगता है। इसके बाद परिवार ने उनकी रुचि को समझते हुए इसी क्षेत्र में ट्रेनिंग दिलाई।
    Click here to Read more
    Prev Article
    दिलजीत दोसांझ ने पूछा-मेरे साथ डबल स्टैंडर्ड क्यों:अहमदाबाद शो में बोले-कोल्ड प्ले के ड्रंग एंड हाई से कोई दिक्कत नहीं, तो उनको क्यों रोका
    Next Article
    कार्तिक आर्यन@36, स्ट्रगल के दिनों में 12 लोग थे रूममेट:पहली फीस ₹70 हजार थी, ‘धमाका’ के 10 दिन के शूट के लिए मिले ₹20 करोड़

    Related मनोरंजन Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment