Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    Prabhasakshi NewsRoom: Sonia Gandhi ने अपनी Book में जिस बात को 'छिपाया', उसे Rahul Gandhi ने सबके सामने बताया

    3 hours ago

    1

    0

    सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' के विमोचन समारोह में राहुल गांधी ने अपनी मां और पिता राजीव गांधी के रिश्ते से जुड़े ऐसे निजी किस्से सुनाए, जिन्होंने कार्यक्रम को एक भावुक पारिवारिक दास्तान में बदल दिया। राहुल गांधी ने इस मौके पर अपने माता-पिता के प्रेम, उनकी नजदीकियों, छोटी-छोटी आदतों और पारिवारिक जीवन की ऐसी यादें साझा कीं, जिनसे राजीव और सोनिया के रिश्ते का एक बेहद आत्मीय चेहरा सामने आया।हम आपको बता दें कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में अपने जीवन के कई अनकहे पहलुओं को दर्ज किया है, लेकिन विमोचन के मंच पर राहुल ने कुछ ऐसे किस्से सुनाए जो किताब के पन्नों से आगे बढ़कर उस निजी दुनिया की झलक देते हैं, जिसे गांधी परिवार ने हमेशा सार्वजनिक चर्चा से दूर रखा।इसे भी पढ़ें: Sonia Gandhi की आत्मकथा को BJP ने बताया कांग्रेस का आत्मघाती कदमराजीव की गोदी में बैठकर खाना खाती थीं सोनियाराहुल गांधी ने अपने बचपन की सबसे दिलचस्प याद साझा करते हुए बताया कि उनके घर में खाने की मेज पर एक बेहद खास नजारा लगभग हर दिन दिखाई देता था। उनके पिता राजीव गांधी बैठते थे और उनकी मां सोनिया गांधी उनकी गोद में बैठकर खाना खाती थीं। राहुल ने कहा कि बचपन में उन्हें यह बिल्कुल सामान्य लगता था। उनके लिए माता-पिता का इस तरह साथ बैठना प्रेम और अपनापन जताने का रोजमर्रा का तरीका था। लेकिन जब वह अपने दोस्तों के घर जाते थे तो वहां ऐसा नजारा नहीं दिखता था। एक बार उन्होंने अपने दोस्त से मासूमियत में पूछ लिया कि तुम्हारी मां तुम्हारे पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं? राहुल के इस खुलासे पर कार्यक्रम में मौजूद लोग हंस पड़े। लेकिन इस एक किस्से ने राजीव और सोनिया के रिश्ते की गहराई को जिस तरह सामने रखा, वह समारोह की सबसे चर्चित यादों में शामिल हो गया।कैम्ब्रिज के एक रेस्तरां में शुरू हुई थी प्रेम कहानीहम आपको बता दें कि राजीव गांधी और सोनिया गांधी की प्रेम कहानी का शुरुआती अध्याय ब्रिटेन के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से जुड़ा है। दोनों की मुलाकात वहीं हुई थी। उस समय राजीव पढ़ाई कर रहे थे और सोनिया भी कैम्ब्रिज में थीं। मुलाकात धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम में बदल गई। बाद में दोनों ने विवाह किया और सोनिया गांधी भारत आ गईं। राहुल ने समारोह में इस प्रेम कहानी से जुड़ा एक और दिलचस्प किस्सा सुनाया। उन्होंने कैम्ब्रिज के उस रेस्तरां का जिक्र किया, जहां उनके माता-पिता पहली बार मिले थे। इस रेस्तरां का नाम 'Varsity Restaurant' है।राहुल ने बताया कि माता-पिता की मुलाकात की कहानी सुनने के बाद वह भी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उस रेस्तरां में पहुंचे थे। वहां उन्होंने रेस्तरां के कर्मचारी को बताया कि उनके माता-पिता की पहली मुलाकात इसी जगह हुई थी। कर्मचारी ने तुरंत उन्हें पहचान लिया कि वे किन लोगों की बात कर रहे हैं और उन्हें चिकन चासूर (Chicken Chasseur) खाने की सलाह दी। राहुल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके माता-पिता को वहां का खाना बहुत शानदार लगता था, लेकिन जब उन्होंने खुद खाया तो उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आया। उन्होंने हंसते हुए कहा कि अगर किसी को प्यार करना है तो कैम्ब्रिज के इस रेस्तरां में जाए, लेकिन चिकन चासूर कभी न खाए।इंडिया गेट पर आइसक्रीम खाने जाते थे राजीव और सोनियासाथ ही राजीव और सोनिया के रिश्ते की एक और खूबसूरत तस्वीर इंडिया गेट से जुड़ी है। सोनिया गांधी ने अपनी किताब और कार्यक्रम में अपने शुरुआती वैवाहिक जीवन की यादें साझा करते हुए बताया कि वह और राजीव गांधी इंडिया गेट पर आइसक्रीम खाने जाया करते थे। वहां आइसक्रीम बेचने वाले एक सरदारजी से उनकी खास पहचान हो गई थी और सोनिया की पसंदीदा आइसक्रीम भी तय थी। यह वह दौर था जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री पद या राजनीति की जिम्मेदारियों के बजाय एक पति और परिवार के सदस्य के रूप में अपनी जिंदगी जी रहे थे। दोनों के बीच सामान्य घरेलू जीवन के ऐसे छोटे-छोटे पल उनके रिश्ते की आत्मीयता को दिखाते हैं।सिर्फ एक बार माता-पिता को झगड़ते देखा था राहुल नेराहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते से जुड़ा एक और दुर्लभ किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि उन्होंने और प्रियंका गांधी ने अपने माता-पिता को कई बार बहस करते देखा था, लेकिन एक बार ही ऐसा हुआ जब दोनों के बीच वास्तव में झगड़ा हुआ। यह घटना उस समय की है जब राजीव गांधी फोन पर पंजाब के तत्कालीन नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे। सोनिया गांधी उनसे कुछ कहना चाह रही थीं। उन्होंने कई बार राजीव का ध्यान अपनी तरफ खींचने की कोशिश की, लेकिन फोन पर बातचीत में व्यस्त होने के कारण राजीव उनकी बात नहीं सुन पाए। सोनिया ने तीन-चार बार अपनी बात दोहराई और आखिरकार राजीव तनाव में आ गए। राहुल ने इसे याद करते हुए कहा कि पापा तनाव में आ गए थे और वही झगड़ा था। इस किस्से की खास बात यह थी कि राहुल ने इसे किसी बड़े विवाद के रूप में नहीं, बल्कि पति-पत्नी के बीच होने वाली एक छोटी-सी घरेलू घटना के रूप में सुनाया।राजीव के जाने के बाद बदल गईं सोनिया गांधीराहुल गांधी ने अपने संबोधन में उस दर्द का भी जिक्र किया जिसने उनके परिवार की पूरी दुनिया बदल दी। उन्होंने बताया कि पहले इंदिरा गांधी की हत्या हुई और फिर 1991 में राजीव गांधी की हत्या ने परिवार को भीतर तक तोड़ दिया। राहुल के मुताबिक, उनकी मां पहले बेहद खुशमिजाज और मुस्कुराने वाली महिला थीं। लेकिन राजीव गांधी की हत्या के बाद उनकी जिंदगी की रौनक जैसे चली गई। राहुल ने भावुक होकर कहा कि उनकी मां के जीवन की लौ बुझ गई थी।राहुल गांधी ने कहा कि राजीव गांधी की हत्या के बाद सोनिया गांधी के लिए जिंदगी पहले जैसी नहीं रही। जिस व्यक्ति के साथ उन्होंने अपना पूरा जीवन बिताने का सपना देखा था, वह अचानक उनसे हमेशा के लिए दूर हो गया था। राहुल ने अपने माता-पिता के रिश्ते को याद करते हुए कहा कि सोनिया अपने पिता से जुड़ी थीं और उनके पिता सोनिया से। फिर उनके पिता अचानक चले गए।कार्यक्रम के अंत में राहुल गांधी ने अपनी मां के प्रति भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पिता राजीव गांधी सोनिया से बहुत प्यार करते थे। लेकिन आज अगर वह जीवित होते तो सोनिया गांधी पर कितना गर्व करते, इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने अपनी मां को संबोधित करते हुए कहा कि मम्मी, पापा आपसे बहुत प्यार करते थे, लेकिन मैं आपको बता भी नहीं सकता कि उन्हें आप पर कितना गर्व होता।हम आपको बता दें कि सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' का विमोचन 16 नवंबर को नई दिल्ली में हुआ। इसमें उनके इटली के बचपन, कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात, विवाह, भारत में शुरुआती जीवन और गांधी परिवार के साथ उनके सफर का विवरण है। सोनिया ने कार्यक्रम में कहा कि उनके परिवार के बारे में बहुत-सी ऐसी कहानियां गढ़ी गईं, जो वास्तविकता से दूर थीं। अपनी भावनाओं और अपने अनुभवों को सामने लाने के लिए उन्होंने यह किताब लिखी।बहरहाल, सोनिया गांधी की किताब के विमोचन पर राहुल गांधी ने अपने माता-पिता की प्रेम कहानी के उन घरेलू और निजी पहलुओं को सामने रखा, जो किसी राजनीतिक भाषण का हिस्सा नहीं होते। राजीव की गोद में बैठकर खाना खाने वाली सोनिया, कैम्ब्रिज के रेस्तरां में शुरू हुआ प्यार, इंडिया गेट पर आइसक्रीम की मुलाकातें और एक-दूसरे के साथ बिताए गए अनगिनत पल, इन यादों ने राजीव और सोनिया की जिंदगी की एक ऐसी तस्वीर पेश की, जिसमें राजनीति से कहीं अधिक जगह प्रेम और परिवार की थी।
    Click here to Read more
    Prev Article
    चोरी की गई कलाकृतियां तलाशने के लिए Culture Ministry बनाएगा Visual Library
    Next Article
    Ballia में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद आरोपी सिपाही पति, सास और ससुर जेल भेजे गए

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment