Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    North Dakota में पहली बार लगी महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा, Peace Park में हुआ अनावरण

    1 day ago

    3

    0

    (योषिता सिंह) न्यूयॉर्क/सिएटल, 30 अक्टूबर अमेरिका के नॉर्थ डकोटा राज्य में पहली बार महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया है, जो भारतीय-अमेरिकी समुदाय की ओर से शांति और अहिंसा के उनके संदेश को बढ़ावा देने के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। नॉर्थ डकोटा की राजधानी बिस्मार्क के डाउनटाउन स्थित पीस पार्क में बृहस्पतिवार को इस प्रतिमा का अनावरण किया गया। भारतीय वाणिज्य दूतावास की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस प्रतिमा को स्थापित करने में सिएटल स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने सहायता की, जबकि नॉर्थ डकोटा के भारतीय-अमेरिकी समुदाय और नॉर्थ डकोटा व्यापार कार्यालय ने तकनीकी सहयोग दिया।प्रतिमा के साथ लगी पट्टिका पर लिखा है, ‘‘भारत के लोगों की ओर से नॉर्थ डकोटा के लोगों के लिए।’’ इस पट्टिका पर महात्मा गांधी का एक कथन भी अंकित है, ‘‘सबसे उत्तम मार्ग यह है कि हम पूरी दुनिया के मित्र बनें और संपूर्ण मानव परिवार को एक मानें।’’ अमेरिका के ऊपरी मिडवेस्ट क्षेत्र के इस राज्य में स्थापित गांधी की यह पहली आदमकद प्रतिमा है। इसका अनावरण महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर अक्टूबर में किया गया। गांधी जयंती दो अक्टूबर को बनायी जाती है।इस दिन को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। सिएटल में भारत के महावाणिज्य दूत प्रकाश गुप्ता ने ‘केएफवाईआर टीवी’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘आज जब दुनिया बहुत बंटी हुई है और दुनियाभर में संघर्ष जारी हैं, ऐसे समय में नॉर्थ डकोटा से गांधीजी के अहिंसा के संदेश का प्रसार होना बेहद महत्वपूर्ण है। यह संदेश न केवल अमेरिका, बल्कि पूरी दुनिया तक पहुंचना चाहिए।यह उस बुनियादी सोच को दर्शाता है, जिसके आधार पर भारत और अमेरिका एक-दूसरे को देखते हैं। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और अमेरिका सबसे पुराना लोकतंत्र।’’ प्रतिमा के अनावरण समारोह में नॉर्थ डकोटा के गवर्नर केली आर्मस्ट्रांग, उनकी पत्नी एवं राज्य की प्रथम महिला केरस्ती आर्मस्ट्रांग, कृषि आयुक्त डग गोहरिंग, बिस्मार्क पार्क्स एंड रिक्रिएशन डिस्ट्रिक्ट के अधिकारियों और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों ने हिस्सा लिया। प्रतिमा का लोकार्पण गवर्नर केली आर्मस्ट्रांग, महावाणिज्य दूत प्रकाश गुप्ता और प्रथम महिला केरस्ती आर्मस्ट्रांग ने किया।समारोह में नॉर्थ डकोटा के स्कूली विद्यार्थियों ने गांधीजी के प्रिय भजनों की संगीतमय प्रस्तुति भी दी। बिस्मार्क के डाउनटाउन में स्थित पीस पार्क का विकास 11 सितंबर के आतंकवादी हमलों के कुछ समय बाद किया गया था। यहां नॉर्थ डकोटा के गांधी पीस नेटवर्क की ओर से स्थापित एक ‘पीस पोल’ (शांति स्तंभ) के साथ कांस्य की अन्य मूर्तियां भी हैं।भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने कहा, ‘‘महात्मा गांधी की प्रतिमा अब पीस पार्क में स्थापित इन अन्य स्मारकों का हिस्सा बन गई है। गांधीजी का जीवन और उनका संदेश आज भी शांति एवं अहिंसा के सार्वभौमिक प्रतीक हैं। इस प्रतिमा से नॉर्थ डकोटा की राजधानी की सार्वजनिक कला विरासत और समृद्ध होगी।’’ विज्ञप्ति के अनुसार, नवंबर 2023 में सिएटल में भारतीय महावाणिज्य दूतावास की स्थापना के बाद से भारत और नॉर्थ डकोटा के बीच संपर्क और सहयोग लगातार बढ़ा है।यह प्रतिमा अमेरिका के प्रशांत उत्तर-पश्चिमी और मिडवेस्ट क्षेत्रों में भारतीय महावाणिज्य दूतावास की पहल के तहत स्थापित की गई गांधीजी की नवीनतम प्रतिमा है। इससे पहले अक्टूबर 2024 में सिएटल स्थित स्पेस नीडल के पास, दिसंबर 2024 में नेब्रास्का की राजधानी लिंकन स्थित स्टेट कैपिटल में और मार्च 2026 में मोंटाना विश्वविद्यालय के मिसौला स्थित मैन्सफील्ड सेंटर में गांधीजी की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। अक्टूबर 2009 में बेलेव्यू पब्लिक लाइब्रेरी में स्थापित प्रतिमा को मिलाकर सिएटल स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अधिकार क्षेत्र में गांधीजी के कुल पांच स्मारक हो गए हैं।इस महावाणिज्य दूतावास के अधिकार क्षेत्र में अलास्का, इडाहो, मोंटाना, नेब्रास्का, नॉर्थ डकोटा, ओरेगन, साउथ डकोटा और वाशिंगटन राज्य आते हैं।
    Click here to Read more
    Prev Article
    Bosnia में EUFOR का Chinook हेलीकॉप्टर क्रैश, चार कर्मियों की मौत
    Next Article
    Cyber Crime Alert: ऑनलाइन फ्रॉड में पैसे गंवाए? घबराएं नहीं, बस तुरंत करें ये काम

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment