Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    मुख्यमंत्री आज शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना करेंगे लॉन्च:वाराणसी से होगा शुभारंभ, सिद्धार्थनगर में लाइव प्रसारण

    12 hours ago

    1

    0

    सिद्धार्थनगर में प्रदेश सरकार सरकारी शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के लिए बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार सुबह 10 बजे वाराणसी के व्यापार केंद्र से 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' का शुभारंभ करेंगे। इसी कार्यक्रम के साथ डीबीटी वितरण की भी शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण सिद्धार्थनगर की सभी पांच तहसीलों में किया जाएगा। इसके बाद तहसील स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों को योजना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के निर्देशों के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले की नौगढ़, बांसी, इटवा, डुमरियागंज और शोहरतगढ़ तहसीलों में कार्यक्रम स्थलों का चयन कर नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी नामित अधिकारियों को समय पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नौगढ़ तहसील में रघुवर प्रसाद इंटर कॉलेज तेतरी बाजार, बांसी में सरदार पटेल इंटर कॉलेज, इटवा में ब्लॉक सभागार, डुमरियागंज में तहसील मुख्यालय और शोहरतगढ़ में शिवपति इंटर कॉलेज में होगा। इन सभी स्थलों पर बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के बड़ी संख्या में शिक्षक, प्रधानाचार्य, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। प्रत्येक तहसील में एक प्रधानाचार्य और संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को संयुक्त रूप से नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इनकी जिम्मेदारी कार्यक्रम स्थल पर तकनीकी व्यवस्था, बिजली, इंटरनेट, बैठक व्यवस्था और पेयजल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करना है। शिक्षा विभाग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री के संबोधन के तुरंत बाद स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों को योजना के लाभ और इसकी प्रक्रिया से अवगत कराया जाए। प्रदेश सरकार की इस योजना से राज्य के लाखों शिक्षकों को कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। योजना लागू होने के बाद पात्र शिक्षक सूचीबद्ध अस्पतालों में बिना तत्काल भुगतान किए इलाज करा सकेंगे। सरकार का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना और इलाज के दौरान उन पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और खंड शिक्षा अधिकारियों से कार्यक्रम में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि शिक्षक नई योजना की जानकारी प्राप्त कर उसका लाभ उठा सकें।
    Click here to Read more
    Prev Article
    कौशांबी में अज्ञात वाहन की टक्कर से 4 की मौत:पिकअप का टायर बदलते समय हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी
    Next Article
    लखनऊ में दोपहर बाद बदलेगा मौसम:तेज हवा के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment