Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    धनघटा विधायक बोले- स्टेडियम और सड़कें बनवाई:गणेश चौहान पुराने दिन याद कर भावुक हुए, बोले- भाजपा ने सफाईकर्मी को विधायक बनाया, पार्टी ही मेरी मां

    2 hours ago

    1

    0

    संतकबीरनगर जिले की धनघटा विधानसभा सीट से विधायक गणेश चौहान कभी सफाईकर्मी हुआ करते थे। उनका कहना है- मैंने विधायक बनने के बाद चार साल के कार्यकाल में सड़कों के सुधार, बाढ़ नियंत्रण और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जमकर काम किया। उनका कहना है कि जनता के भरोसे पर खरा उतरना ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने अधूरे पड़े शिवबखरी अस्पताल को अपनी प्राथमिकता बताया। दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने विधायक से खास बातचीत की। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: अपने 4 साल के कार्यकाल को 10 में से कितने नंबर देंगे? जवाब: नंबर देना जनता का काम है। पिछले चार साल में मैं लगातार जनता के बीच रहा हूं। उनके सुख-दुख में शामिल हुआ हूं। किसान, नौजवान, भाई-बहनों—सभी के साथ खड़ा रहा हूं। जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे चुना, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश की है। सवाल: आपके कार्यकाल का सबसे बड़ा काम क्या रहा? जवाब: धनघटा क्षेत्र में पहले सड़कों की स्थिति बहुत खराब थी। सबसे बड़ा बदलाव सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का हुआ है। विश्वनाथपुर-महुली, महुली-पौली, हरिहरपुर-शिवबखरी, महुली-हरदी और लोहरैया-औराडाड़ जैसे कई मार्गों को सुधारा गया। इससे क्षेत्र की रफ्तार बढ़ी है। साथ ही, सिरसी में स्टेडियम बनवाकर युवाओं को बेहतर अवसर देने का काम किया गया है। मैंने सड़क से लेकर सदन और जिलाधिकारी कार्यालय तक हर समस्या को उठाया और उसके समाधान का प्रयास किया। सवाल: कौन सा काम अभी तक पूरा नहीं हो पाया? जवाब: शिवबखरी चिकित्सालय सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसका निर्माण 2013 में शुरू हुआ था, लेकिन भ्रष्टाचार की वजह से अधूरा रह गया। दोबारा बजट आने के बाद भी काम नहीं हुआ। अब मैंने खुद निर्माण निगम के अधिकारियों से बात की है। अगर जरूरत पड़ी तो अपनी निधि और मेहनत से भी इसे पूरा कराऊंगा। फिलहाल टेंडर प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही अस्पताल बनकर तैयार होगा। सवाल: क्या इस बार फिर आप टिकट के दावेदार होंगे? जवाब: भारतीय जनता पार्टी मेरी मां है। पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है। मुझे पूरा विश्वास है कि पार्टी मुझ पर भरोसा करेगी। अंतिम निर्णय शीर्ष नेतृत्व का होगा। सवाल: क्या इस बार भी पार्टी आपको टिकट देगी? जवाब: जैसा मैंने कहा, मुझे पार्टी पर पूरा विश्वास है। जो भी निर्णय होगा, वह संगठन के हित में होगा। सवाल: आपका क्षेत्र बाढ़ प्रभावित है, इस पर क्या काम हुआ? जवाब: विधायक बनने के बाद मैंने जल शक्ति और सिंचाई मंत्री को स्थिति से अवगत कराया। पायलट प्रोजेक्ट के तहत बंधों की मरम्मत कराई गई। इसका परिणाम यह रहा कि इस बार क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति नहीं बनी। आगे भी इस दिशा में काम जारी रहेगा। सवाल: आप पहले सफाई कर्मी थे, उस वर्ग के लिए क्या कर रहे हैं? जवाब: मैं खुद सफाई कर्मचारी रहा हूं और उनके मुद्दों को भली-भांति समझता हूं। उनके लिए संघर्ष भी किया, मुकदमे झेले और जेल भी गया। आज सदन में उनके स्थायीकरण, सेवा नियमावली और पदोन्नति जैसे मुद्दे उठाता हूं। मुझे विश्वास है कि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान होगा। सवाल: आने वाले एक साल में आपकी प्राथमिकताएं क्या हैं? जवाब: आने वाले समय में लोहरैया थाना और दो नए नगर पंचायत बनाने की योजना है, ताकि क्षेत्र का विकास और तेज हो सके। सवाल: क्या आपने कभी सोचा था कि विधायक बनेंगे? जवाब: भारतीय जनता पार्टी जमीनी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का काम करती है। मैं एक साधारण परिवार से आता हूं, मेरे पिता राजगीर थे। सफाई कर्मी जैसे वर्ग को समाज में अक्सर नजरअंदाज किया जाता है, लेकिन मुझे गर्व है कि पार्टी ने मुझे इस मुकाम तक पहुंचाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरे आदर्श हैं। उन्होंने सफाई कर्मियों को सम्मान देकर पूरे देश को संदेश दिया। उनके नेतृत्व में काम करना मेरे लिए गर्व की बात है। इस दौरान विधायक भावुक हो गए।
    Click here to Read more
    Prev Article
    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने हाथरस में मनाया वर्ष प्रतिपदा उत्सव:संस्थापक डॉ. हेडगेवार का जन्मोत्सव भी मनाया, राष्ट्र निर्माण पर जोर
    Next Article
    गोरखपुर से मुंबई जाने वालों को मिलेगी राहत:अब रेगुलर चलेगी दादर-गोरखपुर ट्रेन, किराया भी होगा कम

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment