Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    Manila में Quad नेताओं का महामंथन, PM Modi और Donald Trump होंगे शामिल

    9 hours ago

    4

    0

    (सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 16 नवंबर ‘क्वाड’ (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) के सदस्य देशों अमेरिका, भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान के नेताओं की बैठक मंगलवार को फिलीपीन की राजधानी मनीला में दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान) के शिखर सम्मेलन से इतर होगी। अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची शामिल होंगे।क्वाड नेताओं की पिछली बैठक 21 सितंबर, 2024 को अमेरिका के डेलावेयर में हुई थी, जिसकी अध्यक्षता अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडन ने की थी। अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ की सहायक प्रेस सचिव ओलिविया वेल्स ने यहां कहा, ‘‘राष्ट्रपति (ट्रंप) मंगलवार शाम मनीला में क्वाड नेताओं के साथ एक बहुपक्षीय बैठक में भाग लेंगे। इस दौरान हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, समृद्धि और सुरक्षा से जुड़े साझा हितों पर चर्चा की जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में क्वाड ने यह साबित किया है कि वह ठोस कार्रवाई करने वाला साझेदारी समूह है, जो क्षेत्र की सबसे कठिन चुनौतियों से निपटने और एक स्वतंत्र एवं खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुनिश्चित करने के लिए अवसर पैदा करने की दिशा में काम कर रहा है।क्वाड समूह का गठन 2007 में किया गया था, लेकिन चीन के नाराज होने की आशंकाओं के बीच अगले ही साल इसकी गतिविधियां लगभग ठप पड़ गई थीं। ट्रंप ने 2017 में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते आर्थिक, कूटनीतिक और सैन्य प्रभाव को लेकर चिंताओं के मद्देनजर इस समूह को फिर सक्रिय किया। हालांकि, उनके उस कार्यकाल में क्वाड नेताओं का कोई शिखर सम्मेलन नहीं हुआ था।मनीला में होने वाली बैठक अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में ट्रंप के मौजूदा कार्यकाल के दौरान क्वाड नेताओं की पहली बैठक होगी। ट्रंप के 20 जनवरी, 2025 को दूसरी बार राष्ट्रपति पद संभालने के बाद से क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की पांच बार बैठक हो चुकी है। पिछले महीने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने संकेत दिया था कि क्वाड देशों के नेताओं की बैठक मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन से इतर हो सकती है।फिलीपीन 11 सदस्यीय आसियान का वर्तमान अध्यक्ष है और इसी हैसियत से वह शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    अमेजन वनों के रक्षकों की हत्या पर Pope Leo ने मांगा न्याय, अवैध खनन पर जताई चिंता
    Next Article
    Ukraine दौरे पर पहुंचे Prince Harry, घायल पूर्व सैनिकों के पुनर्वास और जज्बे की सराहना की

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment