Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    सभ्यतागत संवाद ने दुनिया के विचारों को बदला, SCO मंच पर बोले PM Modi

    41 minutes from now

    1

    0

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत में सभ्यतागत संबंधों पर संवाद के महत्व पर जोर देते हुए शुक्रवार को कहा कि ऐसे समय में जब वैश्विक चर्चाओं में ‘‘युद्ध और अशांति’’ का बोलबाला है, सांस्कृतिक संबंध विश्व शांति की ‘‘सबसे मजबूत गारंटी’’ हैं। दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के पहले सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि संगठन के सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग से इन संबंधों को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने मंच पर कहा, ‘‘साम्राज्यों ने निश्चित रूप से दुनिया के नक्शे बदले हैं, लेकिन सभ्यतागत संवादों ने दुनिया के विचारों को बदला है और उन्हें समृद्ध किया है।’’ इस आयोजन में पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक सहित एससीओ के विभिन्न सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन से पहले प्रतिनिधियों के सामने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ विषय पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इसमें भारत के अन्य देशों के साथ सभ्यतागत संबंधों को दर्शाया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया में अंतरराष्ट्रीय सहयोग और लोगों के बीच आपसी संबंधों को लेकर काफी चर्चा हो रही है, जबकि यह एक ऐसा दृष्टिकोण है, जिसे हमारे पूर्वजों ने सदियों तक संजोकर रखा और आगे बढ़ाया।मोदी ने कहा कि लगभग 5,000 साल पहले सिंधु घाटी सभ्यता और मेसोपोटामिया के बीच व्यापारिक संबंध थे, जबकि बाद में अन्य व्यापारिक मार्गों ने संपर्क के इस नेटवर्क का विस्तार किया। उन्होंने कहा, “भारत, चीन, मध्य एशिया और यूरेशिया के कई क्षेत्र इन प्राचीन व्यापार नेटवर्कों के जरिये जुड़े हुए थे। व्यापारियों के साथ-साथ विद्वान और बौद्ध भिक्षु भी इन रास्तों से यात्रा करते थे।इन यात्राओं के कारण विचारों, भाषाओं और परंपराओं का आदान-प्रदान हुआ।” मोदी ने कहा कि 21वीं सदी की प्रौद्योगिकी ने दुनिया भर में सांस्कृतिक जुड़ाव के लिए नयी संभावनाएं पैदा की हैं और जिन जगहों तक पहुंचने के लिए कभी हमारे पूर्वजों को महीनों तक यात्रा करनी पड़ती थी, अब उन्हीं देशों के लोग कुछ ही सेकंड में एक-दूसरे से जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा, “डिजिटल मंचों ने ज्ञान बांटने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को पहले से कहीं ज्यादा आसान बना दिया है। एससीओ के सदस्य देशों को इन नयी संभावनाओं का भरपूर लाभ उठाना चाहिए।” मोदी ने कहा कि देशों में मौजूद संग्रहालय, पुस्तकालय और अभिलेखागार हजारों साल की अमूल्य विरासत को संजोकर रखते हैं।उन्होंने कहा कि प्राचीन पांडुलिपियां, दुर्लभ ग्रंथ, ऐतिहासिक दस्तावेज और कलाकृतियां आपसी जुड़ाव के कई पहलुओं को उजागर करती हैं। मोदी ने कहा, “आज प्रौद्योगिकी इस विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए बेहतरीन अवसर प्रदान करती है।” उन्होंने कहा कि एससीओ ने कुछ महीने पहले ही अपनी स्थापना के 25 साल पूरे किए हैं और पिछले कुछ वर्षों में इसने सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और संपर्क के क्षेत्रों में सहयोग काफी बढ़ाया है। मोदी ने कहा, “सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग इन संबंधों को और मजबूत कर सकता है।मुझे पूरा भरोसा है कि इस मंच से नये विचार सामने आएंगे और सांस्कृतिक सहयोग के नये अवसर पैदा होंगे।” उन्होंने कहा, “हमारे साझा सभ्यतागत अनुभव दुनिया को एकजुट करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।” मोदी ने मंच के आयोजन स्थल (पुराना किला) का जिक्र करते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक किला भारत की सांस्कृतिक विरासत का एक असाधारण हिस्सा है और इसका इतिहास उतना ही दिलचस्प है, जितनी कि इससे जुड़ी रोचक कहानियां। उन्होंने कहा कि विद्वानों के अनुसार, इस किले का इतिहास हजारों साल पुराना है और इसका संबंध महाभारत काल से है। मोदी ने कहा, “इतनी प्राचीन जगह पर शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं, वैदिक मंत्रों का ओजपूर्ण उच्चारण हुआ, बौद्ध दर्शन पर कार्यक्रम पेश किए गए और भगवान हनुमान की यात्रा को दर्शाया गया... इन प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई और साथ ही मानवता के लिए प्रेम तथा एकता का संदेश दिया।” उन्होंने कहा, “ये भावनाएं, ये विचार और ये शिक्षाएं जितनी प्राचीन हैं, उतनी ही सार्वभौमिक भी हैं।भू-राजनीतिक सीमाओं से परे ये स्वाभाविक रूप से हमें एक-दूसरे से जोड़ती हैं। यही इस शिखर सम्मेलन का उद्देश्य है और समय की मांग भी है।” भारत पुराना किला परिसर में तीन दिवसीय सभ्यतागत संवाद मंच का आयोजन कर रहा है। इसमें शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के विभिन्न सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक शामिल हैं।उद्घाटन समारोह से पहले मोदी ने ‘महाभारत स्क्रॉल मंडप-अनंत : 18वीं सदी की दुर्लभ महाभारत पांडुलिपि’ शीर्षक वाली प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसमें एक सचित्र ‘स्क्रॉल’ (पट्टिका) प्रदर्शित किया गया था, जो भारत की समृद्ध महाकाव्य और कलात्मक परंपराओं को दर्शाता है। इसके बाद प्रधानमंत्री ने ‘अस्तित्व-हमारे अस्तित्व का सार’ शीर्षक वाली प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जो 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्यों के जरिये दिल्ली के इतिहास की एक विस्तृत झलक पेश करती है।इसमें खुदाई के दौरान मिले अवशेष, कलाकृतियां, वास्तुकला के टुकड़े और अन्य महत्वपूर्ण खोजें शामिल हैं। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय पुराना किला परिसर में तीन दिवसीय सभ्यतागत संवाद मंच की मेजबानी कर रहे हैं। एससीओ की स्थापना 2001 में शंघाई में हुए एक शिखर सम्मेलन में रूस, चीन, किर्गिज गणराज्य, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपतियों ने की थी।2017 में भारत और पाकिस्तान एससीओ के स्थायी सदस्य बने। 2023 में ईरान इस समूह में शामिल हुआ। तीन दिवसीय मंच विद्वानों, शिक्षाविदों, विशेषज्ञों और सांस्कृतिक प्रतिनिधियों को एक साथ लाएगा, ताकि वे “एससीओ देशों की साझा सभ्यतागत विरासत” पर चर्चा कर सकें।
    Click here to Read more
    Prev Article
    MP के पन्ना में ऑटो चालक की चमकी किस्मत, खदान से मिला 3.17 कैरेट का बेशकीमती Diamond
    Next Article
    Bihar Legislative Council में 50 नियुक्तियां रद्द, Jan Suraaj ने EOU और ED जांच मांगी

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment