Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    राजनाथ बोले- प्रिवेंटिव हेल्थ केयर से घटेगा अस्पतालों का बोझ:नोएडा में इंटीग्रेटेड डायग्नोस्टिक सेंटर का उद्घाटन, AI-MRI और 160-स्लाइस CT की सुविधा

    7 hours ago

    1

    0

    केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को नोएडा पहुंचे। उन्होंने सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र सभागार में महाजन इमेजिंग एंड लैब्स के नए इंटीग्रेटेड डायग्नोस्टिक सेंटर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में नोएडा सांसद डॉ. महेश शर्मा और लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज भी मौजूद रहीं। उद्घाटन अवसर पर राजनाथ सिंह ने कहा कि मेडिकल तकनीक ने पिछले कुछ वर्षों में तेजी से प्रगति की है। पहले जिन बीमारियों का पता लगाना मुश्किल होता था, अब आधुनिक जांच तकनीकों के माध्यम से उनकी पहचान जल्द और अधिक सटीक तरीके से संभव हो रही है। अच्छी जांच व्यवस्था का उद्देश्य केवल बीमारी का पता लगाना नहीं, बल्कि मरीज को अनावश्यक जांच और गलत निदान से बचाना भी होना चाहिए। आधुनिक जांच सुविधाएं बीमारी की सही पहचान करेंगी आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था में एकीकृत दृष्टिकोण समय की जरूरत है। रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और अन्य जांच सुविधाएं एक ही केंद्र पर उपलब्ध होने से मरीज को बार-बार अलग-अलग स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे डॉक्टरों को भी विभिन्न जांच रिपोर्ट एक साथ मिलने के कारण उपचार संबंधी निर्णय लेने में आसानी होती है। उन्होंने मेडिकल साइंस और रक्षा क्षेत्र के बीच पुराने और महत्वपूर्ण संबंध का भी जिक्र किया। राजनाथ सिंह ने बताया कि रेडियोलॉजी जैसी तकनीकों का विकास और उनका इस्तेमाल सैन्य क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण रहा है। अल्ट्रासोनोग्राफी जैसी तकनीकों का उपयोग सैनिकों की चिकित्सा जांच और युद्धक्षेत्र में घायल जवानों की स्थिति का आकलन करने में किया गया है। उन्होंने कहा कि सैन्य क्षेत्र में मजबूत चिकित्सा व्यवस्था बेहद जरूरी है और भविष्य में मेडिकल विज्ञान को नई तकनीकों के साथ लगातार जोड़ना होगा। उन्होंने कहा कई बार डॉक्टर मरीज के लक्षणों को ठीक से समझ नहीं पाते। खासकर बुजुर्ग और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीज अपनी समस्या स्पष्ट रूप से नहीं बता पाते। ऐसे में आधुनिक जांच सुविधाएं बीमारी की सही पहचान करने में मदद करती है। गलती से बिस्कुट कैसे खाया जाता है मेडिकल जांच से जुड़े अनुभवों का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कई बार डॉक्टर मरीज को एमआरआई कराने की सलाह देते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि डॉक्टर के एमआरआई कराने की बात कहने पर मरीज तुरंत तैयार हो जाता है। इसके बाद डॉक्टर कहते हैं कि अगर आपको क्लॉस्ट्रोफोबिया होता, तो आप एमआरआई के लिए हां ही नहीं कहते। राजनाथ ने मेडिकल टेस्ट से पहले फास्टिंग के दौरान मरीजों के सवालों का भी मजेदार अंदाज में जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मरीज पहले पूछता है कि फास्टिंग में पानी पी सकते हैं या नहीं। डॉक्टर के हां कहने के बाद वह आधा कप चाय और फिर गलती से एक-दो बिस्कुट खाने की अनुमति भी पूछने लगता है। अब बेचारे डॉक्टर साहब कंफ्यूजन में आ जाते हैं कि गलती से बिस्कुट कैसे खाया जाता है। साथियों, आज मेडिकल टेक्नोलॉजी ने बहुत प्रोग्रेस की है। 75 जिलों में निःशुल्क डायलिसिस सुविधा रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास देश की बड़ी आबादी को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना है। आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से करीब 45 करोड़ लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बनी है। उत्तर प्रदेश में भी पिछले 10 वर्षों में करीब पांच करोड़ लोग स्वास्थ्य सुरक्षा के दायरे में आए हैं और करीब 80 लाख लोगों को इसका लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में आधारभूत ढांचे का विस्तार हुआ है। उत्तर प्रदेश में जहां वर्ष 2017 में करीब 12 सरकारी मेडिकल कॉलेज थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर करीब 45 हो गई है। मेडिकल शिक्षा के विस्तार के साथ डॉक्टरों की उपलब्धता और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं पर भी जोर दिया जा रहा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि डायलिसिस जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का विस्तार भी किया गया है। प्रदेश के करीब 75 जिलों में निःशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, बेहतर जांच सुविधाओं और मजबूत स्वास्थ्य ढांचे के जरिए देश को ऐसी व्यवस्था की ओर बढ़ना होगा, जिसमें मरीज को समय पर सही जांच और उपचार मिल सके। भविष्य में अस्पतालों का बोझ घटाएगी प्रिवेंटिव हेल्थ केयर भारत आज युवा आबादी वाला देश है, लेकिन आने वाले दशकों में आबादी की उम्र बढ़ेगी। वर्ष 2050 तक बुजुर्गों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में भविष्य में अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ेगा। इससे निपटने के लिए बीमारी होने के बाद इलाज कराने के बजाय बीमारी से पहले उसकी रोकथाम को प्राथमिकता देना जरूरी है। प्रिवेंटिव हेल्थ केयर न केवल बीमारी की समय रहते पहचान में मदद करती है, बल्कि इलाज की तुलना में अधिक सस्ती भी होती है। नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर निदान और जीवनशैली में सुधार को आम लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बनाकर इसे स्वास्थ्य व्यवस्था का नया सामान्य बनाया जा सकता है। राजनाथ सिंह ने कहा कि स्वस्थ भारत का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है। स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों—सरकारी संस्थानों, निजी क्षेत्र, चिकित्सकों, जांच केंद्रों और आम लोगों—को मिलकर काम करना होगा। सामूहिक प्रयासों से ही देश को स्वस्थ और सशक्त बनाया जा सकता है। स्वस्थ भारत ही सशक्त भारत की नींव बनेगा। यूपी में कंपनी के विस्तार की शुरुआत नोएडा से महाजन इमेजिंग एंड लैब्स दिल्ली और हरियाणा के बाद उत्तर प्रदेश में अपने विस्तार की शुरुआत नोएडा से कर रही है। नोएडा में खुला यह केंद्र उत्तर प्रदेश में कंपनी का पहला केंद्र है। यहां रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी, जीनोमिक्स और व्यक्तिगत स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। कंपनी का दावा है कि इससे मरीजों को अलग-अलग जांचों के लिए कई जगह जाने की जरूरत कम होगी। 3.0 टेस्ला एमआरआई और 160-स्लाइस सीटी स्कैनर की सुविधा नए केंद्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित अल्ट्रा-फास्ट 3.0 टेस्ला एमआरआई और 160-स्लाइस सीटी स्कैनर जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कंपनी के मुताबिक, एक ही छत के नीचे अत्याधुनिक जांच सुविधाएं मिलने से नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल सकेगी। कार्यक्रम में महाजन इमेजिंग एंड लैब्स के संस्थापक एवं अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. हर्ष महाजन, सह-संस्थापक एवं कार्यकारी निदेशक रितु महाजन, लैब निदेशक डॉ. शेली महाजन और मुख्य परिचालन अधिकारी कबीर महाजन भी मौजूद रहे।
    Click here to Read more
    Prev Article
    बिजनौर में गौकशी का वांछित आरोपी गिरफ्तार:पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल, अस्पताल में भर्ती
    Next Article
    औरैया में स्कार्पियो-बाइक की आमने-सामने टक्कर:बिजली विभाग कर्मी की इलाज के दौरान मौत

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment