Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    कढ़ी-चावल खाने के बाद अटल-आवासीय स्कूल के 38 छात्र बीमार:ललितपुर में उल्टी-पेट दर्द की शिकायत, मेडिकल कॉलेज में भर्ती; खाने के नमूने जांच के लिए भेजे गए

    15 hours ago

    1

    0

    ललितपुर के ग्राम धोरा स्थित अटल आवासीय विद्यालय में गुरुवार को दोपहर का भोजन करने के कुछ घंटे बाद 38 से अधिक छात्र-छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कढ़ी-चावल खाने के बाद बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत होने लगी। सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन ने सभी छात्रों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही है। प्रशासन ने भोजन के नमूने सुरक्षित कर जांच के लिए भेज दिए हैं। शुरुआती तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। दोपहर में भोजन, शाम तक बिगड़ने लगी तबीयत जानकारी के अनुसार, श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय में गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे छात्रों को कढ़ी-चावल परोसा गया था। भोजन के बाद छात्र अपनी नियमित कक्षाओं में चले गए, लेकिन शाम करीब 6 बजे एक-एक कर कई बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और घबराहट की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमार छात्रों की संख्या बढ़ने लगी, जिसके बाद विद्यालय प्रशासन ने एम्बुलेंस की मदद से सभी को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। अभिभावकों में मची चिंता, अस्पताल पहुंचे परिजन बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। अस्पताल परिसर में देर शाम तक परिजनों की भीड़ लगी रही। बच्चों की हालत को लेकर अभिभावकों में चिंता का माहौल बना रहा। चिकित्सकों ने सभी बच्चों को निगरानी में रखकर उपचार शुरू कर दिया। राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ पहुंचे मेडिकल कॉलेज घटना की जानकारी मिलते ही श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे और भर्ती छात्रों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली और सभी बच्चों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालय के बच्चों की तबीयत भोजन करने के बाद अचानक बिगड़ी है। सभी बच्चों को तत्काल एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज लाकर भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उपचार कर रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि भोजन की गुणवत्ता या व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ये बच्चे मेहनतकश और गरीब परिवारों से आते हैं। प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ऐसे बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। डीएम ने लिया जायजा, जांच के लिए सुरक्षित किए गए खाद्य नमूने जिलाधिकारी सत्य प्रकाश भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और भर्ती छात्रों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों को सभी बच्चों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि भोजन के नमूने सुरक्षित कर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 10 से 12 डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों के अनुसार, फूड पॉइजनिंग की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन अलर्ट हो गया। सीएमएस के निर्देश पर पीडियाट्रिक विभाग की पूरी टीम, डॉ. विशाल सहित अन्य चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, वार्ड बॉय और अन्य कर्मचारियों को तत्काल बुला लिया गया। लंबे समय से बंद पड़े एक वार्ड को भी तत्काल शुरू कर बच्चों को भर्ती किया गया। मेडिकल कालेज के सीएमएस डॉ गजेंद्र सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में करीब 10 से 12 डॉक्टर बच्चों के इलाज में लगे हैं। उनके साथ नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। सभी बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है और कोई भी छात्र गंभीर स्थिति में नहीं है। अधिकांश बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत थी, जिनका उपचार जारी है। चिकित्सकों ने उम्मीद जताई कि शुक्रवार तक अधिकांश बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे। 707 छात्र-छात्रा पढ़ते हैं विद्यालय में ग्राम धोरा स्थित अटल आवासीय विद्यालय ललितपुर मुख्यालय से लगभग 32 किलोमीटर दूर स्थित है। श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित इस विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक के लगभग 707 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। घटना के बाद विद्यालय की भोजन व्यवस्था और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। बच्चों की स्थिति सामान्य अटल आवासीय विद्यालय के बच्चों का हालचाल जानने के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक गुरुवार रात करीब 10 बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने चिकित्सकों से भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉक्टरों ने बताया कि सभी बच्चों की स्थिति सामान्य और स्थिर है। जिलाधिकारी ने बताया कि विद्यालय में कुल 707 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इनमें से 40 बच्चों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिकित्सकों की एक टीम विद्यालय में तैनात की गई है। यह टीम लगातार सभी छात्रों की निगरानी कर रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि यदि स्वास्थ्य में कोई समस्या नहीं रहती है, तो शुक्रवार सुबह भर्ती बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने बताया कि सभी 300 बच्चों की जांच कराई गई, जिनमें 37 बच्चे प्रभावित मिले। सभी बच्चों की हालत सामान्य है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। वहीं, भोजन के नमूने खाद्य सुरक्षा टीम ने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
    Click here to Read more
    Prev Article
    ललितपुर में जमीन विवाद में महिला ने खाया जहर:हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया
    Next Article
    मेरठ में कोचिंग सेंटर में महिला टीचर की मौत:पिता बोले- पार्टनर ने हत्या कर दी, कुछ दिन से रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment