Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने सरकार पर साधा निशाना:बोलीं, नोटबंदी से गैस सिलेंडर तक लोगों को लाइन में खड़ा किया

    16 hours ago

    1

    0

    मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की सांसद और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव रविवार को जालौन जनपद के उरई पहुंचीं। यहां उन्होंने कठेरिया समाज द्वारा आयोजित चौथे सामूहिक विवाह सम्मेलन में भाग लिया और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए महंगाई, गैस सिलेंडर की किल्लत, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाया। डिंपल यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश की परिस्थितियां सभी के सामने हैं। शादी-ब्याह का समय है और ऐसे समय में गैस सिलेंडर की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, लेकिन आज लोगों को सिलेंडर तक के लिए लंबी-लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार कहती है कि देश में सब कुछ सामान्य है और गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन हकीकत यह है कि लोग गैस सिलेंडर के लिए धक्के खाने को मजबूर हैं। सोशल मीडिया और जमीनी स्तर पर देखने से साफ पता चलता है कि सिलेंडर की भारी किल्लत है और उसके दाम भी लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। सपा सांसद ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब लोगों को इस तरह लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले नोटबंदी के समय जनता घंटों लाइन में खड़ी रही, फिर कोविड काल में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और अब गैस सिलेंडर के लिए लोगों को लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों की समस्याओं को लेकर संवेदनशील नहीं है और आंखें मूंदकर बैठी हुई है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में खाद की कालाबाजारी की शिकायतें सामने आती थीं और किसानों को खाद तक नहीं मिल पाती थी। अब वही स्थिति गैस सिलेंडर को लेकर बन गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई चरम पर है और आम आदमी की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। डिंपल यादव ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर से लेकर पुलिस थानों तक भ्रष्टाचार बढ़ गया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में जमीनों पर कब्जे की घटनाएं भी बढ़ रही हैं और भाजपा से जुड़े लोग इस तरह के कार्यों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा सरकार जाने वाली है, इसलिए ज्यादा से ज्यादा कब्जे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में जालौन सहित पूरे उत्तर प्रदेश में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज ने समाजवादी पार्टी को बड़ी सफलता दिलाई है और आने वाले समय में प्रदेश में पीडीए की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि आज हर समाज अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहा है और भाजपा सरकार के झूठे वादों से लोग परेशान हैं। सांसद ने युवाओं की बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और सरकारी नौकरियां भी नहीं निकल रही हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान दिया और आरक्षण की व्यवस्था दी, लेकिन जब नौकरियां ही नहीं होंगी तो युवाओं को उसका लाभ कैसे मिलेगा। डिंपल यादव ने कहा कि शिक्षा ही सबसे बड़ा हथियार है, लेकिन प्रदेश में प्राथमिक विद्यालयों को बंद किया जा रहा है, जिससे बच्चों की शिक्षा पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को शिक्षा नहीं मिलेगी तो उनका भविष्य कैसे सुरक्षित होगा और उन्हें अपने अधिकार कैसे मिलेंगे। इस अवसर पर उन्होंने कांशीराम जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि कांशीराम जी ने अपने समाज के लिए संघर्ष किया और उन्हें एक नई दिशा दिखाई। समाजवादी पार्टी हमेशा से महापुरुषों का सम्मान करती आई है और आगे भी करती रहेगी। उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा में ब्राह्मण समाज को निशाना बनाए जाने के सवाल पर डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा से जुड़े ब्राह्मण नेताओं को इस मुद्दे पर खुलकर अपनी बात सरकार के सामने रखनी चाहिए। उन्हें उम्मीद है कि सरकार उनकी बात सुनेगी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और कठेरिया समाज के लोग मौजूद रहे।
    Click here to Read more
    Prev Article
    कांशीराम जयंती पर कांग्रेसियों ने त्वचा रोग शिविर लगाया:मेरठ कॉलेज कॉम्प्लेक्स में लगा कैंप, विशेषज्ञों ने फ्री में चेकअप किया
    Next Article
    पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या:किडनैप कर शराब पिलाई, गला दबाकर मार डाला; 4 आरोपी गिरफ्तार

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment